डिजिटल गांव, सशक्त भारत: सीएससी दिवस पर मुख्यमंत्री ने बताया डिजिटल क्रांति का विजन
Go Back |
Yugvarta
, Jul 11, 2025 06:08 PM 0 Comments
0 times
0
times
Dehradun :
देहरादून, 11 जुलाई 2025 : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को देहरादून स्थित आईआरडीटी ऑडिटोरियम, सर्वे चौक में आयोजित सीएससी (कॉमन सर्विस सेंटर) दिवस-2025 कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने सीएससी के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले संचालकों को वीएलई पुरस्कार से सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सीएससी आज देशभर में बदलाव का प्रतीक बन चुका है। यह न केवल आमजन के विश्वास का केंद्र है, बल्कि उनकी आकांक्षाओं को भी पूरा कर रहा है। सीएससी के माध्यम से शहरों की डिजिटल सेवाएं अब एक क्लिक में गांव-गांव तक पहुंच रही हैं और देश की ग्राम पंचायतें डिजिटल पंचायतों में परिवर्तित हो रही हैं। विशेष रूप से उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्य में सीएससी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि ग्राम स्तर पर सीएससी संचालक लोगों का जीवन आसान बना रहे हैं और गांव के भविष्य को संवारने में जुटे हैं। सीएससी ने न केवल सेवाओं को घर-घर तक पहुंचाया है, बल्कि रोजगार के अवसर भी उपलब्ध कराए हैं। उत्तराखंड में वर्तमान में 13 हजार से अधिक सीएससी संचालित हैं, जिनके माध्यम से यूसीसी पंजीकरण, प्रमाण पत्रों की उपलब्धता, डिजिटल ट्रांजेक्शन जैसी अनेक सेवाएं दी जा रही हैं। राज्य में साइंस बेस्ड नॉलेज इकोनॉमी को भी लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के डिजिटल इंडिया संकल्प को आज साकार रूप मिलता दिख रहा है। यह डिजिटल क्रांति सरकार की स्पष्ट नीति और ईमानदार नियत का परिणाम है। भारत दुनिया में सबसे अधिक डिजिटल ट्रांजेक्शन करने वाला देश बन गया है। अब देश की छोटी-छोटी दुकानों तक में डिजिटल पेमेंट हो रहा है।
उन्होंने कहा कि डिजिटल इंडिया अभियान के तहत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, क्लाउड कम्प्यूटिंग जैसी आधुनिक तकनीकों को बढ़ावा मिल रहा है। राज्य सरकार भी डिजिटल और नवाचार को पूरी ताकत से आगे बढ़ा रही है। सरकारी सेवाओं को ई-गवर्नेंस के माध्यम से ऑनलाइन कर लोगों के लिए सरल बनाया गया है। पर्यटन क्षेत्र में ई-टूरिज्म के जरिए ऑनलाइन बुकिंग को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसके साथ ही मौसम पूर्वानुमान और जलवायु परिवर्तन जैसे क्षेत्रों में डेटा एनालिटिक्स और सैटेलाइट इमेजरी का उपयोग हो रहा है।
इस अवसर पर विधायक खजान दास, उमेश शर्मा काऊ, भगवान पाटिल, कृष्ण कुमार सिंह, अश्विनी कुमार समेत अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।