रामनवमी पर श्रद्धा का सैलाब: यूपी के देवालयों में उमड़ा जनसागर, सीएम योगी ने स्वयं लिया व्यवस्थाओं का जायजा
Go Back |
Yugvarta
, Apr 06, 2025 05:57 PM 0 Comments
0 times
0
times
Lucknow :
लखनऊ, 6 अप्रैल । चैत्र नवरात्रि और रामनवमी के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश के प्रमुख मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। प्रदेश भर के देवालयों में आस्था का अभूतपूर्व सैलाब देखने को मिला।
विंध्यवासिनी धाम में नवरात्रि के नौ दिनों में 35 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन किए, जबकि बलरामपुर के तुलसीपुर स्थित मां पाटेश्वरी मंदिर में 12 लाख से अधिक भक्तों ने शीश नवाया।
रामनगरी अयोध्या में भी श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा और 9 दिनों में 24 लाख से अधिक दर्शनार्थियों ने रामलला के दर्शन किए। वहीं, रामनवमी के दिन काशी विश्वनाथ धाम में डेढ़ लाख से अधिक भक्तों ने भोलेनाथ के दर्शन किए। गोरखपुर के विभिन्न मंदिरों में भी डेढ़ लाख श्रद्धालु पहुंचे।
सहारनपुर स्थित मां शाकुम्भरी देवी मंदिर में भी रामनवमी के दिन डेढ़ लाख से अधिक भक्तों ने पूजा-अर्चना की, जबकि नैमिषारण्य में एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने माथा टेका।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर स्थानीय प्रशासन ने सभी स्थलों पर मूलभूत सुविधाओं की पुख्ता व्यवस्था की। सिटी बस, ई-कार्ट, शुद्ध पेयजल, छाजन सहित अन्य इंतज़ामों के चलते श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हुई।
रामनवमी पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मां पाटेश्वरी, काशी विश्वनाथ धाम और काल भैरव के दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। साथ ही, गोरक्षपीठाधीश्वर के रूप में गोरखनाथ मंदिर में कन्या पूजन कर परंपरा का निर्वहन किया।