धामी ने किया 38वें राष्ट्रीय खेलों में कुश्ती व हॉकी प्रतियोगिता का शुभारंभ
Go Back |
Yugvarta
, Feb 12, 2025 07:38 PM 0 Comments
0 times
0
times
Dehradun :
देहरादून, 12 फरवरी : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को वन्दना कटारिया स्पोर्ट्स स्टेडियम पहुंचकर 38वें राष्ट्रीय खेलों के अंतर्गत आयोजित कुश्ती तथा हॉकी प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी हम सभी के लिए बड़ा अवसर है। उत्तराखंड के सभी लोगों की तरफ से देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बहुत धन्यवाद करते हैं, जिन्होंने हमें मेजबानी का अवसर दिया है। उन्होंने कहा कि नेशनल गेम्स के सभी आयोजन बहुत अच्छे हो रहे हैं। अन्य प्रदेशों के जो खिलाड़ी आए हैं, वे भी देवभूमि से एक अच्छा अनुभव लेकर जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में अच्छी खेल सुविधाएं विकसित हुई हैं और खिलाड़ियों ने भी बेहतरीन प्रदर्शन कर राज्य का मान-सम्मान बढ़ाया है। पदक तालिका में भी हम टॉप-10 में शामिल हैं, जबकि गोवा में आयोजित 37वें राष्ट्रीय खेलों में हम 25वें स्थान पर थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 38वें राष्ट्रीय खेलों में राज्य को बड़ी उपलब्धि मिल रही है। अब हमारी देवभूमि खेल भूमि के रूप में स्थापित होगी। यहां के खिलाड़ी खेलों के क्षेत्र में अपना भविष्य बनाना चाहते हैं, ऐसे खिलाड़ियों को उचित अवसर और मंच मिलेगा, जिससे उनके व्यक्तित्व का विकास होगा और खेलों के क्षेत्र में उन्हें बेहतर प्रदर्शन करने के अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि कई खेल संरचनाएं हरिद्वार व देहरादून में भी बनाई गई हैं। राज्य में वेलोड्रोम्स बनाए गए हैं, स्विमिंग पूल से लेकर साइक्लिंग और अन्य राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए स्थायी सुविधाएं विकसित की गई हैं, जो पहले केवल अस्थायी हैंगर्स में आयोजित होती थीं।
मुख्यमंत्री ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और अच्छे प्रदर्शन की कामना की। उन्होंने कहा कि खाली समय में कई बच्चे नशे और ड्रग्स की ओर आकर्षित हो सकते हैं, लेकिन खेल इससे बचाने का एक बड़ा माध्यम बन सकता है। ड्रग्स फ्री उत्तराखंड अभियान में खेलों की भूमिका अहम होगी।
शारदीय कांवड़ यात्रा और अन्य तैयारियों पर बोले मुख्यमंत्री
15 फरवरी से शुरू होने वाली शारदीय कांवड़ यात्रा पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह हमारे लिए बहुत बड़ा आयोजन है, जिसके लिए राज्य सरकार द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। साथ ही चार धाम यात्रा की तैयारियां भी जारी हैं। शीतकालीन यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी उत्तराखंड आने वाले हैं, जिसकी तैयारी चल रही है।
उन्होंने कहा कि 14 फरवरी को हल्द्वानी में राष्ट्रीय खेलों का समापन समारोह होगा, जिसकी तैयारियां जोरों पर हैं। इसके अलावा, नंदा राज जात यात्रा और 2027 में मां गंगा के तट पर होने वाले अर्द्धकुंभ की तैयारियां भी राज्य में शुरू हो चुकी हैं।
संत रविदास जयंती पर दी शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संत शिरोमणि रविदास जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनका जीवन अत्यंत प्रेरणादायक रहा है। राज्य सरकार ने संत रविदास जयंती पर अवकाश घोषित किया है ताकि लोग उनके विचारों से प्रेरणा ले सकें। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियां संत रविदास के बताए मार्ग पर चलकर समाज में सकारात्मक योगदान देंगी।
इस दौरान मेयर किरण जैसल, विधायक मदन कौशिक, आदेश चौहान, नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा, आयुक्त गढ़वाल मंडल विनय शंकर पांडे, जिलाधिकारी कर्मेंद्र सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोबाल, एचआरडीए उपाध्यक्ष अंशुल सिंह, मुख्य विकास अधिकारी आकांक्षा कोंडे, अपर जिलाधिकारी दीपेंद्र सिंह नेगी, एचआरडीए सचिव मनीष सिंह, उपजिलाधिकारी अजयवीर सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।