38वें राष्ट्रीय खेल में कयाकिंग और कैनोइंग स्प्रिंट प्रतियोगिता का आगाज़
Go Back |
Yugvarta
, Feb 11, 2025 10:34 PM 0 Comments
0 times
0
times
देहरादून :
38वें राष्ट्रीय खेल के अंतर्गत कयाकिंग और कैनोइंग (स्प्रिंट) मुकाबलों का पहला दिन उत्तराखंड के टिहरी स्थित वाटर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में रोमांचक मुकाबलों के साथ संपन्न हुआ। देशभर से आए खिलाड़ियों ने जल पर अपनी गति और संतुलन का शानदार प्रदर्शन किया।
के-1 पुरुष 1000 मीटर: उत्तराखंड के प्रभात कुमार ने जीता स्वर्ण
के-1 पुरुष 1000 मीटर स्पर्धा में उत्तराखंड के प्रभात कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उन्होंने 03:49.81 मिनट का समय निकालकर पहला स्थान हासिल किया। उनके ठीक पीछे सर्विसेज के एल. नाओचा सिंह रहे, जिन्होंने 03:50.60 मिनट में रेस पूरी कर रजत पदक जीता। दिल्ली के दीपक प्रजापति ने 03:51.58 मिनट में रेस पूरी कर कांस्य पदक अपने नाम किया।
सी-1 पुरुष 1000 मीटर: सर्विसेज के ज्ञानेश्वर सिंह का जलवा
सी-1 पुरुष 1000 मीटर स्पर्धा में सर्विसेज के पीएच ज्ञानेश्वर सिंह ने जबरदस्त ताकत और तकनीक का परिचय देते हुए 04:05.271 मिनट में रेस पूरी कर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। मध्य प्रदेश के अरविंद वर्मा ने 04:05.968 मिनट में रेस पूरी कर रजत पदक जीता, जबकि हरियाणा के हर्ष ने 04:11.015 मिनट के समय के साथ कांस्य पदक पर कब्जा किया।
सी-1 महिला 200 मीटर: उत्तराखंड की मीरा दास ने मारी बाजी
सी-1 महिला 200 मीटर स्पर्धा में उत्तराखंड की मीरा दास ने दमदार प्रदर्शन किया और 50.703 सेकंड में रेस पूरी कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। सर्विसेज की एल. नेहा देवी ने 51.247 सेकंड के साथ रजत पदक जीता, जबकि ओडिशा की रसमिता साहू ने 51.288 सेकंड के समय के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया।
प्रतियोगिता के पदक समारोह में उत्तराखंड के माननीय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहे। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया और उनके शानदार प्रदर्शन की सराहना की। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों से बातचीत भी की और उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।