चिनाब पुल पर लहराया तिरंगा, पीएम मोदी ने पहलगाम हमले पर दिया सख्त संदेश
Go Back |
Yugvarta
, Jun 06, 2025 04:11 PM 0 Comments
0 times
0
times
Jammu And Kashmir :
जम्मू एंड कश्मीर, 6 जून : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को चिनाब नदी पर बने विश्व के सबसे ऊंचे रेलवे पुल का उद्घाटन किया और इसे साकार करने वाले इंजीनियरों और निर्माण श्रमिकों की सराहना की। जम्मू-कश्मीर दौरे पर आए प्रधानमंत्री मोदी 48,000 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं की शुरुआत करने जा रहे हैं। लेकिन इस दौरान सबसे महत्वपूर्ण क्षण तब आया जब प्रधानमंत्री ने इस ऐतिहासिक पुल पर खड़े होकर गर्व से राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
देशभक्ति से ओतप्रोत संदेश, आतंकियों को कड़ा जवाब-
चिनाब पुल पर तिरंगा लहराते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने आतंक के खिलाफ भारत के स्पष्ट रुख को दर्शाया। 22 अप्रैल को हुए पहलगाम आतंकी हमले के बाद घाटी में पर्यटन को जो आघात लगा था, उसके जवाब में यह कदम एक सशक्त संदेश बनकर उभरा। यह न केवल आतंकवादियों को करारा जवाब था, बल्कि पाकिस्तान को भी भारत की दृढ़ इच्छाशक्ति का अहसास करा गया।
कश्मीर को देश से जोड़ेगा इंजीनियरिंग का अद्भुत नमूना-
यह चिनाब पुल दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे आर्च ब्रिज है, जो पूरे साल हर मौसम में कश्मीर को देश के अन्य हिस्सों से जोड़ने का कार्य करेगा। यह पुल ऐसे मौसम में भी टिकाऊ है, जब तापमान शून्य से नीचे चला जाता है, और यह भूकंप का भी प्रभाव सहने में सक्षम है।
एफिल टॉवर से भी ऊंचा, भारत की इंजीनियरिंग क्षमता का प्रतीक-
पुल के उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने एक विशेष फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन किया, जिसमें इस पुल के निर्माण से जुड़ी तकनीकी चुनौतियों को दर्शाया गया था। उन्होंने उन इंजीनियरों और श्रमिकों से बातचीत की, जिन्होंने कठोर मौसम और भू-स्थिति के बावजूद पुल निर्माण कार्य को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। 359 मीटर ऊंचाई वाला यह पुल एफिल टॉवर से भी 35 मीटर अधिक ऊंचा है और इसे भारत की वास्तुकला और तकनीकी दक्षता का प्रतीक माना जा रहा है।