38वें राष्ट्रीय खेल: मिजोरम और ओडिशा महिला टीमों की शानदार जीत, पुरुषों में पंजाब ने मध्य प्रदेश को हराया
Go Back |
Yugvarta
, Feb 07, 2025 09:32 PM 0 Comments
0 times
0
times
Dehradun :
देहरादून, 7 फ़रवरी : 38वें राष्ट्रीय खेल के महिला हॉकी मुकाबलों के चौथे दिन का आगाज़ झारखंड और महाराष्ट्र के बीच खेले गए संघर्षपूर्ण मुकाबले से हुआ, जो बिना किसी गोल के 0-0 की बराबरी पर समाप्त हुआ। इस ड्रॉ के साथ झारखंड ने पूल बी में शीर्ष स्थान बरकरार रखा। वहीं, मेजबान उत्तराखंड को मिजोरम के खिलाफ 0-4 की करारी हार का सामना करना पड़ा। मिजोरम की ओर से मारिना लालरामंघाकी (27’), लालनइपुई (43’, 45’) और लालथांतलुआंगी (58’) ने गोल दागे।
पूल ए के मुकाबले में ओडिशा ने कर्नाटक को 4-1 से हराया। कप्तान जीवन किशोरी टोप्पो (7’, 19’), रश्मिता मिंज (39’) और एक्का प्रतिभा (42’) ने ओडिशा के लिए गोल किए, जबकि कर्नाटक की ओर से एकमात्र गोल अंजलि एच.आर. ने 55वें मिनट में किया।
पुरुष हॉकी में रोमांचक मुकाबले
पुरुष हॉकी मुकाबलों में उत्तर प्रदेश ने हरियाणा को 2-1 से हराया। 19वें मिनट में अरुण साहनी ने यूपी के लिए खाता खोला, जिसे 29वें मिनट में हरियाणा के मंदीप मोर ने बराबर कर दिया। हालांकि, 43वें मिनट में शारदानंद तिवारी ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर उत्तर प्रदेश को जीत दिलाई।
दिन के दूसरे मुकाबले में उत्तराखंड और तमिलनाडु के बीच 1-1 की बराबरी रही। 33वें मिनट में उत्तराखंड के सूरज कुमार ने पेनल्टी स्ट्रोक से गोल किया, लेकिन दो मिनट बाद तमिलनाडु के बी.पी. सोमन्ना ने पेनल्टी कॉर्नर के जरिए स्कोर बराबर कर दिया।
दिन का सबसे रोमांचक मुकाबला पंजाब और मध्य प्रदेश के बीच हुआ, जिसमें पंजाब ने 4-3 से जीत दर्ज की। मध्य प्रदेश के जमीर मोहम्मद ने चौथे और 18वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर के जरिए गोल कर टीम को 2-1 की बढ़त दिलाई। पंजाब के लिए 9वें मिनट में रवनीत सिंह ने बराबरी का गोल किया। फिर 20वें और 23वें मिनट में प्रदीप सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो गोल दागे, लेकिन 23वें मिनट में मध्य प्रदेश के अली अहमद ने स्कोर 3-3 से बराबर कर दिया। अंततः 51वें मिनट में प्रदीप सिंह ने अपना तीसरा गोल कर पंजाब को जीत दिलाई और अपनी हैट्रिक पूरी की।