उत्तराखंड : मुख्यमंत्री ने टनकपुर से कैलाश मानसरोवर यात्रा के पहले दल को किया रवाना, बोलें, यह यात्रा आत्मिक जागरण का मार्ग
Go Back |
Yugvarta
, Jul 05, 2025 05:09 PM 0 Comments
0 times
0
times
Tanakpur :
टनकपुर, 5 जुलाई 2025। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को टनकपुर स्थित पर्यटन आवास गृह से कैलाश मानसरोवर यात्रा 2025 के पहले दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने श्रद्धालुओं का पारंपरिक स्वागत करते हुए उन्हें उत्तराखंड की सांस्कृतिक धरोहर से जुड़े स्मृति चिह्न भी भेंट किए।
मुख्यमंत्री ने 11 विभिन्न राज्यों से आए श्रद्धालुओं से संवाद करते हुए उन्हें देवभूमि उत्तराखंड में हार्दिक स्वागत कहा। उन्होंने कहा कि कैलाश मानसरोवर यात्रा करना सौभाग्य की बात होती है। यह केवल धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि आत्मिक और आध्यात्मिक जागरण का मार्ग है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा श्रद्धा, समर्पण और आस्था की पराकाष्ठा है, जहां हर यात्री स्वयं को भगवान शिव के चरणों में अर्पित करता है।
प्रधानमंत्री के नेतृत्व में बदली यात्रा की तस्वीर
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की पवित्र भूमि के कण-कण में भगवान शिव का वास है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और संकल्प से यह यात्रा अब केवल एक कठिन भौगोलिक मार्ग नहीं रह गई है, बल्कि सीमाओं से परे शिव से साक्षात्कार का सहज और सशक्त माध्यम बन गई है। उन्होंने कहा कि पहले जहां इस यात्रा को तय करने में सात या अधिक दिन लगते थे, अब वह कुछ ही घंटों में पूरी की जा सकती है।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए की गई मजबूत व्यवस्थाएं
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार इस यात्रा को पूरी तरह सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के लिए संकल्पबद्ध है। यात्रा मार्ग के प्रत्येक पड़ाव पर स्वास्थ्य, आवास, भोजन, सुरक्षा और अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने भगवान भोलेनाथ से सभी यात्रियों की सफल, मंगलमय और सुरक्षित यात्रा की कामना की।
श्रद्धालुओं ने किया व्यवस्थाओं का अभिनंदन
टनकपुर से कैलाश मानसरोवर की ओर रवाना होने से पहले श्रद्धालुओं ने उत्तराखंड सरकार की ओर से की गई उत्कृष्ट व्यवस्थाओं के लिए आभार जताया। उन्होंने चंपावत जनपद के निवासियों के आत्मीय व्यवहार की भी सराहना की और कहा कि यह यात्रा न केवल आध्यात्मिक, बल्कि आत्मीयता से भी परिपूर्ण रही है।
इस अवसर पर आयुक्त कुमाऊं मंडल दीपक रावत, आईटीबीपी के आईजी एवं कैलाश मानसरोवर यात्रा के जनसंपर्क अधिकारी संजय गुंजियाल, कुमाऊं मंडल की पुलिस महानिरीक्षक रिद्धिम अग्रवाल, कुमाऊं मंडल विकास निगम के प्रबंध निदेशक विनीत तोमर, चंपावत के जिलाधिकारी मनीष कुमार, पिथौरागढ़ के जिलाधिकारी विनोद गोस्वामी एवं पुलिस अधीक्षक चंपावत अजय गणपति उपस्थित रहे।