वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. गिरिजा व्यास का निधन, राजनीतिक जगत में शोक की लहर
Go Back |
Yugvarta
, May 01, 2025 09:06 PM 0 Comments
0 times
0
times
DELHI :
उदयपुर। वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. गिरिजा व्यास का निधन हो गया। उन्होंने अहमदाबाद के जाइडस अस्ताल में इलाज के दौरान अंतिम सांस लीं। कुछ दिनों पहले, उदयपुर स्थित उनके निवास पर पूजा के दौरान अचानक साड़ी में आग लग गई थी, जिससे वे 90 प्रतिशत झुलस गईं। इस हादसे के बाद से उनका इलाज चल रहा था, लेकिन अंततः वे इस संघर्ष को हार गईं।
डॉ. गिरिजा व्यास ने अपने जीवन में कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया। वे उदयपुर से विधायक और सांसद रही थीं। इसके अलावा, उन्होंने नरसिम्हा राव सरकार में केंद्रीय मंत्री के तौर पर भी अपनी सेवाएं दीं। यूपीए सरकार में उन्होंने महिला आयोग की राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी निभाई। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस की अध्यक्ष और महिला कांग्रेस की अध्यक्ष के रूप में भी उनका योगदान महत्वपूर्ण रहा।
डॉ. गिरिजा व्यास का निधन भारतीय राजनीति और समाज के लिए एक बड़ी क्षति है। उनके संघर्षपूर्ण जीवन और समाज के प्रति उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। डॉ. व्यास दर्शन शास्त्र में पीएचडी थीं और मोहनलाल सुखाड़िया यूनिवर्सिटी में बतौर प्रोफेसर रहीं। उदयपुर में शिल्पग्राम निर्माण, जयसमंद से पाइप लाइन समेत अन्य विकास कार्यों में उनका योगदान रहा।
डॉ. गिरिजा व्यास के निधन पर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने एक्स पर दुख जताते हुए लिखा-पूर्व केन्द्रीय मंत्री एवं पूर्व कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष डॉ गिरिजा व्यास का निधन हम सबके लिए एक अपूरणीय क्षति है। डॉ गिरिजा व्यास ने शिक्षा, राजनीति एवं समाज सेवा के क्षेत्र में बड़ा योगदान था। उनका इस तरह एक हादसे का शिकार होकर असमय जाना हम सभी के लिए एक बड़ा आघात है।