इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड दौरे से कई अहम उपलब्धियां हासिल हुईं: विदेश मंत्रालय

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 11 Jul, 2026 08:51 PM
इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड दौरे से कई अहम उपलब्धियां हासिल हुईं: विदेश मंत्रालय

ऑकलैंड । विदेश मंत्रालय (एमईए) ने शनिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड का तीन देशों का दौरा कई महत्वपूर्ण उपलब्धियों वाला रहा। इस यात्रा से व्यापार, प्रौद्योगिकी, सुरक्षा, शिक्षा, नवाचार और लोगों के बीच संपर्क समेत कई क्षेत्रों में सहयोग को नई गति मिली है। विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की न्यूजीलैंड यात्रा ने दोनों देशों के संबंधों को और मजबूत किया, साझेदारी को नई दिशा दी और साझा भविष्य की नींव को सुदृढ़ किया। प्रधानमंत्री मोदी के तीन देशों के दौरे के अंतिम चरण में न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने विशेष सम्मान दिखाते हुए उन्हें ऑकलैंड एयरपोर्ट तक विदा किया। विदेश मंत्रालय ने इसे दोनों देशों के मजबूत संबंधों का प्रतीक बताया। प्रधानमंत्री मोदी ने इससे पहले ऑस्ट्रेलिया की ऐतिहासिक यात्रा पूरी की थी और उससे पहले इंडोनेशिया का दौरा किया था। शुक्रवार देर रात ऑकलैंड पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने शनिवार को गवर्नमेंट हाउस में प्रधानमंत्री लक्सन के साथ द्विपक्षीय वार्ता की। आगमन पर उनका पारंपरिक माओरी स्वागत किया गया, जिसमें शांति, सम्मान और आतिथ्य का प्रतीक माओरी रीति-रिवाजों का पालन किया गया। इसके बाद प्रधानमंत्री ने गार्ड ऑफ ऑनर का निरीक्षण किया। दोनों नेताओं के बीच सीमित और प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता हुई, जिसमें व्यापार एवं निवेश, रक्षा एवं सुरक्षा, कृषि प्रौद्योगिकी, खेल, शिक्षा, पर्यटन, संस्कृति और लोगों के बीच संबंधों सहित द्विपक्षीय सहयोग के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई। वार्ता के बाद दोनों प्रधानमंत्रियों की मौजूदगी में रक्षा एवं समुद्री सुरक्षा, हाइड्रोग्राफी, खेल, आपदा प्रबंधन, डेयरी, पर्यटन, समुद्री विरासत, संस्कृति, खाद्य प्रौद्योगिकी और समुद्री अनुसंधान जैसे क्षेत्रों में कई समझौता ज्ञापनों (एमओयू) और अन्य सहमतियों का आदान-प्रदान किया गया। प्रधानमंत्री मोदी और प्रधानमंत्री लक्सन ने दोनों देशों के प्रमुख उद्योगपतियों और कारोबारियों से भी मुलाकात की। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और न्यूजीलैंड लोकतांत्रिक मूल्यों, कानून के शासन, विविधता और सतत विकास के साझा संकल्प से जुड़े हुए हैं, जो भविष्य की मजबूत आर्थिक साझेदारी का आधार है। उन्होंने भारत-न्यूजीलैंड मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) को दोनों देशों के आर्थिक संबंधों में नई ऊर्जा और गहराई लाने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि इससे बाजार तक पहुंच, निवेश, सेवाओं, प्रौद्योगिकी और प्रतिभा के आदान-प्रदान के नए अवसर खुलेंगे। दोनों प्रधानमंत्रियों ने 'इंडिया-न्यूजीलैंड: ए विनिंग पार्टनरशिप' थीम पर आयोजित विशेष गाला लंच में भी हिस्सा लिया। इस कार्यक्रम में राजनीति, उद्योग, व्यापार, शिक्षा, प्रौद्योगिकी, खेल और कला जगत की कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं। इसके बाद दोनों नेताओं ने प्रदर्शित किए गए आधुनिक खेल उपकरणों का अवलोकन किया और न्यूजीलैंड के पदक विजेता खिलाड़ियों तथा हाई-परफॉर्मेंस स्पोर्ट्स से जुड़े लोगों से बातचीत की। दौरे के अंतिम कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने 'किया ओरा मोदी' कार्यक्रम में न्यूजीलैंड में रह रहे लगभग 10,000 भारतीय समुदाय के लोगों को संबोधित किया। प्रधानमंत्री लक्सन भी विशेष अतिथि के रूप में इस कार्यक्रम में शामिल हुए। प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय समुदाय के उत्साह और स्नेह की सराहना करते हुए कहा कि न्यूजीलैंड में भारतीय समुदाय दोनों देशों की मित्रता का सबसे मजबूत स्तंभ है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, "न्यूजीलैंड में भारतीय समुदाय हमारी दोस्ती की सबसे मजबूत कड़ी है। ऑकलैंड में उन्हें संबोधित करना यादगार अनुभव रहा।"

सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2