Uttarakhand : प्रदेश राजनीति में भाजपा ने किया रिकॉर्ड कायम, सभी 11 नगर निगमों में कमल लहराया!
महापौर ने कहा- विचारधारा हमेशा भाजपा के साथ रही, धन सिंह रावत बोले- श्रीनगर में जल्द एक हजार नए लोग जुड़ेंगे
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 19 Aug, 2026 06:30 PMदेहरादून, 19 अगस्त। उत्तराखंड की राजनीति में बुधवार को भाजपा को बड़ी संगठनात्मक बढ़त मिली। श्रीनगर नगर निगम की निर्दलीय महापौर आरती भंडारी ने अपने पति एवं वरिष्ठ नेता लखपत भंडारी के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। उनके साथ श्रीनगर नगर निगम के 10 पार्षद भी भाजपा में शामिल हुए। इनमें दो कांग्रेस के पार्षद भी शामिल हैं।
भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट और कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने नए सदस्यों का पार्टी में स्वागत किया। पार्टी ने इसे प्रदेश के सभी 11 नगर निगमों में भाजपा के महापौर होने के रूप में बड़ी राजनीतिक उपलब्धि बताया।
महेंद्र भट्ट बोले- नए लोगों से मिलेगी नई ऊर्जा
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि नए सदस्यों के भाजपा में शामिल होने से पार्टी को श्रीनगर क्षेत्र में नई ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा अपने कार्यकर्ताओं को परिवार की तरह मानती है और सभी नए सदस्यों के मान-सम्मान एवं प्रतिष्ठा का पूरा ध्यान रखा जाएगा।
भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में विश्वास जताते हुए नए लोग भाजपा परिवार से जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि अब सभी को मिलकर संगठन को और मजबूत करना है और 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रचंड जीत के लिए काम करना है।
धन सिंह रावत का दावा- श्रीनगर में जुड़ेंगे एक हजार नए लोग
कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने आरती भंडारी और अन्य नेताओं के भाजपा में लौटने का स्वागत करते हुए कहा कि श्रीनगर में अब विकास कार्यों को और गति मिलेगी। उन्होंने इसे ‘ट्रिपल इंजन की सरकार’ की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
रावत ने कहा कि आने वाले दिनों में प्रदेश अध्यक्ष की मौजूदगी में श्रीनगर में बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। पार्टी के निर्धारित लक्ष्य के अनुसार विधानसभा क्षेत्र में चुनाव से पहले एक हजार नए लोगों को भाजपा से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि श्रीनगर को 24 घंटे पेयजल उपलब्ध कराने की योजना पर भी काम शुरू किया गया है, जिस पर करीब 72 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
आरती भंडारी बोलीं- विचारधारा हमेशा भाजपा के साथ रही
भाजपा में शामिल होने के बाद श्रीनगर की महापौर आरती भंडारी ने प्रदेश नेतृत्व और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि उनकी विचारधारा पहले भी भाजपा के साथ थी और अब सभी मिलकर पार्टी के लिए काम करेंगे।
आरती भंडारी ने कहा कि नगर निगम चुनाव के दौरान कुछ परिस्थितियों के कारण उन्हें अलग होकर निर्दलीय चुनाव लड़ना पड़ा था, लेकिन उनकी विचारधारा भाजपा से जुड़ी रही। उन्होंने कहा कि भाजपा में दोबारा लौटना उनके लिए खुशी और गर्व का विषय है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सनातन धर्म और संस्कृति को केंद्र में रखकर काम करती है, जो उनकी मूल भावना के अनुरूप है। उन्होंने डॉ. धन सिंह रावत का भी आभार जताया और कहा कि उन्होंने उन्हें दोबारा अपनी टीम में शामिल होने का अवसर दिया।
लखपत भंडारी बोले- विचारधारा नहीं छोड़ी
वरिष्ठ नेता लखपत भंडारी ने कहा कि कई लोगों ने उन्हें अपने साथ जोड़ने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने अपनी राजनीतिक विचारधारा से समझौता नहीं किया। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी आरती भंडारी ने भी स्पष्ट किया था कि जब भी किसी राजनीतिक दल में शामिल होंगे तो भाजपा परिवार में ही लौटेंगे।
ये पार्षद भी भाजपा में शामिल
महापौर आरती भंडारी के साथ निर्दलीय पार्षद अंजनी भंडारी, मीणा देवी, भावना चौहान, प्रवेश चमोली, विजय कुमार चमोली, आशीष नेगी, धर्म सिंह रावत और नरेंद्र सिंह रावत तथा कांग्रेस के पार्षद राजकुमार और अनुराग चौहान ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार और तरुण बंसल, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान, पौड़ी जिला प्रभारी नलिन भट्ट और पौड़ी जिला अध्यक्ष कमल किशोर रावत समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।



No Previous Comments found.