Uttarakhand : परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने सड़क सुरक्षा पर कसा शिकंजा, हादसे रोकने के दिए निर्देश
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 25 Aug, 2026 11:07 PMदेहरादून, 25 अगस्त 2026 : उत्तराखंड में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोकथाम और सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से मंगलवार, 25 अगस्त को राज्य सड़क सुरक्षा परिषद की बैठक आयोजित की गई। मुख्य सचिव सभागार, सचिवालय परिसर में हुई बैठक की अध्यक्षता परिवहन मंत्री श्री प्रदीप बत्रा ने की। बैठक में पिछले वर्ष दिए गए निर्देशों के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई। अपर परिवहन आयुक्त ने राज्य में सड़क दुर्घटनाओं से संबंधित प्रस्तुतीकरण दिया, जिस पर मंत्री ने गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।
परिवहन मंत्री ने निर्देश दिया कि दुर्घटनाओं के वास्तविक कारणों की पहचान कर उनकी समीक्षा की जाए और संबंधित विभाग आवश्यक कार्रवाई करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा केवल परिवहन, पुलिस या लोक निर्माण विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह सामूहिक जिम्मेदारी है, जिसमें आम जनता की सहभागिता भी जरूरी है। उन्होंने सड़कों की स्थिति सुधारने के साथ क्रैश बैरियर, रोड मार्किंग, साइन बोर्ड, स्पीड कमिंग उपाय और चालकों के विश्राम स्थलों जैसे सुरक्षा उपाय समयबद्ध तरीके से पूरा करने को कहा। मजबूत क्रैश बैरियर लगाने, उन पर रेडियम पट्टी लगाने और उनकी लगातार समीक्षा करने के भी निर्देश दिए गए।
राज्य के चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर साइन बोर्ड लगाने तथा रात में उनकी दृश्यता बनाए रखने के लिए प्रकाश की उचित व्यवस्था करने को कहा गया। चारधाम यात्रा मार्गों पर दुर्घटना संभावित क्षेत्रों का शीघ्र निरीक्षण कर उनका सुधारीकरण करने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा सड़कों पर लगे साइन बोर्डों की स्पष्ट दृश्यता सुनिश्चित करने और शहरों में संबंधित विभागों द्वारा स्थापित ट्रैफिक लाइट का उचित रखरखाव करने पर जोर दिया गया। वन विभाग को सड़क किनारे उत्तराखंड की जलवायु के अनुकूल ऐसे पेड़ लगाने के निर्देश दिए गए, जो दुर्घटनाओं के साथ-साथ भूस्खलन की रोकथाम में भी उपयोगी हों।
बैठक में हिट एंड रन तथा पीएम राहत योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए, ताकि अधिक से अधिक लोग इनका लाभ उठा सकें। पीएम राहत योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिला स्तर पर सेमिनार और कार्यशालाएं आयोजित करने को कहा गया। परिवहन और पुलिस विभाग की ओर से किए जा रहे प्रवर्तन कार्यों पर संतोष व्यक्त करते हुए चालानों का शीघ्रता से प्रशमन करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही नए बस अड्डों को हाईवे के नजदीक बनाए जाने और फुटपाथ पर दिव्यांगजनों की सुगम आवाजाही के लिए रैंप बनाने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में सचिव परिवहन श्री रविनाथ रामन, सचिव वित्त श्री रणवीर सिंह चौहान, अपर सचिव गृह सुश्री तृप्ति भट्ट, अपर सचिव लोक निर्माण विभाग श्री विनीत कुमार, अपर सचिव वन विभाग सुश्री नूतन लक्ष्मी, अपर परिवहन आयुक्त श्री सनत कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक यातायात सुश्री शाहजहां अंसारी, संयुक्त परिवहन आयुक्त एवं अध्यक्ष लीड एजेंसी श्री राजीव कुमार मेहरा सहित शहरी विकास, लोक निर्माण, आबकारी और शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में दिए गए निर्देशों से स्पष्ट है कि राज्य सरकार सड़क हादसों के कारणों पर कार्रवाई के साथ-साथ सड़क ढांचे और यातायात सुरक्षा उपायों को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दे रही है।
#उत्तराखंड #प्रदीपबत्रा #सड़कसुरक्षा #सड़कदुर्घटना #चारधामयात्रा #UttarakhandNews #RoadSafety #yugvarta #yugvartanews #yugvartanewsagency #yugvartacoverage



No Previous Comments found.