डोभाल पर टिप्पणी को लेकर भाजपा का कांग्रेस पर हमला

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 21 Sep, 2026 07:30 PM
डोभाल पर टिप्पणी को लेकर भाजपा का कांग्रेस पर हमला

देहरादून, 21 सितंबर 2026 राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी की टिप्पणी के बाद उत्तराखंड की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा ने टिप्पणी के विरोध में प्रदेशभर में प्रदर्शन किया और कांग्रेस के पुतले फूंके। भाजपा नेताओं ने इसे उत्तराखंड और देवभूमि से जुड़ी भावनाओं का मामला बताते हुए कांग्रेस पर राज्य की प्रतिष्ठित शख्सियतों को निशाना बनाने का आरोप लगाया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने अलग-अलग स्थानों पर कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया। पार्टी नेताओं का कहना है कि अजीत डोभाल उत्तराखंड से जुड़े प्रमुख नामों में शामिल हैं और राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में उनकी भूमिका को लेकर प्रदेश में सम्मान की भावना है। भाजपा ने राहुल गांधी की टिप्पणी को इसी संदर्भ में आपत्तिजनक बताते हुए कांग्रेस से इसे लेकर सवाल किए। भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने कहा कि अजीत डोभाल ने अपने कार्यों के जरिए देश और विशेष रूप से उत्तराखंड को गौरवान्वित किया है। कांग्रेस नेताओं की ओर से उनके खिलाफ की जा रही टिप्पणी को उन्होंने अस्वीकार्य बताया। उन्होंने कहा, “राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने अनेकों बार ऐसा करके दिखाया है, जिससे हम सभी और विशेष रूप से देवभूमिवासी गौरवान्वित होते हैं। यह दुर्भाग्य है कि कांग्रेस के नेता ला जिस प्रकार से राष्ट्रीय सलाहकार पर टिप्पणी कर रहे है वह अस्वीकार्य है। सभी देवभूमि वासी उनके बयान से व्यथित हैं और ये केवल डोभाल का उपहास नहीं बल्कि यह समूची देवभूमि का उपहास है। उन्होंने जो कटाक्ष किए हैं, वह देवभूमि की जनता के ऊपर किया गया कटाक्ष है।” भाजपा प्रदेश प्रवक्ता और वरिष्ठ विधायक विनोद चमोली ने भी कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के उन लोगों को लेकर कांग्रेस का रवैया सवालों के घेरे में रहा है, जिन्होंने देश के लिए महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। चमोली ने अजीत डोभाल के अलावा पूर्व सीडीएस बिपिन रावत और डोभाल के परिवार को लेकर की गई कथित टिप्पणियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा, “कांग्रेसी युवराज की टिप्पणी से उत्तराखंड की जनता में बड़ा आक्रोश है। क्योंकि हम यह देख रहे हैं, कि कांग्रेस लगातार उत्तराखंड के उन लोगों पर आक्रामक है, जिन्होंने इस देश में बहुत उच्च स्तर पर सेवाएं दी हैं और देश की सुरक्षा में अपना योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि बात अकेले डोभाल की नहीं, बल्कि हमारे सीडीएस बिपिन रावत को भी 'गली तक का गुंडा' कहा गया। कांग्रेस नेताओं द्वारा अजीत डोभाल के बच्चों को लेकर तमाम आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष करण माहरा भी गढ़वाल के लोगों पर' थूकने की बात कह चुके हैं।” चमोली ने अपने बयान में हेमवती नंदन बहुगुणा और विजय बहुगुणा का राजनीतिक संदर्भ भी सामने रखा। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तराखंड के ऐसे नेताओं और प्रमुख लोगों के साथ कांग्रेस का व्यवहार अलग-अलग समय में विवादों का विषय रहा है। उन्होंने कहा, “तो सच यह है कि जो-जो पहाड़ का व्यक्ति कभी कुछ आगे बढ़ा है और जिसने कुछ कर दिखाया है या कहिए कि जो बड़े नाम हैं, उनको लेकर कांग्रेस हमेशा हमलावर रही है और उन्होंने हमेशा पहाड़ का अपमान किया है और यह अपमान पहाड़ की जनता बिल्कुल नहीं सहेगी। निश्चित तौर पर अगर आवश्यकता पड़ी सड़कों पर भी संघर्ष करने की, तो पहाड़ की जनता कांग्रेस के खिलाफ सड़कों पर संघर्ष भी करेगी।” भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने बताया कि पार्टी ने टिप्पणी के विरोध में प्रदेशभर में प्रदर्शन किया। भाजपा नेताओं ने स्पष्ट किया कि अजीत डोभाल और उत्तराखंड से जुड़ी अन्य प्रमुख शख्सियतों को लेकर की गई टिप्पणियों के खिलाफ पार्टी अपना विरोध लोकतांत्रिक तरीके से आगे भी दर्ज कराएगी। 

सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

kitkat ad