SDRF उत्तराखंड को ISO 9001:2015 प्रमाणपत्र, CM धामी ने दी बधाई
आपदा प्रबंधन में गुणवत्ता, दक्षता और उत्कृष्ट कार्यप्रणाली को मिली पहचान, मुख्यमंत्री ने सेनानायक अर्पण यदुवंशी समेत सभी जवानों को सराहा
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 10 Oct, 2026 10:07 PMदेहरादून। उत्तराखंड राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) ने गुणवत्ता प्रबंधन के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। SDRF उत्तराखंड को ISO 9001:2015 प्रमाणपत्र प्राप्त होने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बल के समस्त अधिकारियों, जवानों और संबंधित कार्मिकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि को प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताते हुए इसे संगठन की कार्यकुशलता, अनुशासन, समर्पण और गुणवत्तापूर्ण कार्यप्रणाली का प्रतीक बताया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड भौगोलिक परिस्थितियों और प्राकृतिक आपदाओं की दृष्टि से संवेदनशील राज्य है। ऐसे में आपदा प्रबंधन, त्वरित राहत और बचाव कार्यों में SDRF की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। आपातकालीन परिस्थितियों में बल के जवान साहस, तत्परता और सेवाभाव के साथ कार्य करते हुए लोगों की जान बचाने तथा प्रभावित परिवारों तक सहायता पहुंचाने में अहम योगदान दे रहे हैं।
गुणवत्ता प्रबंधन और निरंतर सुधार की प्रतिबद्धता
मुख्यमंत्री ने कहा कि ISO 9001:2015 प्रमाणपत्र प्राप्त होना संगठन में प्रभावी प्रबंधन व्यवस्था, निर्धारित प्रक्रियाओं के पालन, कार्यों की गुणवत्ता और निरंतर सुधार के प्रति प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है। यह उपलब्धि SDRF के अधिकारियों एवं जवानों की मेहनत, समर्पण और सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि SDRF भविष्य में भी आपदा प्रबंधन और राहत-बचाव कार्यों में अपनी दक्षता को और मजबूत करते हुए उत्कृष्टता के नए मानक स्थापित करेगा।
आपदा प्रबंधन तंत्र को आधुनिक बनाने पर जोर
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार आपदा प्रबंधन तंत्र को आधुनिक, सक्षम और प्रभावी बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। सरकार का प्रमुख उद्देश्य आपदाओं के दौरान जन-धन की हानि को न्यूनतम करना और प्रभावित लोगों तक समय पर राहत एवं सहायता पहुंचाना है।
उन्होंने SDRF के अधिकारियों और जवानों से इसी प्रतिबद्धता, तत्परता तथा सेवाभाव के साथ कार्य करते रहने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि के लिए SDRF के सेनानायक अर्पण यदुवंशी सहित बल के सभी अधिकारियों, जवानों और संबंधित कार्मिकों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता
#Uttarakhand #SDRF #PushkarSinghDhami #ISO9001 #DisasterManagement #Dehradun



No Previous Comments found.