महेंद्र भट्ट बोले: उत्तराखंड के 11 के 11 नगर निगम बीजेपी के, श्रीनगर में मेयर समेत 10 सभासद पार्टी में शामिल
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 19 Aug, 2026 07:44 PMदेहरादून, 19 अगस्त 2026 उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी ने शहरी निकायों में अपनी स्थिति और मजबूत कर ली है। राज्य के सभी 11 नगर निगम अब बीजेपी के साथ हो गए हैं। ताजा घटनाक्रम श्रीनगर नगर निगम से सामने आया, जहां महापौर आरती भंडारी के साथ 10 सभासदों ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इनमें कांग्रेस के दो सभासद भी शामिल हैं। उत्तराखंड बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने पार्टी में शामिल होने वालों का स्वागत करते हुए कहा, “मैंने उनका परिवार में स्वागत किया है। सर्वसम्मति के साथ उनकी सदस्यता हुई है।” उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में डॉ. धन सिंह रावत भी मौजूद रहे। महापौर आरती भंडारी और उनके पति लखपत भंडारी के पार्टी में लौटने को लेकर उन्होंने कहा कि दोनों वैचारिक रूप से पहले भी भारतीय जनता पार्टी से जुड़े कार्यकर्ता रहे हैं। महेंद्र भट्ट ने कहा कि लखपत भंडारी पार्टी के पुराने कार्यकर्ता रहे हैं और बीच में उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई हुई थी। उन्होंने कहा, “पिछले चुनाव में कुछ कारणवश हम उनको टिकट नहीं दे पाए। लेकिन उनको जनता में प्रभाव था और वो चुनाव जीत गए। आज वो पुनः परिवार में शामिल हुए हैं, हमने उनका स्वागत किया है।” इस दौरान श्रीनगर नगर निगम में बीजेपी की सदस्यता ग्रहण करने वाले अन्य सभासदों का भी पार्टी नेतृत्व ने स्वागत किया। इस घटनाक्रम को उत्तराखंड में बीजेपी के बढ़ते संगठनात्मक प्रभाव के रूप में देखा जा रहा है। महेंद्र भट्ट ने स्थानीय निकायों और जिला पंचायत स्तर पर भी पार्टी की आगे की रणनीति का संकेत देते हुए कहा, “जिला पंचायत का सभी बीजेपी लेंगे। उसके लिए हमने रचना बना दी है।” श्रीनगर नगर निगम में नए नेताओं और सभासदों के शामिल होने के साथ बीजेपी ने राज्य में अपनी स्थानीय राजनीतिक पकड़ को और मजबूत करने का संदेश दिया है।



No Previous Comments found.