60 साल शासन करने वाली कांग्रेस देश विदेश मे फैला रही अफवाह : धामी
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 9 Sep, 2026 08:24 PMदेहरादून, 9 सितंबर। उत्तराखंड भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में कांग्रेस की कथित ‘शुद्धिकरण’ राजनीति को लेकर भाजपा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने हल्द्वानी की घटना का जिक्र करते हुए इसे राहुल गांधी और कांग्रेस नेतृत्व का विभाजनकारी षड्यंत्र करार दिया। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड भाजपा की वैचारिक और सांस्कृतिक प्रतिबद्धता की भूमि है, जहां समाज को बांटने वाली राजनीति स्वीकार नहीं की जा सकती।
प्रदेश कार्यसमिति के दूसरे सत्र को संबोधित करते हुए नितिन नबीन ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने हल्द्वानी की धरती से राजनीतिक खेल खेलने और समाज को विभाजित करने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को राजनीतिक स्वार्थ के लिए इस्तेमाल करने की कोशिश को भाजपा स्वीकार नहीं करेगी।
कांग्रेस के इतिहास पर भी उठाए सवाल
नितिन नबीन ने कांग्रेस पर दलित समाज के साथ कथित तौर पर भेदभावपूर्ण व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए सीताराम केसरी, डॉ. भीमराव आंबेडकर और बाबू जगजीवन राम से जुड़े राजनीतिक प्रसंगों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आज दलित सम्मान की बात करती है, लेकिन उसके राजनीतिक इतिहास को भी जनता के सामने रखा जाना चाहिए।
उन्होंने जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 के दौर का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय वाल्मीकि समाज के लोगों को उच्च शिक्षा हासिल करने के बावजूद सफाई कर्मचारी के रूप में काम करने के लिए बाध्य होना पड़ता था। नबीन ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दलित और वंचित वर्गों के सम्मान तथा सशक्तीकरण के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।
2027 में भाजपा सरकार की वापसी का दावा
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश भाजपा संगठन की प्रशंसा करते हुए कहा कि सरकार पार्टी की विचारधारा और संकल्पों को धरातल पर उतारने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत सुनिश्चित करने के लिए कार्यकर्ताओं को अभी से पूरी ताकत के साथ जुटना होगा।
नितिन नबीन ने समान नागरिक संहिता लागू करने के लिए धामी सरकार की विशेष रूप से सराहना की। उन्होंने महिलाओं को सरकारी सेवाओं में अवसर, सहकारी संस्थाओं में भागीदारी, शहीदों के आश्रितों के लिए सहायता और दीनदयाल उपाध्याय गृह आवास योजना जैसी पहलों का भी उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में भाजपा के लिए सरकार बनाना केवल सत्ता हासिल करना नहीं, बल्कि पार्टी की विचारधारा और नीतियों को आगे बढ़ाने का माध्यम है। इसलिए प्रदेश में लगातार भाजपा की विजय यात्रा जारी रखना संगठन की प्राथमिकता है।
सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास को बताया सरकार की प्राथमिकता
नितिन नबीन ने केंद्र और राज्य सरकार के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तराखंड में सड़क और आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में तेजी से काम हुआ है। उन्होंने दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे और चारधाम ऑल वेदर रोड जैसी परियोजनाओं का उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सीमावर्ती गांवों को ‘अंतिम गांव’ के बजाय ‘प्रथम गांव’ के रूप में विकसित करने की सोच के साथ काम किया जा रहा है। साथ ही सैनिकों के सम्मान और ‘वन रैंक, वन पेंशन’ का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जैसे सैन्य बहुल राज्य में सैनिक परिवारों के हित भाजपा की प्राथमिकताओं में हैं।
‘राष्ट्र प्रथम, पार्टी नेक्स्ट और सेल्फ लास्ट’
नितिन नबीन ने कार्यकर्ताओं को संगठन के मूल मंत्र के साथ आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए कहा कि भाजपा के लिए ‘राष्ट्र प्रथम, पार्टी नेक्स्ट और सेल्फ लास्ट’ की भावना सर्वोपरि है।
उन्होंने कांग्रेस पर तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए ‘वंदे मातरम्’ और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के मुद्दे पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाकर कांग्रेस के कथित दुष्प्रचार का जवाब देना चाहिए।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए स्टार्टअप, खेलो इंडिया, महिला सशक्तीकरण और ‘लखपति दीदी’ जैसी योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का युवा नौकरी तलाशने वाले से आगे बढ़कर रोजगार देने वाला बन रहा है।
धामी बोले—सरकार की उपलब्धियों का रिपोर्ट कार्ड लेकर घर-घर जाएं
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भाजपा केवल राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ आगे बढ़ने वाला अभियान है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों को मजबूत करने और ‘विकसित उत्तराखंड’ के माध्यम से ‘विकसित भारत’ के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया।
धामी ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता राज्य सरकार के काम और उपलब्धियों का सबसे बड़ा ‘ब्रांड एंबेसडर’ है। उन्होंने कहा कि 2014 के बाद केंद्र सरकार ने अनुच्छेद 370 हटाने, राम मंदिर निर्माण, नई शिक्षा नीति, तीन तलाक पर प्रतिबंध और GST जैसे कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि करीब छह दशक तक देश में शासन करने वाली कांग्रेस अब देश और विदेश में भ्रम और अफवाह फैलाने का काम कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि जनता के बीच जाकर कांग्रेस के कथित दुष्प्रचार को बेनकाब करें और सरकार की उपलब्धियों का रिपोर्ट कार्ड घर-घर पहुंचाएं।
चारधाम यात्रा और आदि कैलाश का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में हो रहे विकास कार्यों का असर पर्यटन और धार्मिक यात्रा पर भी दिखाई दे रहा है। उन्होंने दावा किया कि इस वर्ष अब तक 50 लाख से अधिक श्रद्धालु चारधाम यात्रा पर पहुंच चुके हैं।
उन्होंने आदि कैलाश का उल्लेख करते हुए कहा कि जहां पहले यहां पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 500 से भी कम रहती थी, वहीं इस वर्ष यह संख्या 60 हजार से अधिक हो गई है। धामी ने कहा कि राज्य में पर्यटन सुविधाओं के विस्तार और बेहतर कनेक्टिविटी से धार्मिक एवं पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिली है।
मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाएं और 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत सुनिश्चित करने के लिए अभी से संगठनात्मक स्तर पर सक्रिय हो जाएं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन द्वारा प्रदेश के चार नेताओं को अपनी टीम में स्थान दिए जाने पर आभार भी व्यक्त किया।
आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता
#Uttarakhand #BJP #NitinNabin #PushkarSinghDhami #Congress #Dehradun #UttarakhandPolitics #BJPWorkingCommittee #2027Elections #UCC



No Previous Comments found.