2027 में जीत की हैट्रिक के संकल्प के साथ भाजपा गढ़वाल संभाग की बैठकें संपन्न
सांसदों, विधायकों और जिलाध्यक्षों के साथ विधानसभा वार मंथन; 70 सीटों पर संगठनात्मक रणनीति, विकास कार्य और सामाजिक-राजनीतिक समीकरणों पर चर्चा
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 18 Aug, 2026 08:23 PMदेहरादून, 18 अगस्त 2026। उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भाजपा ने संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मंगलवार को देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय में गढ़वाल संभाग की तीनों लोकसभा क्षेत्रों—टिहरी, पौड़ी गढ़वाल और हरिद्वार—के सांसदों, विधायकों एवं जिलाध्यक्षों की बैठकें आयोजित की गईं। बैठकों में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर विधानसभा वार राजनीतिक और संगठनात्मक रणनीति पर विस्तृत मंथन किया गया।
बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। लोकसभा क्षेत्रवार बैठकों में राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, गढ़वाल सांसद एवं भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय मीडिया संयोजक अनिल बलूनी तथा हरिद्वार सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के साथ संबंधित विधानसभा क्षेत्रों के विधायक और जिलाध्यक्ष मौजूद रहे।
लगातार हो रही संगठनात्मक बैठकों का हिस्सा
बैठक के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि पार्टी क्रमवार ऐसी संगठनात्मक बैठकें कर रही है। इससे पहले नगरपालिकाओं, मेयर, नगर पंचायत अध्यक्षों, जिला पंचायत अध्यक्षों, ब्लॉक प्रमुखों, दायित्वधारी कार्यकर्ताओं, मंडल अध्यक्षों और जिलाध्यक्षों के साथ बैठकें की जा चुकी हैं।
उन्होंने कहा कि कुमाऊं संभाग में भी प्रत्येक संसदीय क्षेत्र के अनुसार सांसदों और विधायकों के साथ चर्चा की गई है। अब गढ़वाल संभाग की बैठकों में भी विभिन्न विषयों की समीक्षा कर आवश्यक फीडबैक लिया गया है। इसके आधार पर पार्टी की ओर से आगामी समय के लिए कार्ययोजनाएं तैयार की गई हैं, जिन्हें संगठन स्तर पर आगे लागू किया जाएगा।
विकास योजनाओं को जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर जोर
मुख्यमंत्री धामी ने बैठक में जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं से डबल इंजन सरकार की विकास योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को अधिक प्रभावी तरीके से जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र और जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचे, इसमें संगठन की भूमिका महत्वपूर्ण है। मानसून के दौरान प्राकृतिक आपदाओं को देखते हुए उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों से प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय बनाकर प्रभावित लोगों की हरसंभव मदद करने को भी कहा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि मिलकर जनता की सेवा करें तथा क्षेत्र में आवश्यक विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाए।
70 विधानसभा सीटों पर हुई विस्तृत चर्चा: महेंद्र भट्ट
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बताया कि गढ़वाल संभाग की तीनों लोकसभा क्षेत्रों की बैठकों में प्रत्येक विधानसभा के राजनीतिक परिदृश्य पर चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में जीत के लिए आवश्यक संगठनात्मक कार्यक्रमों, विधायकों के विधानसभा क्षेत्रों में प्रवास तथा सरकार के स्तर से कराए जा सकने वाले विकास कार्यों पर मंथन हुआ।
उन्होंने बताया कि युवाओं, महिलाओं और पूर्व सैनिकों से जुड़े कार्यक्रमों की रूपरेखा और उनके आयोजन के समय को लेकर भी चर्चा की गई। विधायकों ने अपने-अपने क्षेत्रों की राजनीतिक परिस्थितियों, जनता की समस्याओं और उनके समाधान से जुड़े सुझाव प्रदेश नेतृत्व के सामने रखे।
भट्ट के अनुसार, बैठक में विधायकों और संगठन के बीच बेहतर समन्वय पर भी विशेष जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय को और मजबूत करने के लिए मंडल पदाधिकारियों और प्रदेश स्तर तक के पदाधिकारियों के साथ विधायकों की सामूहिक बैठकें भी जल्द आयोजित की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि कुमाऊं और गढ़वाल संभाग की बैठकों में सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों पर विस्तृत चर्चा की गई है। कमजोर और पिछली बार अपेक्षित प्रदर्शन न करने वाली सीटों के लिए भी अलग रणनीति पर विचार किया गया है।
भाजपा का घोषणा पत्र जनता के फीडबैक पर आधारित: भट्ट
कांग्रेस की मेनिफेस्टो कमेटी को लेकर पूछे गए सवाल पर महेंद्र भट्ट ने कहा कि भाजपा अपनी चुनावी रणनीति तय समय के अनुसार आगे बढ़ाती है। उन्होंने कहा कि पार्टी संगठनात्मक स्तर पर जनता से फीडबैक लेकर घोषणा पत्र तैयार करती है और इस संबंध में बैठकें चल रही हैं।
भट्ट ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस में कमेटियां बनती रहती हैं, लेकिन उनका जनता पर कोई प्रभाव नहीं पड़ता और न ही उनके परिणाम सामने आते हैं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा का घोषणा पत्र धरातल पर उतरने वाले विकास और जनकल्याण के कार्यों पर केंद्रित होता है।
‘विकास के 10 साल के ट्रैक रिकॉर्ड पर चुनाव लड़ेगी भाजपा’: बलूनी
भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया संयोजक एवं गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि पार्टी हर चुनाव में पूरी मेहनत करती है और इस बार भी पहले से अधिक मेहनत की जाएगी। उन्होंने कहा कि पिछली बार जहां कुछ कमी रह गई थी, उसे इस बार पूरा करने का प्रयास होगा।
बलूनी ने कहा कि भाजपा की चुनावी तैयारी विकास आधारित है। पिछले करीब 10 वर्षों में उत्तराखंड में हुए विकास कार्यों और सरकार के ट्रैक रिकॉर्ड को जनता के सामने रखा जाएगा।
उन्होंने कहा कि राज्य की वर्तमान स्थिति की तुलना करीब एक दशक पहले की स्थिति से की जाए तो उत्तराखंड में विकास की दिशा में बदलाव स्पष्ट दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि भाजपा अपने कार्यकाल और ट्रैक रिकॉर्ड के आधार पर जनता के बीच जाएगी तथा उत्तराखंड के विकास के लिए पार्टी के दीर्घकालिक विजन के साथ आगे बढ़ेगी।
बलूनी ने विश्वास जताया कि विकास कार्यों के आधार पर उत्तराखंड की जनता आगामी विधानसभा चुनाव में भी भाजपा को अपना समर्थन देगी।
हरिद्वार में अधिक सीटें जीतने का दावा
हरिद्वार सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा कार्यकर्ता पूरी मेहनत से चुनाव मैदान में उतरेंगे। उन्होंने कहा कि चुनाव में थोड़ी भी लापरवाही नुकसान पहुंचा सकती है, इसलिए संगठन को पूरी ताकत के साथ काम करना होगा।
हरिद्वार की पिछली विधानसभा चुनावी स्थिति का उल्लेख करते हुए रावत ने कहा कि पिछली बार पार्टी जिस स्थिति में होना चाहती थी, वहां नहीं पहुंच सकी थी। उन्होंने दावा किया कि इस बार पार्टी अधिक मेहनत करेगी और हरिद्वार जिले में पिछली बार से अधिक विधानसभा सीटों पर भाजपा की जीत सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।
बैठक में सांसदों, विधायकों और जिलाध्यक्षों के अलावा प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत, कुंदन परिहार और तरुण बंसल सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता
#उत्तराखंड #भाजपा #पुष्करसिंहधामी #महेंद्रभट्ट #अनिलबलूनी #त्रिवेंद्रसिंहरावत #2027विधानसभाचुनाव #गढ़वाल #हरिद्वार #देहरादून #Uttarakhand



No Previous Comments found.