20 हजार बहनों ने मंत्री गणेश जोशी की कलाई पर बांधा रक्षा सूत्र, बोले- बहनों का स्नेह मेरी सबसे बड़ी ताकत

रक्षा बंधन समारोह में मुख्यमंत्री धामी ने कहा- मातृशक्ति का यह स्नेह गणेश जोशी की जनसेवा का प्रमाण, महिला सशक्तिकरण को सरकार की प्राथमिकता

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 24 Aug, 2026 03:51 PM
20 हजार बहनों ने मंत्री गणेश जोशी की कलाई पर बांधा रक्षा सूत्र, बोले- बहनों का स्नेह मेरी सबसे बड़ी ताकत

देहरादून, 23 अगस्त। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी की ओर से हर वर्ष आयोजित होने वाला रक्षाबंधन समारोह इस बार भी भव्य रूप से आयोजित किया गया। हाथीबड़कला स्थित सर्वे स्टेडियम में आयोजित समारोह में करीब 20 हजार बहनों और मातृशक्ति ने मंत्री गणेश जोशी की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा और उनके दीर्घायु एवं सुख-समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

समारोह में राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया राहटकर और भाजपा संसदीय बोर्ड एवं केंद्रीय चुनाव समिति की सदस्य सुधा यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में वीर नारियों की भी विशेष मौजूदगी रही। गढ़वाली, कुमाऊंनी और नेपाली सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह को रंगारंग बनाया।

राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया राहटकर ने कहा कि पर्व केवल उत्सव नहीं, बल्कि सामाजिक संदेश और संस्कारों के प्रतीक होते हैं। रक्षाबंधन पर बहन द्वारा भाई की कलाई पर बांधा जाने वाला रक्षा सूत्र प्रेम, विश्वास और सुरक्षा के संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की रक्षा का अर्थ उनके सम्मान और सुरक्षा के साथ-साथ उन्हें आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना भी है।

विजया राहटकर ने कहा कि पहाड़ की बेटियां आज ‘लखपति दीदी’ और ‘ड्रोन दीदी’ बनकर नई ऊंचाइयां हासिल कर रही हैं। रक्षाबंधन का संदेश महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा, स्वावलंबन और उज्ज्वल भविष्य के संकल्प के रूप में आगे बढ़ना चाहिए।

भाजपा संसदीय बोर्ड एवं केंद्रीय चुनाव समिति की सदस्य सुधा यादव ने समारोह के आयोजन के लिए गणेश जोशी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में रक्षाबंधन का पर्व विशेष महत्व रखता है। यहां की महिलाओं ने पेड़ों को रक्षा सूत्र बांधकर प्रकृति और पर्यावरण की रक्षा का संदेश भी दिया है।

उन्होंने कहा कि समारोह में हजारों बहनों की मौजूदगी गणेश जोशी के प्रति उनके स्नेह और विश्वास को दर्शाती है। सुधा यादव ने कहा कि सैनिक के रूप में देश की सेवा करने के साथ गणेश जोशी ने समाज सेवा के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य किए हैं।

‘बहनों का स्नेह मेरे लिए किसी वरदान से कम नहीं’

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि रक्षाबंधन उनके जीवन का सबसे आत्मीय और भावनात्मक पर्व है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक पर्व नहीं, बल्कि वह अवसर है जब वह स्वयं को मंत्री से अलग एक भाई, बेटे और परिवार के जिम्मेदार सदस्य के रूप में महसूस करते हैं।

उन्होंने कहा कि पिछले कई वर्षों से मसूरी विधानसभा क्षेत्र की हजारों बहनें उन्हें राखी बांधने की परंपरा निभा रही हैं। बहनों का यह स्नेह और विश्वास उनके लिए किसी वरदान से कम नहीं है। मसूरी विधानसभा क्षेत्र की प्रत्येक बहन उनके परिवार का हिस्सा है और उनका स्नेह ही उनकी सबसे बड़ी ताकत और प्रेरणा है।

गणेश जोशी ने कहा कि उनका प्रयास है कि रक्षाबंधन पर बांधा जाने वाला रक्षा सूत्र केवल प्रेम और विश्वास का प्रतीक न रहे, बल्कि बहनों के लिए वास्तविक सुरक्षा का कवच भी बने। उन्होंने कहा कि बहनों के सुख-दुख में साथ खड़ा होना उनके लिए राजनीतिक दायित्व नहीं, बल्कि पारिवारिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी बहनों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए विश्वास दिलाया कि उनका भाई गणेश जोशी सदैव उनके साथ खड़ा रहेगा।

‘20 हजार बहनों का स्नेह जनसेवा का प्रमाण’

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड की सभी माताओं और बहनों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व नहीं, बल्कि अटूट स्नेह, विश्वास, समर्पण और सुरक्षा के पवित्र संकल्प का पर्व है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि करीब 20 हजार बहनों द्वारा गणेश जोशी को राखी बांधना उनके प्रति बहनों के स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद का प्रतीक है। इतनी बड़ी संख्या में मातृशक्ति की सहभागिता गणेश जोशी के साथ उनके आत्मीय जुड़ाव और सम्मान को दर्शाती है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं और बेटियों को सशक्त, सक्षम और आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, सुकन्या समृद्धि योजना और उज्ज्वला योजना जैसी पहलों ने महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का काम किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि तीन तलाक जैसी कुप्रथा का अंत, नारी शक्ति वंदन अधिनियम, आवास योजनाओं में महिलाओं को प्राथमिकता, शौचालय निर्माण, मातृत्व अवकाश में वृद्धि तथा बेटियों के लिए सेना और सैनिक स्कूलों के द्वार खोलना महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। उन्होंने कहा कि ‘नारी तू नारायणी’ के भाव को शासन की नीतियों और कार्यसंस्कृति का हिस्सा बनाया गया है। ‘लखपति दीदी’ अभियान के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।

समारोह में राज्यमंत्री विनय रोहिला, भाजपा प्रदेश मंत्री नेहा जोशी, दायित्वधारी ज्योति कोटिया, दायित्वधारी शमशेर सिंह बिष्ट, महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति और अन्य लोग मौजूद रहे।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2