उत्तराखंड में ₹8,279 करोड़ के तीन बड़े कॉरिडोर प्रोजेक्ट्स को रफ्तार, धामी ने दिसंबर तक हरिद्वार के प्रमुख विकास कार्य पूरे करने के दिए निर्देश

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 27 Nov, 2026 06:33 PM
उत्तराखंड में ₹8,279 करोड़ के तीन बड़े कॉरिडोर प्रोजेक्ट्स को रफ्तार, धामी ने दिसंबर तक हरिद्वार के प्रमुख विकास कार्य पूरे करने के दिए निर्देश

देहरादून, 27 नवंबर 2026। उत्तराखंड में धार्मिक पर्यटन, आधुनिक शहरी सुविधाओं और आधारभूत ढांचे को नई पहचान देने की दिशा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखंड निवेश और आधारभूत संरचना विकास बोर्ड (UIIDB) की पांचवीं बैठक आयोजित हुई। इसमें हरिद्वार गंगा कॉरिडोर, ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर और शारदा रिवरफ्रंट कॉरिडोर समेत राज्य की महत्वाकांक्षी अवसंरचनात्मक परियोजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

तीनों कॉरिडोर के तहत कुल 8,279 करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं, जिनमें लगभग 1,109 करोड़ रुपये की परियोजनाएं वर्तमान में क्रियान्वयन के चरण में हैं। इन परियोजनाओं से प्रदेश में पर्यटन गतिविधियों को विस्तार मिलने के साथ ही 21 से 27 हजार लोगों को प्रत्यक्ष और 45 से 53 हजार लोगों को अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने का अनुमान है।

एक महीने में धरातल पर दिखें विकास कार्य, अधिकारियों को मुख्यमंत्री की दो टूक

समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माणाधीन परियोजनाओं में तेजी लाई जाए और जिन नई परियोजनाओं को तत्काल शुरू किया जा सकता है, उनकी आवश्यक प्रक्रियाएं शीघ्र पूरी कर काम प्रारंभ कराया जाए। उन्होंने कहा कि आगामी एक माह के भीतर कुछ परियोजनाओं के कार्य धरातल पर दिखाई देने चाहिए। इसके लिए संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास परियोजनाएं केवल निर्माण तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि उनमें संबंधित क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान, धार्मिक महत्व, प्राकृतिक विशेषताओं और स्थानीय विरासत का भी समावेश होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र विशेष की पहचान को ध्यान में रखकर परियोजनाओं को आगे बढ़ाया जाए, ताकि पर्यटन के साथ स्थानीय रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल सके।

हरिद्वार गंगा कॉरिडोर: ₹3,297 करोड़ की परियोजनाओं से बदलेगा तीर्थनगरी का स्वरूप

हरिद्वार गंगा कॉरिडोर के अंतर्गत कुल 3,297 करोड़ रुपये लागत की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं। इनमें लगभग 495 करोड़ रुपये की परियोजनाएं क्रियान्वयन के चरण में हैं। समीक्षा के दौरान बताया गया कि प्रशासनिक मार्ग के विकास का 75 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।

इसी प्रकार हरकी पैड़ी के उत्तरी क्षेत्र में विकास कार्यों की 70 प्रतिशत प्रगति दर्ज की गई है, जबकि हरकी पैड़ी और सुभाष घाट के पुनर्विकास का 50 प्रतिशत तथा रोड़ी बेलवाला क्षेत्र के पुनर्विकास का 45 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।

श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मां मनसा देवी और मां चंडी देवी मंदिरों के पहुंच मार्गों के विकास का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है। इनमें क्रमशः 55 और 50 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। इन महत्वपूर्ण कार्यों को दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वहीं, सतीकुंड के पुनर्विकास का 30 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है, जिसे अप्रैल 2027 तक पूर्ण करने का लक्ष्य है।

ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर: त्रिवेणी घाट से आस्था पथ तक विकास कार्य तेज

ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर के अंतर्गत 3,456 करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं, जिनमें 274 करोड़ रुपये की परियोजनाएं निर्माण एवं क्रियान्वयन के चरण में हैं।

जानकी झूला के समीप एकीकृत कमांड एवं कंट्रोल सेंटर का 39 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। इसे जून 2027 तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।

इसके अलावा 115.07 करोड़ रुपये की लागत से त्रिवेणी घाट का विकास, 35.78 करोड़ रुपये से आस्था पथ का सौंदर्यीकरण और 32.28 करोड़ रुपये की लागत से चंद्रभागा पैदल पुल का निर्माण कराया जा रहा है। शिवपुरी और नीम बीच क्षेत्र में राफ्टिंग से जुड़ी सुविधाओं तथा पर्यटकों के लिए आवश्यक आधारभूत ढांचे का भी विकास किया जा रहा है।

शारदा रिवरफ्रंट कॉरिडोर: आपदा सुरक्षा और शहरी सुविधाओं पर विशेष जोर

शारदा रिवरफ्रंट कॉरिडोर के अंतर्गत 1,526 करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं। इनमें 340.49 करोड़ रुपये की परियोजनाएं क्रियान्वयन के चरण में हैं।

इस कॉरिडोर के तहत आपदा जोखिम कम करने के उद्देश्य से 85.23 करोड़ रुपये की लागत से पारिस्थितिक कॉरिडोर विकसित किया जा रहा है, जिसका 75 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। वहीं, 184.20 करोड़ रुपये की लागत से शारदा घाट के पुनर्विकास का 30 प्रतिशत और 66.49 करोड़ रुपये की लागत से शहरी जल निकासी योजना के प्रथम चरण का 13 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।

इसके साथ ही टनकपुर बस टर्मिनल का निर्माण भी अंतिम चरण में पहुंच गया है। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में शहरी सुविधाओं के विस्तार और पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है।

श्रीनगर-बेलकेदार में 72 हेक्टेयर में विकसित होगा आध्यात्मिक आर्थिक क्षेत्र

बैठक में श्रीनगर-बेलकेदार क्षेत्र में लगभग 72 हेक्टेयर भूमि पर आध्यात्मिक आर्थिक क्षेत्र (स्पिरिचुअल इकोनॉमिक जोन) विकसित करने की योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई। इसके साथ ही साहसिक पर्यटन को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने, पर्यटन सुविधाओं के विस्तार, निजी निवेश को प्रोत्साहित करने तथा परियोजनाओं की नियमित निगरानी से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा हुई।

धार्मिक पर्यटन से रोजगार तक, उत्तराखंड के विकास को मिलेगी नई दिशा

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य की महत्वपूर्ण अवसंरचनात्मक परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करना सरकार की प्राथमिकता है। हरिद्वार, ऋषिकेश और शारदा क्षेत्र में प्रस्तावित कॉरिडोर न केवल धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों की सुविधाओं को आधुनिक बनाएंगे, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था, निवेश और रोजगार के नए अवसर भी पैदा करेंगे।

बैठक में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, प्रदीप बत्रा, अवस्थापना अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष विश्वास डाबर, मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव रविनाथ रमन, डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, स्थानिक आयुक्त अजय मिश्रा तथा संबंधित कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी उपस्थित रहे।

आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता

#Uttarakhand #PushkarSinghDhami #HaridwarGangaCorridor #Rishikesh #ShardaRiverfront #UttarakhandDevelopment #Yugvarta


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.