उत्तराखंड: 36 नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को CM धामी ने सौंपे नियुक्ति पत्र, 13 बेटियों ने भी हासिल की सफलता

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दिया ईमानदारी, निष्पक्षता और संवेदनशीलता से काम करने का संदेश; बोले-आमजन को तहसीलों के चक्कर न लगाने पड़ें, समयबद्ध हो राजस्व मामलों का निस्तारण

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 25 Nov, 2026 01:04 PM
उत्तराखंड: 36 नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को CM धामी ने सौंपे नियुक्ति पत्र, 13 बेटियों ने भी हासिल की सफलता

देहरादून, 25 नवंबर 2026

उत्तराखंड में राजस्व प्रशासन को और अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में 36 नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। चयनित अभ्यर्थियों में 13 बेटियों के शामिल होने पर मुख्यमंत्री ने विशेष प्रसन्नता व्यक्त की और इसे प्रदेश की अन्य बेटियों के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बताया। उन्होंने सभी नवनियुक्त अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि सरकारी सेवा में चयन केवल एक उपलब्धि नहीं, बल्कि जनता के प्रति महत्वपूर्ण जिम्मेदारी की शुरुआत है।

मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों से स्पष्ट शब्दों में कहा कि वे अपने सेवाकाल में ईमानदारी, निष्पक्षता, पारदर्शिता और संवेदनशीलता को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। उनकी कार्यशैली ऐसी होनी चाहिए कि आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से तहसीलों के चक्कर न लगाने पड़ें और प्रत्येक पात्र व्यक्ति को समय पर न्याय एवं राहत मिल सके।

भूमि और राजस्व से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता जरूरी

मुख्यमंत्री ने कहा कि नायब तहसीलदार राजस्व प्रशासन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके निर्णय सीधे तौर पर आमजन की भूमि, आजीविका और अधिकारों से जुड़े होते हैं। ऐसे में नामांतरण, पैमाइश, सीमांकन और राजस्व अभिलेखों से संबंधित मामलों का निस्तारण पूरी सावधानी और निर्धारित समयसीमा के भीतर किया जाना चाहिए।

उन्होंने विशेष रूप से कहा कि किसान के लिए उसकी भूमि केवल संपत्ति नहीं, बल्कि परिवार की आजीविका और बच्चों के भविष्य का आधार होती है। इसलिए राजस्व संबंधी प्रत्येक मामले का निस्तारण करते समय अधिकारियों को संबंधित परिवार की परिस्थितियों और समस्याओं को भी समझना चाहिए।

बुजुर्गों और दिव्यांगों की समस्याओं को दें प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि तहसील पहुंचने वाले प्रत्येक व्यक्ति की बात धैर्यपूर्वक सुनी जाए और उसे आवश्यक दस्तावेजों एवं सरकारी प्रक्रियाओं की स्पष्ट जानकारी दी जाए। पर्वतीय क्षेत्रों की भौगोलिक परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि दूरस्थ गांवों से तहसील पहुंचने वाले बुजुर्गों और दिव्यांगजनों की समस्याओं के समाधान पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि आपदा की स्थिति में भी राजस्व अधिकारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान का सही और समयबद्ध आकलन सुनिश्चित किया जाए, ताकि पीड़ित परिवारों को नियमानुसार राहत एवं सहायता जल्द उपलब्ध कराई जा सके।

भ्रष्टाचार और सिफारिश के दबाव से दूर रहें अधिकारी

मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति का उल्लेख करते हुए कहा कि अधिकारी किसी भी प्रकार के राजनीतिक या अन्य दबाव, सिफारिश अथवा प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना नियमों और तथ्यों के आधार पर निर्णय लें। बिना किसी सिफारिश के आने वाले व्यक्ति का जायज काम भी पूरी तत्परता से होना चाहिए। यही निष्पक्ष और जवाबदेह प्रशासन की असली पहचान है।

उन्होंने प्रदेश सरकार के मूल मंत्र ‘सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टिकरण’ को अपनी कार्यशैली का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। साथ ही नागरिकों को उनके आवेदनों की स्थिति की स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराने और सरकारी प्रक्रियाओं को सरल बनाने पर जोर दिया।

पांच साल में 36 हजार से अधिक युवाओं को मिली सरकारी नौकरी

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और युवाओं के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया है। सरकार के प्रयासों से पिछले पांच वर्षों में 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक नियुक्ति के पीछे किसी युवा की वर्षों की मेहनत और उसके परिवार की उम्मीदें जुड़ी होती हैं। इसलिए नवनियुक्त अधिकारी अपने पद की गरिमा बनाए रखते हुए जनता के विश्वास पर खरा उतरने का प्रयास करें। उनकी वास्तविक पहचान इस बात से बनेगी कि आमजन कितने भरोसे के साथ अपनी समस्याएं लेकर उनके पास आते हैं और उन्हें कितनी सहजता से समाधान मिलता है।

मुख्य सचिव ने भी जनसेवा को बताया प्राथमिक दायित्व

इस अवसर पर मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकारी सेवा केवल नौकरी नहीं, बल्कि जनसेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। अधिकारियों को इस सोच के साथ काम करना चाहिए कि राजस्व प्रशासन के जरिए आमजन को अधिकतम लाभ कैसे पहुंचाया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि विशेष रूप से उन लोगों के प्रति अधिकारियों की जिम्मेदारी अधिक है, जिनकी प्रशासन तक पहुंच केवल तहसील स्तर तक ही सीमित है। मुख्य सचिव ने विश्वास व्यक्त किया कि सभी नवनियुक्त अधिकारी जिस उद्देश्य और संकल्प के साथ सरकारी सेवा में आए हैं, उसे पूरा करने में सफल होंगे।

कार्यक्रम में सचिव राजस्व एस.एन. पाण्डेय, सचिव एवं आयुक्त राजस्व परिषद रंजना राजगुरु सहित राजस्व विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.