उत्तराखण्ड में 28 नवंबर को 300 स्थानों पर होगी मेगा मॉक ड्रिल, भूकंप से लेकर टनल हादसे तक की परखेंगे तैयारियां
सिल्क्यारा रेस्क्यू अभियान की सफलता की वर्षगांठ पर राज्य आपदा प्रबंधन दिवस की शुरुआत, 13 जनपदों की तैयारियों की हुई समीक्षा; राहत शिविरों से लेकर बचाव संसाधनों तक का होगा परीक्षण
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 25 Nov, 2026 08:22 PMदेहरादून, 25 नवंबर। उत्तराखण्ड में आपदा प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा किसी भी आपातकालीन स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के लिए राज्यव्यापी स्तर पर व्यापक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। आगामी 28 नवंबर को राज्य के सभी 13 जनपदों में 250 से 300 स्थानों पर एक साथ मेगा मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। इसमें भूकंप, भूस्खलन, बादल फटना, अचानक बाढ़, हिमस्खलन, टनल दुर्घटना और औद्योगिक हादसों समेत विभिन्न आपदा परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखा जाएगा।
सिल्क्यारा टनल रेस्क्यू अभियान की सफलता की वर्षगांठ के अवसर पर 28 नवंबर को मनाए जाने वाले राज्य आपदा प्रबंधन दिवस के तहत बुधवार को राज्य स्तरीय टेबल टॉप एक्सरसाइज आयोजित की गई। उत्तराखण्ड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (यूएसडीएमए) स्थित राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र में आयोजित इस अभ्यास की अध्यक्षता आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास सचिव विनोद कुमार सुमन ने की। इसमें प्रदेश के सभी 13 जनपदों के अधिकारियों और विभिन्न संबंधित विभागों ने प्रतिभाग किया।
13 जनपदों की तैयारियों का हुआ परीक्षण
टेबल टॉप एक्सरसाइज के दौरान विभिन्न संभावित आपदा परिदृश्यों के आधार पर जनपदों की तैयारियों, त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता, विभागीय समन्वय, संसाधनों की उपलब्धता और आपातकालीन संचार व्यवस्था की समीक्षा की गई। साथ ही राहत एवं बचाव कार्यों की योजना, कमांड एवं कंट्रोल सिस्टम तथा विभिन्न एजेंसियों की जिम्मेदारियों का भी आकलन किया गया।
अभ्यास के दौरान अधिकारियों के सामने अलग-अलग आपदा परिस्थितियां रखी गईं। उनसे यह जानकारी ली गई कि आपदा की सूचना मिलने के बाद राहत एवं बचाव दलों की तैनाती, प्रभावित लोगों की सुरक्षित निकासी, घायलों को चिकित्सा सुविधा, राहत सामग्री की उपलब्धता और अन्य एजेंसियों के साथ समन्वय किस प्रकार सुनिश्चित किया जाएगा।
आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन ने कहा कि टेबल टॉप एक्सरसाइज का उद्देश्य केवल योजनाओं की समीक्षा करना नहीं, बल्कि वास्तविक आपदा के समय प्रतिक्रिया तंत्र की तत्परता और प्रभावशीलता का आकलन करना है। आपदा के दौरान कुछ मिनट भी बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। ऐसे में प्रत्येक जनपद में एजेंसियों की जिम्मेदारियां, संसाधनों की उपलब्धता, संचार व्यवस्था और कमांड एवं नियंत्रण प्रणाली पूरी तरह स्पष्ट होनी चाहिए।
सिल्क्यारा रेस्क्यू से मिली सीख पर विशेष जोर
सचिव ने कहा कि सिल्क्यारा टनल रेस्क्यू अभियान ने साबित किया कि चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में मजबूत समन्वय, स्पष्ट जिम्मेदारियां, विशेषज्ञता, त्वरित निर्णय और संसाधनों का प्रभावी इस्तेमाल लोगों की जान बचाने में निर्णायक साबित होता है। इसी अनुभव को प्रदेश की आपदा प्रतिक्रिया व्यवस्था में शामिल करते हुए उसे और मजबूत बनाने के उद्देश्य से टेबल टॉप एक्सरसाइज और राज्यव्यापी मॉक ड्रिल आयोजित की जा रही है।
भूकंप, बादल फटने से लेकर हेली इमरजेंसी तक का अभ्यास
28 नवंबर को प्रस्तावित मॉक ड्रिल में उत्तराखण्ड की भौगोलिक परिस्थितियों और आपदा संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए कई तरह के आपातकालीन परिदृश्यों को शामिल किया गया है। इनमें भूकंप, भूस्खलन, बादल फटना, अचानक बाढ़, ग्लेशियल लेक आउटबर्स्ट फ्लड (GLOF), हिमस्खलन, अतिवृष्टि, नदियों का जलस्तर बढ़ना और जंगलों में आग लगने जैसी प्राकृतिक आपदाएं शामिल हैं।
इसके अलावा टनल दुर्घटना, सड़क हादसा, भवन क्षति, आगजनी, औद्योगिक एवं रासायनिक दुर्घटना, विद्युत हादसा, बांध या जलाशय से अचानक पानी छोड़े जाने, हेली इमरजेंसी और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर भगदड़ जैसी परिस्थितियों से निपटने का भी अभ्यास किया जाएगा।
राहत शिविरों में भोजन, पानी और चिकित्सा सुविधाओं की होगी जांच
मॉक ड्रिल के दौरान केवल बचाव अभियान ही नहीं, बल्कि आपदा प्रभावित लोगों के लिए स्थापित किए जाने वाले राहत शिविरों की व्यवस्थाओं का भी परीक्षण होगा। शिविरों में बिजली, स्वच्छ पेयजल, भोजन, प्राथमिक चिकित्सा, शिशु आहार और गर्भवती महिलाओं के लिए आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता परखी जाएगी।
महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस एवं होमगार्ड के जवानों की तैनाती और सुरक्षा व्यवस्था का भी अभ्यास किया जाएगा।
आपदा मित्रों, पूर्व सैनिकों और स्वयंसेवी संगठनों की होगी भागीदारी
इस बार की मॉक ड्रिल में स्थानीय समुदाय की भागीदारी को विशेष महत्व दिया गया है। पूर्व सैनिकों, पूर्व अर्द्धसैनिक बलों के जवानों, आपदा मित्रों, स्वयंसेवी संस्थाओं, एनसीसी, एनएसएस, रेड क्रॉस और अन्य स्थानीय स्वयंसेवी समूहों को भी अभ्यास से जोड़ा जाएगा।
विनोद कुमार सुमन ने कहा कि आपदा के समय स्थानीय समुदाय सबसे पहले प्रतिक्रिया देने वाली इकाई होता है। इसलिए सरकार का उद्देश्य लोगों को केवल आपदा के प्रति जागरूक करना नहीं, बल्कि उन्हें प्रशिक्षित और सक्षम बनाकर प्रारंभिक राहत एवं बचाव कार्यों के लिए तैयार करना है।
एसडीआरएफ और एनडीआरएफ दिखाएंगे आधुनिक बचाव उपकरण
मॉक ड्रिल के दौरान एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस, अग्निशमन सेवा, स्वास्थ्य विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियों की ओर से आधुनिक आपदा प्रबंधन उपकरणों, खोज एवं बचाव संसाधनों, संचार प्रणालियों और आपातकालीन प्रतिक्रिया वाहनों का प्रदर्शन भी किया जाएगा। विभिन्न उपकरणों के संचालन का व्यावहारिक अभ्यास भी होगा।
स्कूलों और सरकारी कार्यालयों में भी चलेगा जागरूकता अभियान
राज्य आपदा प्रबंधन दिवस के तहत सरकारी कार्यालयों में अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता एवं कार्यशीलता, आपातकालीन निकासी व्यवस्था और कर्मचारियों की तैयारियों की समीक्षा की जा रही है। वहीं विद्यालयों में मॉक ड्रिल और जागरूकता कार्यक्रमों के साथ वाद-विवाद, निबंध, पोस्टर, स्लोगन एवं चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं।
विकासखंड स्तर पर जनप्रतिनिधियों और स्थानीय समुदाय के साथ बैठकें, जागरूकता रैलियां, जनसंपर्क अभियान तथा नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से भी लोगों को आपदा सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाएगा।
सचिव विनोद कुमार सुमन ने सभी जिलाधिकारियों, संबंधित विभागों और प्रतिभागी एजेंसियों को मॉक ड्रिल पूरी गंभीरता से आयोजित करने तथा स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि मॉक ड्रिल को वास्तविक आपदा की तरह गंभीरता से लें और प्रशासन एवं बचाव दलों का सहयोग करें।
इस अवसर पर अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी (प्रशासन) प्रकाश चंद्र, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी (क्रियान्वयन) डीआईजी राजकुमार नेगी, जया बलूनी, डिप्टी कमांडेंट जनरल राजीव बलूनी, एसके राणा, संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी दिनेश कुमार पुनेठा सहित विभिन्न विभागों एवं जनपदों के अधिकारी मौजूद रहे।


No Previous Comments found.