देहरादून के 28 किसान सीखेंगे संरक्षित खेती की आधुनिक तकनीक, कृषि मंत्री गणेश जोशी ने पंतनगर के लिए दिखाई हरी झंडी
पांच दिवसीय प्रशिक्षण में पॉलीहाउस प्रबंधन, उन्नत कृषि पद्धतियों और फसल संरक्षण का मिलेगा वैज्ञानिक ज्ञान; किसानों की आय बढ़ाने पर धामी सरकार का फोकस
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 25 Nov, 2026 01:10 PMदेहरादून, 25 नवंबर 2026
उत्तराखंड में खेती को आधुनिक, तकनीक आधारित और अधिक लाभकारी बनाने की दिशा में राज्य सरकार किसानों को वैज्ञानिक प्रशिक्षण से जोड़ रही है। इसी क्रम में कृषि मंत्री गणेश जोशी ने मंगलवार को अपने कैंप कार्यालय से देहरादून जनपद के 28 किसानों के दल को संरक्षित खेती का प्रशिक्षण लेने के लिए गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर के लिए रवाना किया। कृषि मंत्री ने किसानों के वाहन को हरी झंडी दिखाकर इस पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत की।
प्रशिक्षण के लिए रवाना हुए सभी 28 किसान देहरादून जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में नाबार्ड योजनांतर्गत स्थापित पॉलीहाउस में खेती कर रहे हैं। पंतनगर विश्वविद्यालय में आयोजित प्रशिक्षण के दौरान किसानों को संरक्षित खेती की आधुनिक तकनीकों, पॉलीहाउस प्रबंधन, उन्नत कृषि पद्धतियों, फसल उत्पादन, कीट एवं रोग प्रबंधन तथा वैज्ञानिक तरीके से खेती करने की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
पॉलीहाउस खेती को मिलेगा वैज्ञानिक आधार
प्रशिक्षण का उद्देश्य किसानों को पारंपरिक कृषि पद्धतियों के साथ आधुनिक तकनीकों का प्रभावी उपयोग करना सिखाना है, ताकि वे उपलब्ध संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल करते हुए उत्पादन और खेती की गुणवत्ता में सुधार कर सकें। विशेष रूप से पॉलीहाउस प्रबंधन और फसल संरक्षण से जुड़ी तकनीकी जानकारी किसानों के लिए उपयोगी साबित होगी।
संरक्षित खेती से बढ़ेगी किसानों की आय: गणेश जोशी
इस अवसर पर कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को अधिक लाभकारी बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों को बढ़ावा देने के साथ किसानों को प्रशिक्षण और तकनीकी जानकारी उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य में संरक्षित खेती किसानों के लिए स्वरोजगार और आय बढ़ाने का एक बेहतर माध्यम है। पॉलीहाउस तकनीक के जरिए किसान कम भूमि में भी बेहतर उत्पादन प्राप्त कर सकते हैं। इसके साथ ही मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के प्रभाव को कम करने में भी संरक्षित खेती सहायक साबित होती है।
प्रशिक्षण के बाद दूसरे किसानों को भी करेंगे जागरूक
कृषि मंत्री ने उम्मीद जताई कि पंतनगर में प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद सभी किसान अपने-अपने क्षेत्रों में आधुनिक कृषि तकनीकों का उपयोग करेंगे और दूसरे किसानों को भी संरक्षित खेती अपनाने के लिए प्रेरित करेंगे। उन्होंने कहा कि किसानों को तकनीकी रूप से सक्षम बनाकर ही कृषि क्षेत्र में बेहतर परिणाम हासिल किए जा सकते हैं।
इस अवसर पर जिला उद्यान अधिकारी डॉ. डी.के. तिवारी भी उपस्थित रहे।
आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता


No Previous Comments found.