आगामी 25 से 50 वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखकर हो रहा आदर्श चम्पावत का विकास: मुख्यमंत्री धामी

सीएम धामी ने 16 विकास योजनाओं का किया लोकार्पण-शिलान्यास, सर्किट हाउस और देवभूमि रजत जयंती पार्क का भी किया लोकार्पण

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 18 Oct, 2026 06:10 PM
आगामी 25 से 50 वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखकर हो रहा आदर्श चम्पावत का विकास: मुख्यमंत्री धामी

चम्पावत, 18 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चम्पावत को विकास की बड़ी सौगात देते हुए लगभग 96 करोड़ रुपये की 16 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 67.24 करोड़ रुपये की लागत वाली 11 योजनाओं का लोकार्पण और 28.76 करोड़ रुपये की पांच योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। मुख्यमंत्री ने नवनिर्मित सर्किट हाउस और 1.37 करोड़ रुपये की लागत से बने देवभूमि रजत जयंती पार्क का भी लोकार्पण किया।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने चम्पावत विकासखंड की प्रत्येक ग्राम सभा को स्थानीय विकास कार्यों के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की। इसके साथ ही जनपद की न्याय पंचायतों में सामुदायिक भवनों के निर्माण तथा जिला बार एसोसिएशन में अधिवक्ता चैम्बर, वाहन पार्किंग और आधुनिक ई-लाइब्रेरी स्थापित करने की भी घोषणा की।

25 से 50 वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखकर विकास

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि चम्पावत को आदर्श जनपद के रूप में विकसित करना राज्य सरकार का संकल्प है। इसी उद्देश्य से आगामी 25 से 50 वर्षों की आवश्यकताओं और चुनौतियों को ध्यान में रखकर योजनाबद्ध तरीके से विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकास का वास्तविक उद्देश्य आम नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना और उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि जनपद में सड़क, परिवहन, पार्किंग, पेयजल, स्वास्थ्य और शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। कैलाश मानसरोवर यात्रा मार्ग सहित विभिन्न सड़कों को सुगम बनाने के साथ बाईपास, बहुमंजिला पार्किंग और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स जैसी परियोजनाओं पर भी काम किया जा रहा है।

टनकपुर में निर्माणाधीन अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (आईएसबीटी) से परिवहन सुविधाओं का विस्तार होने की उम्मीद है। वहीं, जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए लगभग 66 करोड़ रुपये की लागत का ड्रेनेज प्लान तैयार किया गया है। मुख्यमंत्री ने विद्युत लाइनों को भूमिगत करने और दूरस्थ क्षेत्रों में संचार सुविधाओं का विस्तार करने पर भी जोर दिया।

हर ग्राम सभा को विकास के लिए ₹10 लाख

मुख्यमंत्री ने चम्पावत विकासखंड की प्रत्येक ग्राम सभा को स्थानीय जरूरतों के अनुसार विकास कार्य कराने के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की। इस राशि का उपयोग पुस्तकालय निर्माण, सड़क सुधार, आजीविका संवर्धन, आंगनबाड़ी केंद्रों के उन्नयन सहित अन्य जनहितकारी कार्यों में किया जा सकेगा।

इसके अतिरिक्त जनपद की न्याय पंचायतों में सामुदायिक उपयोग के लिए सामुदायिक भवन बनाए जाएंगे। इन घोषणाओं का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्थानीय सुविधाओं का विस्तार करना और विकास कार्यों को ग्राम स्तर तक पहुंचाना है।

अधिवक्ताओं के लिए चैम्बर, पार्किंग और ई-लाइब्रेरी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जिला बार एसोसिएशन, चम्पावत के शपथ ग्रहण समारोह में भी मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने एसोसिएशन की नवगठित कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि अधिवक्ता न्याय व्यवस्था के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। आम नागरिकों को न्याय दिलाने और उनके संवैधानिक अधिकारों की रक्षा करने में उनकी अहम भूमिका है।

इस अवसर पर उन्होंने जिला बार एसोसिएशन में अधिवक्ताओं के लिए चैम्बर निर्माण, वाहन पार्किंग और आधुनिक ई-लाइब्रेरी स्थापित करने की घोषणा की।

पर्यटन और रोजगार को बढ़ावा देने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि चम्पावत की सांस्कृतिक विरासत, आध्यात्मिक महत्व और प्राकृतिक सुंदरता इसे विशिष्ट पहचान प्रदान करती है। राज्य सरकार जनपद में पर्यटन, रोजगार और आजीविका के अवसर बढ़ाने के लिए स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप योजनाएं आगे बढ़ा रही है।

उन्होंने विभिन्न संगठनों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव भी सुने। इस दौरान मातृशक्ति, आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं, पीआरडी जवानों, रोडवेज कर्मचारियों, पशुपालकों, पूर्व सैनिकों, राज्य आंदोलनकारियों और सहकारिता क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों सहित विभिन्न वर्गों के लोगों से मुलाकात की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। सरकार का प्रयास है कि विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे।

देवभूमि रजत जयंती पार्क का लोकार्पण

मुख्यमंत्री ने 1.37 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित देवभूमि रजत जयंती पार्क का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने पार्क में खेल रहे बच्चों को चॉकलेट वितरित कीं और स्थानीय नागरिकों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना।

मुख्यमंत्री के चम्पावत आगमन पर सर्किट हाउस हेलीपैड में जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव और जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर पुलिस बल ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया।

कार्यक्रम में दर्जा प्राप्त मंत्री श्याम नारायण पाण्डेय और मुकेश महाराना, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविन्द सामंत, जिला महामंत्री मुकेश कलखुड़िया, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पाण्डेय सहित जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता

#Champawat #PushkarSinghDhami #UttarakhandNews #Development #UttarakhandGovernment


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

kitkat ad