कुंभ-2027 की तैयारियों और विकास कार्यों के लिए धामी सरकार ने मंजूर किए 78.18 करोड़ रुपये
सड़क निर्माण, पेयजल व्यवस्था और आपदा प्रभावितों को राहत के लिए भी धनराशि स्वीकृत; हरिद्वार में म्यूजिकल फाउंटेन और भीमगोड़ा का होगा सौंदर्यीकरण
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 13 Nov, 2026 09:14 PMदेहरादून। उत्तराखण्ड में विकास कार्यों को गति देने और आगामी कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को मजबूत करने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विभिन्न योजनाओं एवं निर्माण कार्यों के लिए कुल 78.18 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। स्वीकृत धनराशि के तहत प्रदेश के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में सड़क निर्माण एवं सुधारीकरण, पेयजल सुविधाओं के विस्तार, कुंभ मेले के लिए अवस्थापना विकास और आपदा प्रभावितों को राहत एवं अनुग्रह सहायता उपलब्ध कराने के कार्य किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री की ओर से स्वीकृत योजनाओं में अल्मोड़ा, पौड़ी गढ़वाल और बागेश्वर जनपदों की सड़क परियोजनाओं के साथ हरिद्वार में कुंभ मेला-2027 की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।
अल्मोड़ा, पौड़ी और बागेश्वर में सड़कों का होगा सुधारीकरण
मुख्यमंत्री ने अल्मोड़ा जनपद के सल्ट विधानसभा क्षेत्र में मरचूला-स्याल्दे-देवालघाट मोटर मार्ग (प्रमुख जिला मार्ग, डोटियाल से चम्पानगर) के सुधारीकरण के लिए 7.57 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। इसी विधानसभा क्षेत्र में रिची-नौघर-मंडलकोट-भुजान मोटर मार्ग (एनएच-71) के चौड़ीकरण एवं डामरीकरण के लिए 6.20 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति दी गई है।
पौड़ी गढ़वाल जनपद के कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र में चिल्लरखाल-सिगड्डी-कोटद्वार-पोखरों मोटर मार्ग के किलोमीटर 13 से 16 तक सड़क सुदृढ़ीकरण के लिए 7.29 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।
वहीं, चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत फरसाड़ी-गढ़कोट-छांछरों मोटर मार्ग के पुनर्निर्माण एवं सुधारीकरण के लिए 36.12 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
बागेश्वर जनपद के कपकोट विधानसभा क्षेत्र में रिखाड़ी-बाछम (कर्मी से विनायकधार) मोटर मार्ग के किलोमीटर 21.500 से 30.050 तक बीएम/बीसी तकनीक से सुधारीकरण के लिए 9.86 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।
हरिद्वार में पेयजल व्यवस्था के लिए 3.68 करोड़ रुपये
कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत हरिद्वार के बहादराबाद, ज्वालापुर और कनखल सेक्टर में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 3.68 करोड़ रुपये की योजना को मंजूरी दी गई है।
इस धनराशि से अस्थायी पाइपलाइन बिछाने, स्टैंड पोस्ट स्थापित करने, पीवीसी टैंक लगाने, अस्थायी जल संयोजन उपलब्ध कराने, वाटर फिल्टर स्थापित करने तथा इनसे संबंधित अन्य कार्यों और रखरखाव की व्यवस्था की जाएगी। इससे कुंभ मेले के दौरान श्रद्धालुओं को पेयजल उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी।
कुंभ-2027 के लिए हरिद्वार में म्यूजिकल फाउंटेन और सौंदर्यीकरण कार्य
कुंभ मेला-2027 के अंतर्गत हरिद्वार को बेहतर पर्यटन एवं धार्मिक अनुभव प्रदान करने और शहर की व्यवस्थाओं को आधुनिक स्वरूप देने के लिए कई परियोजनाओं को वित्तीय स्वीकृति दी गई है।
इसके तहत हरिद्वार में वाटर स्क्रीन पर मल्टीमीडिया शो के साथ म्यूजिकल फाउंटेन की डिजाइनिंग, आपूर्ति, स्थापना एवं कमीशनिंग के लिए 4.43 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
इसके अतिरिक्त भीमगोड़ा क्षेत्र के सौंदर्यीकरण एवं उन्नयन कार्य के लिए 3.43 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है। हरिद्वार शहर में शिव मूर्ति चौक से आर्य नगर चौक तक पुराने नाले के किनारे सड़क डिवाइडर के पुनर्विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए 7.35 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
वहीं, कुंभ एवं अर्द्धकुंभ मेले की व्यवस्थाओं के लिए मशीन, उपकरण, सज्जा एवं संयंत्रों की खरीद हेतु पुलिस महानिदेशक के निवर्तन पर 10 करोड़ रुपये की धनराशि रखे जाने का भी अनुमोदन प्रदान किया गया है।
ऊधमसिंह नगर के आपदा प्रभावितों को मिलेगी 18 करोड़ की सहायता
मुख्यमंत्री ने ऊधमसिंह नगर जनपद में प्राकृतिक आपदा से प्रभावित व्यक्तियों को राहत एवं अनुग्रह सहायता उपलब्ध कराने के लिए 18 करोड़ रुपये की धनराशि आवंटित किए जाने का अनुमोदन भी प्रदान किया है। इस धनराशि से आपदा प्रभावित लोगों को निर्धारित मानकों के अनुसार राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
इन स्वीकृतियों के माध्यम से राज्य सरकार ने सड़क संपर्क, पेयजल आपूर्ति, आपदा राहत और कुंभ मेला-2027 की तैयारियों से जुड़े कार्यों को वित्तीय गति देने की दिशा में कदम बढ़ाया है। विशेष रूप से हरिद्वार में प्रस्तावित अवस्थापना एवं सौंदर्यीकरण कार्यों से आगामी कुंभ मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।


No Previous Comments found.