कुंभ-2027 से पहले हरिद्वार में पूरा हो पीएनजी नेटवर्क: मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन
बारिश के बाद पाइपलाइन बिछाने का काम युद्धस्तर पर शुरू करने के निर्देश, नई सड़कों के निर्माण से पहले पीएनजी पाइपलाइन का प्रावधान सुनिश्चित करने पर जोर
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 24 Aug, 2026 03:59 PMदेहरादून, 24 अगस्त 2026। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने प्रदेश में पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) पाइपलाइन और कनेक्शन विस्तार की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। सोमवार को सचिवालय में विभागीय अधिकारियों, गैस कंपनियों, संबंधित एजेंसियों और जिलाधिकारियों के साथ हुई बैठक में उन्होंने विशेष रूप से कुंभ-2027 से पहले हरिद्वार में पीएनजी से जुड़े सभी आवश्यक कार्य पूरे करने को कहा।
मुख्य सचिव ने गैस कंपनियों और संबंधित एजेंसियों को कार्यों की गति बढ़ाने के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारिश का मौसम समाप्त होने और सड़क खुदाई की अनुमति मिलते ही पीएनजी पाइपलाइन बिछाने का काम युद्धस्तर पर शुरू किया जाए। हरिद्वार में कुंभ-2027 की तैयारियों को देखते हुए पीएनजी नेटवर्क से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए गए।
नई सड़कों के निर्माण से पहले हो पीएनजी पाइपलाइन की योजना
मुख्य सचिव ने सभी जिलों में संबंधित एजेंसियों को अपनी विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में नई सड़कें अथवा अन्य निर्माण कार्य प्रस्तावित हैं, वहां पीएनजी पाइपलाइन की व्यवस्था पहले से ही कार्ययोजना में शामिल की जाए।
उन्होंने कहा कि इससे भविष्य में बार-बार सड़कों की खुदाई करने की जरूरत नहीं पड़ेगी और समय तथा संसाधनों की बचत होगी। उन्होंने सड़क कटिंग और रोड डिगिंग से संबंधित प्रावधानों को भी प्रस्तावित नीति में शामिल करने के निर्देश दिए।
पीएनजी इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए भूमि आवंटन की बनेगी स्पष्ट नीति
मुख्य सचिव ने आपूर्ति विभाग को पीएनजी इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार के लिए गैस कंपनियों को भूमि आवंटन, किराये या लीज पर भूमि उपलब्ध कराने से संबंधित स्पष्ट नीति जल्द तैयार करने को कहा।
उन्होंने कहा कि इससे विभिन्न जिलों में पीएनजी प्लांट और अन्य आवश्यक इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए भूमि उपलब्ध कराने में आ रही समस्याओं का समाधान होगा और परियोजनाओं की गति बढ़ेगी। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सड़क एवं अन्य सार्वजनिक परिसंपत्तियों को खुदाई के बाद निर्धारित शर्तों के अनुसार शीघ्र पूर्व स्वरूप में लाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
हर सप्ताह के लक्ष्य के आधार पर होगी प्रगति की निगरानी
मुख्य सचिव ने कहा कि पीएनजी से जुड़े कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए प्रत्येक एजेंसी विस्तृत टाइमलाइन और टाइमफ्रेम तैयार करे। परियोजना के पूरा होने तक हर सप्ताह के लिए स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित किए जाएं और साप्ताहिक प्रगति के आधार पर कार्यों की निगरानी की जाए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों और एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समयसीमा में सभी कार्य पूरे करने के निर्देश दिए। साथ ही, भारत सरकार की गोवर्धन योजना के तहत उपलब्ध सब्सिडी का लाभ लेने की दिशा में भी प्रभावी कार्रवाई करने को कहा।
बैठक में अपर सचिव रुचि मोहन रयाल, जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा, आयुक्त खाद्य एवं आपूर्ति बीएल राणा, अपर आयुक्त पीएस पांगती सहित विभिन्न जिलों के जिलाधिकारी और गैस एजेंसियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।



No Previous Comments found.