मिशन 2027 को लेकर भाजपा मीडिया टीम ने बनाई रणनीति, महेंद्र भट्ट ने दो-तिहाई बहुमत का लक्ष्य दिया
प्रदेश अध्यक्ष ने सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के दिए निर्देश
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 15 Sep, 2026 08:43 PMदेहरादून, 15 सितंबर 2026। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मंगलवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय में प्रदेश मीडिया टीम की बैठक आयोजित हुई, जिसमें मिशन 2027 की चुनावी रणनीति और मीडिया विभाग की आगामी भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने पार्टी के सामने लगातार तीसरी बार सरकार बनाने के साथ दो-तिहाई बहुमत हासिल करने का लक्ष्य रखा।
वर्चुअल माध्यम से बैठक को संबोधित करते हुए महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश की डबल इंजन सरकार विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने में पार्टी के मीडिया विभाग की भूमिका महत्वपूर्ण है।
सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर
भट्ट ने कहा कि विकसित उत्तराखंड से विकसित भारत के निर्माण के लक्ष्य को आगे बढ़ाने के लिए भाजपा सरकार को तीसरी बार अवसर देने का माहौल तैयार है। उन्होंने मीडिया पदाधिकारियों से सरकार के विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और संगठन की गतिविधियों को प्रभावी ढंग से आम जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में पार्टी के सामने कोई बड़ी चुनौती नहीं है, लेकिन भाजपा का लक्ष्य केवल जीत की हैट्रिक तक सीमित नहीं है। पार्टी दो-तिहाई बहुमत के साथ सरकार बनाने की दिशा में काम करेगी। इसके लिए सभी उपलब्ध मीडिया माध्यमों और डिजिटल प्लेटफॉर्म का प्रभावी उपयोग किया जाना चाहिए।
सेवा संकल्प अभियान को व्यापक बनाने के निर्देश
बैठक में प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने 17 सितंबर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर शुरू होने वाले सेवा संकल्प अभियान के कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अभियान के सभी कार्यक्रमों को व्यापक और प्रभावी बनाने के लिए मीडिया टीम को बेहतर समन्वय के साथ काम करना होगा।
उन्होंने मीडिया पदाधिकारियों से यह सुनिश्चित करने को कहा कि पार्टी के कार्यक्रमों की जानकारी समय पर आम जनता तक पहुंचे, जिससे अधिक से अधिक लोग कार्यक्रमों में शामिल होकर योजनाओं और अभियानों का लाभ उठा सकें।
रियल टाइम मीडिया रणनीति पर जोर
प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने बैठक में मीडिया विभाग की आगामी रणनीति प्रदेश नेतृत्व के सामने रखी। उन्होंने कहा कि सरकार के कार्यों और संगठन की गतिविधियों को रियल टाइम बेसिस पर जनता तक पहुंचाने के लिए मीडिया टीम सक्रियता से काम करेगी।
उन्होंने जिला और प्रदेश स्तर के मीडिया तंत्र के बीच बेहतर समन्वय पर जोर देते हुए कहा कि जिला स्तर की महत्वपूर्ण गतिविधियों और उपलब्धियों की जानकारी समयबद्ध तरीके से प्रदेश एवं राष्ट्रीय मीडिया तक पहुंचनी चाहिए। साथ ही सोशल मीडिया के सभी प्रमुख डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पार्टी की प्रभावी और नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य प्रदेश प्रवक्ता सुरेश जोशी, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी राजेंद्र नेगी, विनय गोयल, प्रदेश प्रवक्ता नवीन ठाकुर, शादाब शम्स, हनी पाठक, कमलेश रमन, मथुरा दत्त जोशी, संपर्क प्रमुख हरीश चमोली समेत भाजपा के जिला मीडिया संयोजक और सह संयोजक शामिल हुए।
आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता
#BJP #Uttarakhand #Mission2027 #MahendraBhatt #PushkarSinghDhami #BJPMediaTeam #SevaSankalpAbhiyan #UttarakhandPolitics



No Previous Comments found.