उत्तराखण्ड चुनाव 2027 का बिगुल! भाजपा ने प्रदेश मुख्यालय को चुनाव कार्यालय में बदला, वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शुरू हुई चुनावी तैयारी
राम माधव, सीएम धामी और महेंद्र भट्ट की मौजूदगी में हवन-पूजन के साथ हुआ शुभारंभ; प्रदेश की सभी 70 विधानसभा सीटों पर रणनीति, प्रचार और बूथ प्रबंधन का संचालन यहीं से होगा
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 26 Nov, 2026 08:27 PMदेहरादून, 24 नवंबर। उत्तराखण्ड विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी चुनावी तैयारियों को औपचारिक रूप से गति देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में भाजपा ने देहरादून स्थित प्रदेश मुख्यालय को विधिवत रूप से प्रदेश चुनाव कार्यालय में परिवर्तित कर दिया। सोमवार को प्रदेश प्रभारी एवं भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राम माधव, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट की मौजूदगी में वैदिक मंत्रोच्चार, हवन और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर चुनाव कार्यालय का शुभारंभ किया गया।
भाजपा का यह कदम आगामी विधानसभा चुनाव के लिए संगठनात्मक तैयारियों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब प्रदेश मुख्यालय से ही राज्य की सभी विधानसभा सीटों के लिए चुनावी रणनीति, प्रचार अभियान, जनसंपर्क कार्यक्रमों और बूथ स्तर तक संगठनात्मक गतिविधियों का समन्वय किया जाएगा। पार्टी ने चुनावी प्रबंधन को व्यवस्थित करने के लिए कार्यालय परिसर में विभिन्न विभागों और समितियों के संचालन की विशेष व्यवस्थाएं भी की हैं।
हवन-पूजन के साथ चुनावी अभियान का औपचारिक आगाज
प्रदेश चुनाव कार्यालय के शुभारंभ के अवसर पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन में आहुतियां दीं। इस दौरान प्रदेश की सुख-समृद्धि, जनता के कल्याण और आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी की सफलता के लिए प्रार्थना की गई।
कार्यक्रम में प्रदेश प्रभारी राम माधव, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, सह प्रभारी अरविंद मेनन, प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा, प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, दीप्ति रावत, तरुण बंसल और प्रदेश कार्यालय सचिव जगमोहन रावत सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, दायित्वधारी और वरिष्ठ कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यालय परिसर को सरकार और संगठन की उपलब्धियों एवं विकास कार्यों को प्रदर्शित करने वाले स्वरूप में भी सजाया गया है। इसके साथ ही भाजपा का प्रदेश मुख्यालय अब चुनावी प्रबंधन और संगठनात्मक समन्वय के प्रमुख केंद्र के रूप में कार्य करेगा।
संविधान दिवस पर बाबा साहब को दी श्रद्धांजलि
चुनाव कार्यालय के शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान संविधान दिवस के अवसर पर भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर को भी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बाबा साहब के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके विचारों एवं संवैधानिक आदर्शों को अपने आचरण में अपनाने का संकल्प लिया।
प्रदेश की सभी विधानसभा सीटों की रणनीति बनेगी यहीं से : महेंद्र भट्ट
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि भाजपा का सांगठनिक प्रदेश कार्यालय अब विधानसभा चुनाव तक चुनावी प्रबंधन और समन्वय के मुख्य केंद्र के रूप में काम करेगा। प्रदेश चुनाव कार्यालय का विधिवत संचालन शुरू होना पार्टी की चुनावी तैयारियों का महत्वपूर्ण पड़ाव है।
उन्होंने बताया कि इसी कार्यालय से प्रदेश की सभी विधानसभा सीटों के लिए चुनावी रणनीति तैयार करने के साथ प्रचार अभियान, जनसंपर्क कार्यक्रमों और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय स्थापित किया जाएगा। चुनाव से संबंधित विभिन्न विभागों और समितियों के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं, जिससे सूचनाओं का आदान-प्रदान और चुनावी गतिविधियों का जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन तेजी से किया जा सके।
भट्ट ने कहा कि आने वाले समय में जिलों और विधानसभा स्तर पर भी चुनाव कार्यालय शुरू किए जाएंगे, जिससे संगठन की तैयारियों को प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र तक पहुंचाया जा सके।
2027 में जीत की हैट्रिक लगाने का लक्ष्य
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश चुनाव कार्यालय का संचालन शुरू होना वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में जीत की हैट्रिक लगाने की दिशा में पहला महत्वपूर्ण कदम है। पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए उन्होंने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और संगठन की नीतियों को लेकर जनता के बीच जाने का आह्वान किया।
उन्होंने विश्वास जताया कि देवभूमि की जनता के आशीर्वाद और पार्टी कार्यकर्ताओं के परिश्रम से भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत हासिल करेगी।
प्रदेश मुख्यालय को चुनाव कार्यालय के रूप में सक्रिय करने के साथ भाजपा ने स्पष्ट संकेत दे दिए हैं कि उत्तराखण्ड में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर संगठनात्मक गतिविधियां अब तेज होंगी। आने वाले दिनों में जिला और विधानसभा स्तर पर चुनाव कार्यालयों का गठन तथा बूथ स्तर तक समन्वय की प्रक्रिया पार्टी की चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा रहने वाली है।
आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता
#UttarakhandElection2027 #BJP #PushkarSinghDhami #RamMadhav #MahendraBhatt #UttarakhandPolitics #Dehradun #UttarakhandNews


No Previous Comments found.