भारत पर्व 2026: गुजरात के एकता नगर पहुंचे उत्तराखंड के 10 डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स, तीन दिवसीय अध्ययन यात्रा पर है दल
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 12 Nov, 2026 10:41 PMदेहरादून, 12 नवंबर। भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अंतर्गत प्रेस इन्फॉर्मेशन ब्यूरो (पीआईबी), देहरादून की ओर से उत्तराखंड के 10 डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स का दल गुजरात के एकता नगर (केवड़िया) पहुंचा है। भारत पर्व 2026 के तहत राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आयोजित इस तीन दिवसीय एक्सपोजर टूर का उद्देश्य डिजिटल क्रिएटर्स को देश की एकता, सांस्कृतिक विविधता और विकास यात्रा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं से रूबरू कराना है। यह दल 12 से 14 नवंबर तक गुजरात के दौरे पर रहेगा।
इस अध्ययन यात्रा के दौरान प्रतिभागियों को राष्ट्रीय महत्व के आयोजनों, आधुनिक तकनीकी विकास, बुनियादी ढांचे और विभिन्न विकास परियोजनाओं की जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। इसके साथ ही डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स अपने अनुभवों और जानकारियों को विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से आमजन तक पहुंचाएंगे।
पीआईबी देहरादून की संयुक्त निदेशक साक्षी सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल मीडिया इकोसिस्टम औपचारिक संचार व्यवस्था के एक महत्वपूर्ण स्तंभ के रूप में उभरा है। डिजिटल फर्स्ट की सोच के अनुरूप भारत सरकार की प्राथमिकता है कि विभिन्न राज्यों के डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स को राष्ट्रीय महत्व के आयोजनों, भारत की एकता एवं विविधता और देश की विकास यात्रा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों से परिचित कराया जाए। इसी उद्देश्य से उत्तराखंड के क्रिएटर्स के लिए यह एक्सपोजर टूर आयोजित किया गया है।
उन्होंने कहा कि इस अध्ययन यात्रा के माध्यम से उत्तराखंड के डिजिटल क्रिएटर्स को देश में हो रही तकनीकी प्रगति और बुनियादी ढांचे के विकास को नजदीक से देखने और समझने का अवसर मिलेगा। डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार के साथ कंटेंट क्रिएटर्स जनकल्याणकारी योजनाओं, राष्ट्रीय निर्णयों और विकास से जुड़ी उपलब्धियों को अपनी भाषा और रचनात्मक शैली में युवा पीढ़ी एवं आम जनता तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
साक्षी सिंह के अनुसार, क्रिएटर्स अपनी नवाचारी और दृश्य-श्रव्य प्रस्तुति के माध्यम से नीतिगत विषयों को सरल, सहज और आकर्षक तरीके से लोगों के सामने रखते हैं। ऐसे में उन्हें जमीनी स्तर पर सही और प्रमाणिक जानकारी उपलब्ध कराना आवश्यक है, ताकि उनके माध्यम से व्यापक जनसमुदाय तक तथ्यपरक सूचनाएं पहुंच सकें।
गौरतलब है कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों के डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स को एकता नगर (केवड़िया) में आयोजित भारत पर्व 2026 जैसे राष्ट्रीय आयोजनों से जोड़ने की पहल उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करेगी। पीआईबी देहरादून का यह एक्सपोजर टूर ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की भावना को मजबूत करने के साथ ही देश की विकास परियोजनाओं को प्रत्यक्ष रूप से समझने और उनके बारे में प्रमाणिक डिजिटल सामग्री तैयार करने में सहायक होगा।
इस तरह की पहल से न केवल डिजिटल प्लेटफॉर्म पर देश की विकास गाथा और राष्ट्रीय एकता से जुड़े विषयों को व्यापक पहुंच मिलेगी, बल्कि जमीनी स्तर से प्राप्त प्रमाणिक जानकारी के माध्यम से भ्रामक सूचनाओं पर अंकुश लगाने, जन-जागरूकता बढ़ाने और जनभागीदारी को प्रोत्साहित करने में भी मदद मिलेगी।


No Previous Comments found.