दिसंबर 2026 से बढ़ेगा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं का मानदेय, सीएम धामी का जताया आभार
आंगनबाड़ी संगठनों के प्रतिनिधिमंडलों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से की मुलाकात, कहा- सरकार के फैसले से मिलेगा आर्थिक संबल और बढ़ेगा मनोबल
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 22 Nov, 2026 05:40 PMदेहरादून, 22 नवंबर। उत्तराखंड में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और भोजनमाताओं के मानदेय में दिसंबर 2026 से वृद्धि किए जाने की घोषणा के बाद आंगनबाड़ी संगठनों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया है। रविवार को मुख्यमंत्री आवास में आंगनबाड़ी कार्यकत्री/सेविका कर्मचारी यूनियन उत्तराखंड और उत्तरांचल आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ के प्रतिनिधिमंडलों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर सरकार के इस निर्णय का स्वागत किया।
प्रतिनिधिमंडलों ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से मानदेय बढ़ाने का निर्णय आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को आर्थिक संबल प्रदान करने के साथ उनके मनोबल को भी बढ़ाएगा। उन्होंने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और सहायिकाएं प्रदेश में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण, प्रारंभिक बाल विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। विशेष रूप से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में उनकी सेवाएं अत्यंत सराहनीय हैं।
मातृशक्ति के सम्मान और आर्थिक सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार मातृशक्ति के सम्मान, सशक्तीकरण और आर्थिक सुरक्षा के लिए लगातार प्रयास कर रही है। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और सहायिकाएं समाज की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके समर्पण और योगदान को देखते हुए सरकार उनके हितों के संरक्षण और कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के समग्र विकास में महिलाओं की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। सरकार का प्रयास है कि विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत महिलाओं को बेहतर अवसर, सम्मान और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के सेवाभाव से महिला एवं बाल विकास से जुड़ी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को मजबूती मिल रही है।
दोनों आंगनबाड़ी संगठनों के पदाधिकारी रहे मौजूद
मुख्यमंत्री से मुलाकात करने वाले प्रतिनिधिमंडलों में आंगनबाड़ी कार्यकत्री/सेविका कर्मचारी यूनियन उत्तराखंड की प्रांतीय महासचिव चित्रकला, प्रांतीय कोषाध्यक्ष लक्ष्मी पंत और प्रांतीय उपाध्यक्ष ज्योतिका पांडे शामिल रहीं।
वहीं, उत्तरांचल आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ की प्रदेश महामंत्री वृन्दा, प्रदेश अध्यक्ष भगवती बिष्ट और प्रदेश उपाध्यक्ष राजमती नेगी सहित दोनों संगठनों के अन्य पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता
#Uttarakhand #PushkarSinghDhami #AnganwadiWorkers #UttarakhandNews #Dehradun #WomenEmpowerment #Anganwadi


No Previous Comments found.