स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में काशीपुर और रुद्रपुर का जलवा, मुख्यमंत्री धामी ने दी बधाई
काशीपुर को उत्तराखंड में मिला प्रथम स्थान, जबकि रुद्रपुर ने हिमालयी राज्यों की श्रेणी में हासिल किया पहला पुरस्कार; धामी बोले- अन्य नगर निकाय भी इनसे प्रेरणा लेकर स्वच्छता के क्षेत्र में करें बेहतर प्रदर्शन
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 12 Nov, 2026 10:46 PMदेहरादून, 12 नवंबर। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में उत्तराखंड के दो प्रमुख शहरों काशीपुर और रुद्रपुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य का गौरव बढ़ाया है। काशीपुर को प्रदेश स्तर पर प्रथम पुरस्कार, जबकि रुद्रपुर को हिमालयी राज्यों की श्रेणी में पहला स्थान प्राप्त हुआ है। इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए दोनों शहरों के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और स्वच्छता कर्मियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास में काशीपुर के महापौर दीपक बाली और रुद्रपुर के महापौर विकास शर्मा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के अंतर्गत दोनों नगर निकायों को मिली उपलब्धियों और स्वच्छता के क्षेत्र में किए गए कार्यों की जानकारी दी।
उल्लेखनीय है कि नई दिल्ली में बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय की ओर से स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के तहत काशीपुर को उत्तराखंड में प्रथम स्थान तथा रुद्रपुर को हिमालयी राज्यों की श्रेणी में प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह सम्मान शहरी स्वच्छता, बेहतर अपशिष्ट प्रबंधन और नगर निकायों में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में किए गए उल्लेखनीय प्रयासों के लिए प्रदान किया गया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि काशीपुर और रुद्रपुर को मिली यह उपलब्धि केवल दोनों शहरों के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तराखंड के लिए गौरव का विषय है। यह सम्मान जनप्रतिनिधियों, प्रशासन, कर्मचारियों और आम नागरिकों की सामूहिक प्रतिबद्धता, समर्पण और निरंतर प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में संचालित स्वच्छ भारत मिशन ने देशभर में स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप दिया है। इसी भावना के अनुरूप राज्य सरकार भी स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर शहरों के निर्माण के लिए निरंतर प्रयासरत है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी योजनाओं और व्यवस्थाओं तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि इसे प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी और जीवनशैली का हिस्सा बनाना आवश्यक है। शहरी क्षेत्रों में प्रभावी अपशिष्ट प्रबंधन, कूड़े का वैज्ञानिक निस्तारण, आधुनिक स्वच्छता सुविधाओं का विकास और सार्वजनिक स्थलों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करना समय की आवश्यकता है। इसके लिए जनभागीदारी को और मजबूत बनाने के साथ ही नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।
उन्होंने प्रदेश के अन्य नगर निकायों से काशीपुर और रुद्रपुर की उपलब्धियों से प्रेरणा लेने तथा स्वच्छता के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी शहरी स्थानीय निकाय आपसी समन्वय, नवाचार और प्रभावी कार्यप्रणाली के माध्यम से स्वच्छता के मानकों में लगातार सुधार करें। उन्होंने विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों से उत्तराखंड के शहर स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सतत शहरी विकास के क्षेत्र में देश के लिए आदर्श उदाहरण बनेंगे।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को स्वच्छता संबंधी पहलों को और प्रभावी बनाने, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण तथा आगामी स्वच्छ सर्वेक्षणों में बेहतर परिणाम हासिल करने के लिए किए जा रहे प्रयासों से भी अवगत कराया।
मुलाकात के दौरान शहरी विकास विभाग के निदेशक विनोद गोस्वामी, काशीपुर के नगर आयुक्त रवीन्द्र बिष्ट, रुद्रपुर की नगर आयुक्त शिप्रा जोशी, स्वच्छ भारत मिशन-2.0 के राज्य मिशन प्रबंधक मनोज पांडे तथा सचिव नितेश झा उपस्थित रहे।


No Previous Comments found.