स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26: रुद्रपुर हिमालयी राज्यों में नंबर वन, काशीपुर बना उत्तराखंड का सबसे स्वच्छ शहर

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 12 Nov, 2026 10:54 PM
स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26: रुद्रपुर हिमालयी राज्यों में नंबर वन, काशीपुर बना उत्तराखंड का सबसे स्वच्छ शहर

रुद्रपुर। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले ने स्वच्छता के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। जिले के रुद्रपुर और काशीपुर शहरों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। रुद्रपुर नगर निगम ने क्लीन हिमालयन सिटी श्रेणी में हिमालयी राज्यों के बीच प्रथम स्थान प्राप्त किया है, जबकि काशीपुर नगर निगम उत्तराखंड का सबसे स्वच्छ शहर बना है।

इस उपलब्धि पर ऊधमसिंह नगर के प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा ने दोनों शहरों के महापौरों, जनप्रतिनिधियों, नगर निगम की टीम और शहरवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने रुद्रपुर के महापौर विकास शर्मा और काशीपुर के महापौर दीपक बाली को विशेष रूप से बधाई देते हुए कहा कि दोनों शहरों ने स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पूरे उत्तराखंड का मान बढ़ाया है।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि रुद्रपुर का हिमालयी राज्यों में प्रथम स्थान हासिल करना पूरे जनपद के लिए गौरव का विषय है। वहीं, काशीपुर का उत्तराखंड का सबसे स्वच्छ शहर बनना भी सराहनीय उपलब्धि है। यह सम्मान दोनों नगर निगमों के महापौरों, अधिकारियों, सफाई कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों के सामूहिक प्रयासों, समर्पण तथा स्वच्छता के प्रति निरंतर प्रतिबद्धता का परिणाम है।

उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सरकार या नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। शहरों को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए जनभागीदारी बेहद जरूरी है। इसके लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने और स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लेना चाहिए।

प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा ने विश्वास व्यक्त किया कि रुद्रपुर और काशीपुर भविष्य में भी स्वच्छता के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करेंगे। उन्होंने दोनों शहरों के महापौरों, नगर निगम की पूरी टीम, सफाई कर्मियों और समस्त जनपदवासियों को इस उपलब्धि के लिए एक बार फिर बधाई देते हुए स्वच्छता के प्रयासों को निरंतर जारी रखने की अपील की।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.