उत्तराखंड में 20 से 27 नवंबर तक चलेगा मतदाता सूची का विशेष अभियान, बीएलओ करेंगे घर-घर जाकर जांच
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने मतदाताओं से नाम, पता और अन्य विवरणों का सत्यापन करने की अपील की; नाम जुड़वाने के लिए फार्म-6 और संशोधन के लिए फार्म-8 से करना होगा आवेदन
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 18 Nov, 2026 08:25 PMदेहरादून। उत्तराखंड में मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने के लिए 20 से 27 नवंबर, 2026 तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत संचालित विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) कार्यक्रम के दौरान बूथ लेवल अधिकारी (BLO) अपने-अपने बूथ की मतदाता सूची की गहन जांच करेंगे और उसमें पाई जाने वाली त्रुटियों को चिन्हित कर आवश्यक सुधार की कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने बताया कि यह पुनरीक्षण 1 जनवरी, 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर किया जा रहा है। इसका उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी और अद्यतन बनाना है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।
12 नवंबर से 11 दिसंबर तक दर्ज करा सकेंगे दावे और आपत्तियां
मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, मतदाता सूची में नाम शामिल कराने, दर्ज विवरण में संशोधन कराने अथवा अपात्र प्रविष्टि हटाने के लिए 12 नवंबर से 11 दिसंबर, 2026 तक निर्धारित प्रारूपों में दावे और आपत्तियां प्रस्तुत की जा सकती हैं।
इसके लिए नाम जुड़वाने हेतु फार्म-6, मतदाता सूची से नाम हटवाने के लिए फार्म-7 और नाम, पता सहित अन्य विवरणों में संशोधन के लिए फार्म-8 का उपयोग किया जाएगा।
एक से अधिक स्थानों पर दर्ज नामों की होगी जांच
विशेष अभियान के दौरान ऐसे मतदाताओं की प्रविष्टियों को भी चिन्हित किया जाएगा, जिनका नाम एक ही बूथ पर अथवा एक से अधिक निर्वाचन क्षेत्रों में दर्ज है। नियमानुसार आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद अतिरिक्त प्रविष्टियों को हटाया जाएगा।
डॉ. पुरुषोत्तम ने स्पष्ट किया कि लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 17 और 18 के अनुसार कोई भी व्यक्ति एक से अधिक निर्वाचन क्षेत्रों में अथवा एक ही निर्वाचन क्षेत्र में एक से अधिक बार मतदाता के रूप में पंजीकृत नहीं हो सकता।
मतदाता परिवार के सभी सदस्यों के नाम और विवरण जांचें
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने प्रदेश के सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे वर्तमान मतदाता सूची में अपना और परिवार के सभी पात्र सदस्यों का नाम, पता, आयु तथा अन्य विवरण अवश्य जांच लें। किसी भी प्रकार की त्रुटि मिलने पर निर्धारित अवधि के भीतर फार्म-8 के माध्यम से संबंधित बीएलओ के पास आवेदन जमा करें। वहीं, 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए फार्म-6 भर सकते हैं।
ऑनलाइन भी देख सकते हैं मतदाता सूची
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 12 नवंबर, 2026 को प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची जिला निर्वाचन कार्यालयों, उप जिलाधिकारी कार्यालयों, तहसील कार्यालयों और संबंधित बीएलओ के पास उपलब्ध है। मतदाता ऑनलाइन भी अपना नाम और विवरण देख सकते हैं।
इसके लिए भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट https://voters.eci.gov.in/ और मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखंड की वेबसाइट https://ceo.uk.gov.in/ पर जाकर मतदाता सूची की जांच की जा सकती है।
उन्होंने मतदाताओं से सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं से बचने तथा निर्वाचन संबंधी जानकारी केवल आधिकारिक माध्यमों से प्राप्त करने की अपील की है।
#Uttarakhand #VoterList #SpecialSummaryRevision #ElectionCommission #CEO Uttarakhand #Dehradun #VoterAwareness #YugvartaNews


No Previous Comments found.