सालावाला में ₹1.81 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने किया शिलान्यास
आंतरिक सड़कों और नालियों का होगा निर्माण एवं सुधारीकरण, अधिकारियों को गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 1 Nov, 2026 05:08 PMदेहरादून, 1 नवंबर। मसूरी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत वार्ड संख्या-08 सालावाला स्थित गंगा ग्रीन वैली में ₹181.74 लाख (1.81 करोड़ रुपये से अधिक) की लागत से विभिन्न विकास कार्य कराए जाएंगे। मुख्यमंत्री घोषणा के तहत प्रस्तावित इन कार्यों का रविवार को कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने विधिवत शिलान्यास किया। परियोजना के तहत क्षेत्र के आंतरिक मार्गों का निर्माण एवं सुधारीकरण करने के साथ ही नालियों का निर्माण भी किया जाएगा।
शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्माण कार्यों में उच्च गुणवत्ता के मानकों का पालन सुनिश्चित करने और सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए।
इस अवसर पर मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में केंद्र एवं प्रदेश सरकार जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य कर रही है। सरकार का संकल्प विकास योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और जनता की समस्याओं का समाधान उनके क्षेत्र में ही सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गांवों से लेकर शहरी क्षेत्रों तक सड़क, सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि मसूरी विधानसभा क्षेत्र में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार विकास कार्यों को धरातल पर उतारा जा रहा है। सालावाला में प्रस्तावित निर्माण कार्य पूरे होने के बाद स्थानीय निवासियों को आवागमन में बेहतर सुविधा मिलेगी। साथ ही नालियों के निर्माण से जल निकासी व्यवस्था में सुधार होगा, जिससे क्षेत्रवासियों को राहत मिलेगी और उनके जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आएगा।
मंत्री ने कहा कि एक जनप्रतिनिधि की पहली जिम्मेदारी अपने क्षेत्र की जनता की समस्याओं का समाधान करना और उनकी अपेक्षाओं के अनुरूप विकास कार्य सुनिश्चित करना है। इसी भावना के साथ वे निरंतर जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए प्रयासरत हैं।
कार्यक्रम के दौरान गंगा ग्रीन वैली समिति के पदाधिकारियों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं एवं मांगों को लेकर कैबिनेट मंत्री को ज्ञापन सौंपा। मंत्री गणेश जोशी ने समस्याओं के समाधान के लिए सकारात्मक आश्वासन देते हुए संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष प्रदीप रावत, पार्षद भूपेंद्र कठेत, भाजपा के वरिष्ठ नेता आर.एस. परिहार, केशरी चंद नौटियाल, राम प्रसाद सेमवाल, संजय नौटियाल, दीपक सिंह, सुनीत डंडरियाल, पारस सोनकर, राहुल सिंघल, रवि वर्मा सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।


No Previous Comments found.