एलटी भर्ती के 564 नए चयनित अभ्यर्थियों ने महेंद्र भट्ट का जताया आभार
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने दी बधाई, दस्तावेज सत्यापन और नियुक्ति प्रक्रिया जल्द पूरी कराने का दिया भरोसा
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 30 Aug, 2026 10:00 AMदेहरादून, 29 अगस्त। सहायक अध्यापक (एलटी) भर्ती परीक्षा के संशोधित परिणाम में चयनित 564 नए अभ्यर्थियों ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट से मुलाकात कर भर्ती प्रक्रिया में सहयोग के लिए उनका आभार जताया। भट्ट ने सभी सफल अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और रोजगार के अवसरों को लेकर प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।
भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित मुलाकात के दौरान एलटी परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के प्रतिनिधिमंडल ने भर्ती प्रक्रिया में सामने आई समस्याओं के समाधान और उनके हित में किए गए सहयोग के लिए भट्ट का आभार व्यक्त किया।
संशोधित परिणाम में 564 नए अभ्यर्थी चयनित
उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से पूर्व में प्रकाशित 1,544 पदों की सहायक अध्यापक भर्ती प्रक्रिया में न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में कुछ प्रश्नों के समायोजन के बाद संशोधित परिणाम जारी किया गया। पार्टी की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, संशोधित परिणाम में कटऑफ के दायरे में आने के बाद 564 नए अभ्यर्थी चयन की श्रेणी में आए हैं।
अभ्यर्थियों ने बताया कि इससे पहले भी उन्होंने अपनी समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए महेंद्र भट्ट से मुलाकात की थी। उनके अनुरोध पर प्रदेश अध्यक्ष ने संबंधित उच्च अधिकारियों से बातचीत की थी, जिसके बाद संशोधित परिणाम जारी हुआ।
दस्तावेज सत्यापन और नियुक्ति प्रक्रिया जल्द पूरी करने की मांग
नवचयनित अभ्यर्थियों ने भट्ट को ज्ञापन सौंपकर बताया कि 564 अभ्यर्थियों का दस्तावेज सत्यापन और अंतिम नियुक्ति प्रक्रिया अभी बाकी है। इसके अलावा पूर्व में चयनित अभ्यर्थियों में से करीब 70 अभ्यर्थियों द्वारा कार्यभार ग्रहण न करने अथवा अन्य कारणों से कुछ पद रिक्त बताए गए हैं।
अभ्यर्थियों ने मांग की कि शासन और शिक्षा विभाग के स्तर पर आवश्यक समन्वय स्थापित कर शेष प्रक्रियाओं को जल्द पूरा कराया जाए। उनका कहना है कि इससे लंबे समय से नियुक्ति का इंतजार कर रहे युवाओं को राहत मिलेगी और राजकीय विद्यालयों में शिक्षकों की कमी को भी दूर करने में मदद मिलेगी।
युवाओं के हित में सरकार प्रतिबद्ध: महेंद्र भट्ट
महेंद्र भट्ट ने अभ्यर्थियों की समस्याओं को संवेदनशीलता से सुनते हुए कहा कि राज्य सरकार युवाओं के हितों को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों से वार्ता कर दस्तावेज सत्यापन और नियुक्ति प्रक्रिया को पारदर्शी एवं शीघ्र पूरा कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया।
उन्होंने उम्मीद जताई कि 564 नवचयनित अभ्यर्थियों को जल्द नियुक्ति मिलने के साथ ही प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों के राजकीय विद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर करने में भी मदद मिलेगी। इससे इन विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ मिल सकेगा।



No Previous Comments found.