हर बूथ पर 51 फीसदी से अधिक वोट हासिल करने के लक्ष्य के साथ काम करे भाजपा: अरविंद मेनन
‘संपर्क, संवाद, सहभाग और सेवा’ के मंत्र से जन-जन तक पहुंचे कार्यकर्ता, घर-घर पहुंचाया जाएगा मोदी-धामी सरकार का रिपोर्ट कार्ड
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 22 Nov, 2026 05:33 PMदेहरादून, 22 नवंबर। उत्तराखंड में आगामी चुनावों की तैयारियों को लेकर भाजपा ने बूथ प्रबंधन और जनसंपर्क अभियान को तेज करने की रणनीति पर काम शुरू कर दिया है। भाजपा के प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन ने रविवार को कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रत्येक बूथ पर पार्टी को मजबूत बनाने और 51 फीसदी से अधिक वोट हासिल करने के लक्ष्य के साथ योजनाबद्ध तरीके से काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन की वास्तविक ताकत बूथ स्तर पर होती है और हर बूथ पर कमल खिलाने के संकल्प के साथ कार्यकर्ताओं को जुटना होगा।
अरविंद मेनन ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को ‘संपर्क, संवाद, सहभाग और सेवा’ के मूल मंत्र को अपनाते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग तक अपनी पहुंच बनानी होगी। इसके लिए बूथ स्तर पर व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने के साथ अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ना जरूरी है। उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी कार्यक्रमों को पूरी मजबूती, सक्रियता और समर्पण के साथ धरातल पर उतारा जाए, ताकि संगठन की पकड़ जमीनी स्तर पर और मजबूत हो सके।
घर-घर पहुंचेगा मोदी-धामी सरकार का रिपोर्ट कार्ड
भाजपा प्रदेश सह प्रभारी ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार और उत्तराखंड की धामी सरकार के विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का रिपोर्ट कार्ड जारी किया जाएगा। पार्टी कार्यकर्ता इसे घर-घर तक पहुंचाकर जनता को सरकार की उपलब्धियों से अवगत कराएंगे।
उन्होंने कहा कि जनसंपर्क के पारंपरिक तरीकों के साथ सोशल मीडिया और प्रचार-प्रसार के आधुनिक माध्यमों का भी प्रभावी इस्तेमाल किया जाना चाहिए। कार्यकर्ता व्यक्तिगत संपर्क के जरिए जनता के बीच जाएं और मोदी-धामी सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों पर व्यापक संवाद स्थापित करें।
कांग्रेस पर भ्रष्टाचार को लेकर साधा निशाना
अपने संबोधन में अरविंद मेनन ने कांग्रेस पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर कांग्रेस के शासनकाल और उसके राजनीतिक चरित्र को उजागर करने का आह्वान किया।
कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा, “यदि भ्रष्टाचार का कोई ओलंपिक या खेल होता, तो उसमें गोल्ड मेडल सिर्फ और सिर्फ कांग्रेस को ही मिलता। कांग्रेस ने अपने शासनकाल में अंग्रेजी वर्णमाला के ‘A’ से लेकर ‘Z’ तक कोई ऐसा अक्षर नहीं छोड़ा है, जिसके नाम से कोई घोटाला न किया हो।”
हर बूथ पर जीत सुनिश्चित करने का आह्वान
मेनन ने पार्टी के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से डबल इंजन सरकार की नीतियों, विकास कार्यों और राष्ट्रवाद के विचार को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर संगठन की मजबूती, प्रभावी जनसंपर्क और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी के माध्यम से भाजपा को आगामी चुनावों में मजबूत स्थिति में पहुंचाना है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर निर्धारित लक्ष्य की दिशा में काम करने और उत्तराखंड के प्रत्येक बूथ पर भाजपा की जीत सुनिश्चित करने के संकल्प के साथ जुटने का आह्वान किया।
आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता
#Uttarakhand #BJP #ArvindMenon #PushkarSinghDhami #NarendraModi #Dehradun #UttarakhandPolitics #BJPUttarakhand


No Previous Comments found.