उत्तराखण्ड में विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियां तेज, सभी 70 सीटों पर EVM-VVPAT जागरूकता अभियान शुरू

974 बैलेट यूनिट, 974 कंट्रोल यूनिट और 974 वीवीपैट मशीनों से मतदाताओं को दिया जाएगा प्रशिक्षण; हर विधानसभा क्षेत्र में पहुंचेंगी मोबाइल डेमोंस्ट्रेशन वैन

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 26 Nov, 2026 08:08 PM
उत्तराखण्ड में विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियां तेज, सभी 70 सीटों पर EVM-VVPAT जागरूकता अभियान शुरू

देहरादून। उत्तराखण्ड में आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को लेकर निर्वाचन विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में प्रदेशभर में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) और वोटर वेरिफाएबल पेपर ऑडिट ट्रेल (VVPAT) के उपयोग को लेकर जन-जागरूकता अभियान शुरू कर दिया गया है। इस अभियान के माध्यम से मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया की व्यावहारिक जानकारी दी जाएगी, ताकि वे ईवीएम और वीवीपैट के इस्तेमाल को समझ सकें और आगामी चुनाव में जागरूकता के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने बताया कि विधानसभा चुनाव-2027 में इस्तेमाल होने वाली ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की प्रथम स्तरीय जांच (FLC) पूरी होने के बाद प्रशिक्षण एवं जन-जागरूकता के लिए 974 बैलेट यूनिट (BU), 974 कंट्रोल यूनिट (CU) और 974 वीवीपैट मशीनें निर्धारित की गई हैं। इन मशीनों का चयन मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के अधिकृत प्रतिनिधियों की मौजूदगी में निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों के अनुसार किया गया है।

इस प्रक्रिया में आम आदमी पार्टी, भारतीय जनता पार्टी, बहुजन समाज पार्टी, इंडियन नेशनल कांग्रेस और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के प्रतिनिधि मौजूद रहे। प्रशिक्षण एवं जागरूकता के लिए चयनित मशीनों की सूची भी राजनीतिक दलों के साथ साझा की गई है। भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार इन मशीनों को निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत अलग सुरक्षित वेयरहाउस में रखा जाएगा।

प्रत्येक जिला मुख्यालय पर स्थापित हुए EVM डेमोंस्ट्रेशन सेंटर

मतदाताओं को ईवीएम और वीवीपैट की कार्यप्रणाली समझाने के लिए प्रत्येक जिला निर्वाचन अधिकारी (DEO) और रिटर्निंग ऑफिसर (RO) के मुख्यालय पर ईवीएम डेमोंस्ट्रेशन सेंटर (EDC) स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों पर आम नागरिक मतदान प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन देख सकेंगे और यह समझ सकेंगे कि ईवीएम के माध्यम से वोट कैसे डाला जाता है तथा वीवीपैट के जरिए अपने मत की पुष्टि कैसे की जाती है।

इसके अतिरिक्त प्रदेश की सभी 70 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में मोबाइल डेमोंस्ट्रेशन वैन (MDV) भी तैनात की गई हैं। ये वैन मतदान केंद्रों, गांवों, मोहल्लों, वार्डों और विभिन्न क्लस्टरों तक पहुंचकर लोगों को ईवीएम एवं वीवीपैट के इस्तेमाल की जानकारी देंगी।

चुनाव कार्यक्रम घोषित होने तक जारी रहेगा अभियान

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विधानसभा चुनाव-2027 का कार्यक्रम घोषित किए जाने तक ईवीएम और वीवीपैट से संबंधित व्यावहारिक जन-जागरूकता अभियान जारी रहेगा। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के बाद इस संबंध में जागरूकता गतिविधियां केवल डिजिटल माध्यमों से संचालित की जाएंगी।

अभियान की प्रगति पर नजर रखने के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है। इसके तहत प्रत्येक जिला निर्वाचन अधिकारी और रिटर्निंग ऑफिसर को साप्ताहिक अथवा पाक्षिक आधार पर प्रगति रिपोर्ट मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को उपलब्ध करानी होगी। रिपोर्ट में ईवीएम डेमोंस्ट्रेशन सेंटर और मोबाइल वैन के माध्यम से कवर किए गए मतदान केंद्रों की संख्या, प्रदर्शन देखने वाले लोगों की संख्या तथा मॉकपोल में प्रतिभाग करने वाले नागरिकों का विवरण शामिल होगा। इसके लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित प्रारूप का इस्तेमाल किया जाएगा।

इन जिलों में शुरू हो चुका है जागरूकता अभियान

निर्वाचन विभाग के अनुसार प्रदेश के सभी 13 जनपदों में अलग-अलग तिथियों से जन-जागरूकता कार्यक्रम शुरू किया जा चुका है।

● 16 नवंबर 2026: देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी गढ़वाल, पिथौरागढ़ और चम्पावत।

● 18 नवंबर 2026: टिहरी गढ़वाल, बागेश्वर और नैनीताल।

● 20 नवंबर 2026: चमोली।

● 21 नवंबर 2026: उत्तरकाशी और ऊधमसिंह नगर।

● 25 नवंबर 2026: रुद्रप्रयाग।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी की मतदाताओं से अपील

मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने प्रदेश के सभी मतदाताओं से इस जन-जागरूकता अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मतदाताओं को ईवीएम और वीवीपैट की कार्यप्रणाली की जानकारी प्राप्त करनी चाहिए और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।

निर्वाचन विभाग का यह अभियान आगामी विधानसभा चुनाव से पहले मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया से परिचित कराने, जागरूकता बढ़ाने और लोकतांत्रिक व्यवस्था में उनकी सहभागिता को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता

#Uttarakhand #Election2027 #EVM #VVPAT #VoterAwareness #ChiefElectoralOfficer #Dehradun #UttarakhandNews #Yugvarta


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.