उत्तराखंड न्यूज़ : 2027 चुनाव के लिए भाजपा का बूथ मजबूत करने पर फोकस
काशीपुर में दो दिवसीय कार्यशाला शुरू, 70 विधानसभा क्षेत्रों के विस्तारकों और प्रभारियों को संगठनात्मक प्रशिक्षण
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 13 Oct, 2026 08:18 PMकाशीपुर/देहरादून, 13 अक्टूबर। उत्तराखंड में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में काशीपुर में मंगलवार को भाजपा की दो दिवसीय ‘विधानसभा विस्तारक एवं विधानसभा प्रभारी कार्यशाला’ शुरू हुई। इसमें पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, प्रदेश प्रभारी राम माधव, राष्ट्रीय सह महामंत्री संगठन वी. सतीश, प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार और तरुण बंसल सहित वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
कार्यशाला में प्रदेश की सभी 70 विधानसभा सीटों के लिए नियुक्त विस्तारकों और विधानसभा प्रभारियों की भूमिका, संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा और बूथ प्रबंधन को प्रभावी बनाने पर जोर दिया जा रहा है।
हर बूथ तक संगठन मजबूत करने की तैयारी
मीडिया से बातचीत में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि संगठन की मजबूती पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए इस कार्यशाला का आयोजन किया गया है। प्रदेश की सभी 70 विधानसभा सीटों के विस्तारक और विधानसभा प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने के लिए काम करेंगे।
उन्होंने कहा कि दो दिवसीय कार्यशाला में पार्टी के संगठनात्मक कार्यक्रमों की समीक्षा की जा रही है। इसका उद्देश्य बूथ प्रबंधन को अधिक प्रभावी और सुदृढ़ बनाना है, ताकि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा पार्टी की नीतियों को आम लोगों तक पहुंचाया जा सके।
वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन में होगा प्रशिक्षण
महेंद्र भट्ट के अनुसार, कार्यशाला में शीर्ष नेतृत्व और अनुभवी नेताओं के मार्गदर्शन में कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक गतिविधियों और चुनावी तैयारियों से संबंधित प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके माध्यम से विस्तारकों और प्रभारियों को अपने निर्धारित विधानसभा क्षेत्रों में संगठनात्मक कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने की दिशा में मार्गदर्शन मिलेगा।
पार्टी का जोर जमीनी स्तर पर संगठन की सक्रियता बढ़ाने, बूथ प्रबंधन को बेहतर बनाने और आगामी चुनावों के लिए निर्धारित रणनीति के अनुरूप तैयारियां करने पर है।
दूसरे दिन संयुक्त सत्र का आयोजन
कार्यशाला की रूपरेखा के अनुसार, पहले दिन विधानसभा विस्तारकों के लिए विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। दूसरे दिन विधानसभा विस्तारकों और विधानसभा प्रभारियों का संयुक्त मार्गदर्शन सत्र प्रस्तावित है। इसमें आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, चुनावी रणनीति और जमीनी स्तर पर तैयारियों से जुड़े विषयों पर चर्चा की जाएगी।
भाजपा की यह पहल उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले संगठनात्मक तैयारियों को गति देने और सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में बूथ स्तर पर पार्टी की सक्रियता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है।
आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता
#उत्तराखंड #भाजपा #काशीपुर #महेंद्रभट्ट #विधानसभाचुनाव2027



No Previous Comments found.