उत्तराखंड गौरव सम्मान-2026: 15 विभूतियों को मिलेगा राज्य का सर्वोच्च सम्मान
मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी को मरणोपरांत सम्मान, खेल, चिकित्सा, शिक्षा, कला, पत्रकारिता और पर्यावरण समेत विभिन्न क्षेत्रों की हस्तियों का हुआ चयन
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 4 Nov, 2026 11:34 PMदेहरादून। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश के विकास, प्रतिष्ठा और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 15 विभूतियों को उत्तराखंड गौरव सम्मान पुरस्कार-2026 से सम्मानित किया जाएगा। चयनित महानुभावों को राज्य स्थापना दिवस पर देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह में यह सम्मान प्रदान किया जाएगा।
राज्य के लिए विशेष योगदान देने वाली इन विभूतियों का चयन राजनीतिक एवं शासकीय, चिकित्सा, उद्यमिता, फिल्म, लोक कला, शिक्षा, पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, पर्यावरण और खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में उनके उल्लेखनीय कार्यों के आधार पर किया गया है।
मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी को मरणोपरांत सम्मान
राजनीतिक एवं शासकीय क्षेत्र में विशेष योगदान के लिए स्वर्गीय मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी को मरणोपरांत उत्तराखंड गौरव सम्मान प्रदान किया जाएगा। चिकित्सा के क्षेत्र में डॉ. जीवन सिंह तितियाल और उद्यमिता के क्षेत्र में मनमोहन भारद्वाज को सम्मानित किया जाएगा।
फिल्म जगत में योगदान के लिए अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी, लोक जागर गायन के लिए हेमा नेगी करासी तथा शिक्षा एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में डॉ. गिरीश रंजन तिवारी को इस सम्मान के लिए चुना गया है।
सामाजिक सेवा, पर्यावरण और लोक संस्कृति की हस्तियों को भी सम्मान
सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए अनीता थपलियाल शर्मा और कश्मीर सिंह को उत्तराखंड गौरव सम्मान दिया जाएगा। वहीं, पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में योगदान के लिए पर्यावरणविद सुरेश भाई तथा लोक गायन के क्षेत्र में रेशमा शाह को सम्मानित किया जाएगा।
खेल जगत की पांच प्रतिभाओं को मिलेगा गौरव सम्मान
खेल के क्षेत्र में उत्तराखंड का नाम रोशन करने वाली पांच प्रतिभाओं को भी इस वर्ष सम्मानित किया जाएगा। इनमें क्रिकेटर एकता बिष्ट, भारतीय महिला हॉकी खिलाड़ी वंदना कटारिया, एथलीट अंकिता ध्यानी, मुक्केबाज निकिता चंद और खिलाड़ी कपिल पोखरिया शामिल हैं।
राज्य स्थापना दिवस पर आयोजित होने वाला यह सम्मान समारोह उत्तराखंड की उन प्रतिभाओं और विभूतियों के योगदान को सम्मानित करने का अवसर होगा, जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों में विशिष्ट उपलब्धियां हासिल कर प्रदेश को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई है।


No Previous Comments found.