उत्तराखण्ड गौरव सम्मान-2026: अमित शाह और सीएम धामी ने 15 विभूतियों को किया सम्मानित, मेजर जनरल भुवन चन्द्र खण्डूड़ी को मरणोपरांत मिला सम्मान
राजनीति, चिकित्सा, शिक्षा, पत्रकारिता, कला-संस्कृति, सामाजिक सेवा, पर्यावरण और खेल समेत विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली हस्तियों को मिला राज्य का प्रतिष्ठित सम्मान
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 6 Nov, 2026 03:17 PMदेहरादून, 06 नवंबर। उत्तराखण्ड राज्योत्सव-2026 के अवसर पर राज्य की 15 विशिष्ट विभूतियों को उत्तराखण्ड गौरव सम्मान पुरस्कार-2026 से सम्मानित किया गया। शुक्रवार को देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित भव्य समारोह में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली इन विभूतियों को सम्मान प्रदान किया। सम्मानित होने वालों में पूर्व मुख्यमंत्री एवं स्वर्गीय मेजर जनरल भुवन चन्द्र खण्डूड़ी भी शामिल रहे, जिन्हें मरणोपरांत यह सम्मान दिया गया।
राज्य के विकास, सामाजिक उत्थान, शिक्षा, चिकित्सा, उद्यमिता, कला-संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण और खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली इन हस्तियों को सम्मानित कर सरकार ने उनके योगदान को विशेष पहचान दी।
मेजर जनरल भुवन चन्द्र खण्डूड़ी को मरणोपरांत सम्मान
उत्तराखण्ड गौरव सम्मान-2026 के तहत राजनीतिक एवं शासकीय क्षेत्र में विशिष्ट योगदान के लिए स्वर्गीय मेजर जनरल भुवन चन्द्र खण्डूड़ी को मरणोपरांत सम्मानित किया गया। चिकित्सा क्षेत्र में उल्लेखनीय सेवाओं के लिए डॉ. जीवन सिंह तितियाल, उद्यमिता के क्षेत्र में मनमोहन भारद्वाज तथा फिल्म जगत में योगदान के लिए अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी को सम्मान प्रदान किया गया।
इसी क्रम में लोक जागर गायन के क्षेत्र में विशिष्ट पहचान बनाने वाली हेमा नेगी करासी और शिक्षा एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए डॉ. गिरीश रंजन तिवारी को उत्तराखण्ड गौरव सम्मान से नवाजा गया।
सामाजिक सेवा और पर्यावरण संरक्षण में योगदान को भी मिला सम्मान
सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए अनीता थपलियाल शर्मा और कश्मीर सिंह को सम्मानित किया गया। वहीं, पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पर्यावरणविद् सुरेश भाई को भी उत्तराखण्ड गौरव सम्मान प्रदान किया गया। लोक गायन के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान रखने वाली रेशमा शाह को भी इस अवसर पर सम्मानित किया गया।
खेल प्रतिभाओं ने भी बढ़ाया उत्तराखण्ड का गौरव
खेल के क्षेत्र में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर उत्तराखण्ड का नाम रोशन करने वाले पांच खिलाड़ियों को भी इस प्रतिष्ठित सम्मान से सम्मानित किया गया। इनमें क्रिकेटर एकता बिष्ट, हॉकी खिलाड़ी वंदना कटारिया, एथलीट अंकिता ध्यानी, मुक्केबाज निकिता चंद और खिलाड़ी कपिल पोखरिया शामिल हैं।
विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की पहल
उत्तराखण्ड गौरव सम्मान राज्य की उन विभूतियों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का माध्यम है, जिन्होंने अपने कार्यों, उपलब्धियों और समर्पण से प्रदेश की पहचान को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत किया है। इस सम्मान के जरिए न केवल विशिष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाले लोगों के योगदान को पहचान दी जाती है, बल्कि नई पीढ़ी को भी समाज सेवा, रचनात्मकता और प्रदेश के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने की प्रेरणा मिलती है।
उत्तराखण्ड राज्योत्सव के अवसर पर आयोजित इस सम्मान समारोह ने प्रदेश की विविध प्रतिभाओं, उपलब्धियों और गौरवशाली योगदान को एक मंच पर प्रस्तुत किया।


No Previous Comments found.