गढ़ी कैंट में ₹14 लाख से अधिक के विकास कार्यों की रखी गई आधारशिला, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने किया शिलान्यास
डाकरा क्षेत्र में सीसी सड़क, सार्वजनिक पार्क के सौंदर्यीकरण और सत्यनारायण मंदिर में टिन शेड निर्माण कार्य होंगे; स्थानीय लोगों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 10 Nov, 2026 10:05 PMदेहरादून, 10 नवंबर 2026। मसूरी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत गढ़ी कैंट में विकास कार्यों को गति देते हुए कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने मंगलवार को सत्यनारायण मंदिर परिसर में विधायक निधि से स्वीकृत ₹14 लाख से अधिक की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास किया। ये कार्य वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत स्वीकृत किए गए हैं।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ के ध्येय वाक्य के साथ आमजन की सेवा और प्रदेश के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार की प्राथमिकता गांव-गांव और क्षेत्र-क्षेत्र तक सड़क, सुरक्षा एवं बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना है।
उन्होंने कहा कि मसूरी विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है। क्षेत्र की स्थानीय आवश्यकताओं और जनता की मांग के अनुरूप विभिन्न विकास योजनाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है। इन कार्यों के पूरा होने से स्थानीय निवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी, आवागमन सुगम होगा और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री ने सत्यनारायण मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। साथ ही श्रद्धालुओं को प्रसाद भी वितरित किया।
डाकरा क्षेत्र में इन तीन विकास कार्यों का होगा निर्माण
विधायक निधि से स्वीकृत योजनाओं के तहत गढ़ी कैंट के डाकरा क्षेत्र में तीन प्रमुख विकास कार्य कराए जाएंगे।
1. शास्त्री नगर में सीसी सड़क निर्माण: ₹50 हजार की लागत से सीसी सड़क का निर्माण कराया जाएगा।
2. सार्वजनिक पार्क का सौंदर्यीकरण: डाकरा स्थित सार्वजनिक पार्क के सौंदर्यीकरण पर ₹2.50 लाख खर्च किए जाएंगे।
3. सत्यनारायण मंदिर में टिन शेड निर्माण: मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ₹11 लाख की लागत से टिन शेड का निर्माण कराया जाएगा।
कार्यक्रम में राज्यमंत्री ज्योति कोटिया, मंडल अध्यक्ष राजीव गुरंग, विष्णु गुप्ता, मेघा भट्ट, जयराम सिंह सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।


No Previous Comments found.