भाजपा का आरोप: कांग्रेस कार्यकर्ता BLO और BLA-2 को धमका रहे
चुनाव आयोग से मिला भाजपा प्रतिनिधिमंडल, SIR में बाधा डालने वालों पर कानूनी कार्रवाई की मांग
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 22 Aug, 2026 08:00 PMदेहरादून, 22 अगस्त। उत्तराखंड में चल रही विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया को लेकर भाजपा ने कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। भाजपा का दावा है कि प्रदेश के कई स्थानों पर कांग्रेस कार्यकर्ता कथित तौर पर बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) और भाजपा के बूथ लेवल एजेंट (BLA-2) को धमका रहे हैं और मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य में बाधा डालने का प्रयास कर रहे हैं।
इसी मामले को लेकर भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं SIR प्रक्रिया के पार्टी प्रभारी तरुण बंसल के नेतृत्व में पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने चुनाव आयोग को लिखित शिकायत सौंपते हुए SIR प्रक्रिया में व्यवधान डालने वाले लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की।
‘SIR संवैधानिक प्रक्रिया, बाधा डालने का अधिकार नहीं’
भाजपा की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया जारी है। इसमें सभी राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता बूथ स्तर पर BLA-1 और BLA-2 के रूप में सहयोग कर रहे हैं। भाजपा का आरोप है कि कुछ स्थानों पर कांग्रेस कार्यकर्ता कथित तौर पर अन्य लोगों के साथ मिलकर BLO और भाजपा के BLA-2 को धमका रहे हैं।
तरुण बंसल ने कहा कि SIR एक संवैधानिक प्रक्रिया है और इसमें किसी को भी व्यवधान डालने का अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि पुनरीक्षण के दौरान कुछ मतदाताओं के नाम एक से अधिक राज्यों में होने, मतदाता की मृत्यु होने या स्थानांतरित हो जाने जैसी स्थितियां सामने आ रही हैं। ऐसे मामलों में निर्धारित प्रक्रिया के तहत आपत्तियां दर्ज की जा रही हैं।
भाजपा का आरोप है कि ऐसी आपत्तियों के बाद कुछ स्थानों पर शिकायतकर्ताओं, BLO और भाजपा के BLA-2 पर दबाव बनाने तथा उन्हें धमकाने के प्रयास किए जा रहे हैं। पार्टी ने इसे सरकारी कार्य में बाधा डालने का मामला बताते हुए निर्वाचन आयोग से ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की मांग की।
त्रुटिहीन मतदाता सूची बनाने की मांग
भाजपा ने आयोग से आग्रह किया कि SIR प्रक्रिया में बाधा डालने वाले व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि राज्य में स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से पुनरीक्षण का कार्य पूरा किया जा सके और त्रुटिहीन मतदाता सूची तैयार हो।
प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल के अलावा प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल गोयल, अधिवक्ता अरविंद जैन, राजकुमार पुरोहित, हिमांशु संगथानी और करुण दत्ता शामिल रहे।
आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता



No Previous Comments found.