सोंग नदी को प्रदूषण और AMR से बचाने की पहल तेज, वैज्ञानिक मॉडलिंग से तैयार होगी कायाकल्प की कार्ययोजना
दिलीप जावलकर ने कहा– नदी का स्वास्थ्य सुरक्षित रखना समय की सबसे बड़ी जरूरत, जल संरक्षण और विभागीय समन्वय पर दिया जोर
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 23 Nov, 2026 04:58 PMदेहरादून, 23 नवंबर। उत्तराखंड में नदियों को प्रदूषण मुक्त बनाने और जलजनित रोगाणुरोधी प्रतिरोध (Antimicrobial Resistance-AMR) की बढ़ती चुनौती से निपटने के लिए सोंग नदी बेसिन में व्यापक स्तर पर पहल शुरू की गई है। इसके तहत इंटरनेशनल वाटर मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट (IWMI) और इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी रुड़की (IIT Roorkee) के संयुक्त तत्वावधान में 23 और 24 नवंबर को दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय कार्यशाला आयोजित की जा रही है। इसमें विशेषज्ञों, वैज्ञानिकों और विभिन्न सरकारी विभागों के प्रतिनिधियों ने सोंग नदी के प्रदूषण नियंत्रण, पारिस्थितिकी संरक्षण और पुनर्जीवन के लिए वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक समाधान विकसित करने पर मंथन किया।
कार्यशाला का विषय ‘Co-designing One Health Interventions for Water Pollution and Waterborne Antimicrobial Resistance (AMR) at River Basin Scale in Uttarakhand’ रखा गया है। CGIAR के सस्टेनेबल एनिमल एंड एक्वाटिक फूड्स (SAAF) कार्यक्रम के तहत संचालित इस पहल में ‘वन हेल्थ’ दृष्टिकोण अपनाया गया है। इसका उद्देश्य जल, पर्यावरण, पशु स्वास्थ्य और मानव स्वास्थ्य के बीच संबंधों को ध्यान में रखते हुए जल प्रदूषण और रोगाणुरोधी प्रतिरोध की समस्या का समग्र समाधान तलाशना है।
कार्यशाला के मुख्य अतिथि जलागम सचिव एवं मुख्य परियोजना निदेशक, जलागम प्रबंधन निदेशालय (WMD) दिलीप जावलकर ने कहा कि सोंग नदी के स्वास्थ्य को सुरक्षित और बेहतर बनाए रखना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। इसके लिए जल प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण, जल संरक्षण और विभिन्न विभागों के बीच मजबूत समन्वय के साथ नदी के कायाकल्प को प्राथमिकता देनी होगी। उन्होंने कहा कि नदी की पारिस्थितिकी को संरक्षित करने के साथ ही जनस्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी बेहद जरूरी है। इसके लिए वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ जमीनी स्तर पर ठोस कार्रवाई की आवश्यकता है।
वैज्ञानिक मॉडलिंग से चिह्नित होंगे प्रदूषण के हॉटस्पॉट
कार्यशाला में सोंग नदी बेसिन में प्रदूषण के प्रमुख स्रोतों, उनके प्रसार के मार्गों और रोगाणुरोधी प्रतिरोध (AMR) के संभावित हॉटस्पॉट की पहचान पर विशेष जोर दिया गया। इसके लिए जल गुणवत्ता निगरानी और जलविज्ञान मॉडलिंग की आधुनिक तकनीकों का उपयोग किया जाएगा। SWAT और BFTM मॉडलिंग के साथ डिजिटल ट्विन तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित पूर्वानुमान ढांचे के माध्यम से नदी बेसिन की मौजूदा स्थिति का वैज्ञानिक आकलन करने और संभावित जोखिमों को समझने की दिशा में काम किया जा रहा है।
प्रो. सुमित सेन ने प्रस्तुत किया नदी बेसिन का मॉडलिंग अध्ययन
IIT रुड़की के प्रो. सुमित सेन ने सोंग नदी बेसिन में जल प्रदूषण और AMR की चुनौती से निपटने के लिए एकीकृत मॉडलिंग तथा विभिन्न हस्तक्षेपों के संभावित प्रभावों का आकलन करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कार्यशाला के दौरान SWAT और BFTM मॉडलिंग के माध्यम से नदी बेसिन की स्थिति और विभिन्न हस्तक्षेप परिदृश्यों को प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर तैयार योजनाएं नदी के प्रभावी पुनर्जीवन और प्रदूषण नियंत्रण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।
नदी कायाकल्प के लिए तैयार होगा साझा समाधान ढांचा
कार्यशाला का एक प्रमुख उद्देश्य सोंग नदी के पुनर्जीवन के लिए साझा ‘वन हेल्थ’ मार्गदर्शक ढांचा तैयार करना है। इसके साथ ही भूमि, जल और खाद्य प्रणालियों में प्रदूषण तथा जलजनित AMR को कम करने के लिए बहुक्षेत्रीय ‘कैटलॉग ऑफ सॉल्यूशंस’ विकसित करने पर भी चर्चा की जा रही है। इसमें प्रदूषण के स्रोत से लेकर मानव और पर्यावरण पर पड़ने वाले प्रभावों तक पूरी प्रक्रिया को ध्यान में रखा जाएगा।
दो दिवसीय कार्यशाला में सिंचाई विभाग, प्रदूषण नियंत्रण, पशुपालन, जनस्वास्थ्य, नदी कायाकल्प से जुड़े विभागों के साथ ICAR, BAIF, WHO और अन्य शोध एवं सरकारी संस्थानों के विशेषज्ञ भाग ले रहे हैं। विभिन्न विभागों और संस्थानों के बीच समन्वय स्थापित कर एक साझा कार्ययोजना तैयार करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
विशेषज्ञों का मानना है कि सोंग नदी बेसिन में इस तरह का एकीकृत प्रयास उत्तराखंड में जल प्रदूषण और AMR की चुनौती से निपटने के लिए महत्वपूर्ण आधार तैयार कर सकता है। कार्यशाला का व्यापक उद्देश्य वैज्ञानिक शोध को जमीनी कार्रवाई से जोड़ते हुए नदी के पारिस्थितिक स्वास्थ्य, जल संसाधनों और जनस्वास्थ्य की दीर्घकालिक सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता


No Previous Comments found.