मुख्यमंत्री धामी की पहल से 8 वर्षीय देव के इलाज का रास्ता साफ, सरकार उठाएगी पूरा खर्च

लोहियाहेड के टिक्की विक्रेता रवि शर्मा के बेटे की मुख्यमंत्री ने ली सुध; डॉक्टरों की टीम ने घर पहुंचकर किया स्वास्थ्य परीक्षण, MRI के बाद तय होगा आगे का उपचार

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 31 Aug, 2026 11:42 PM
मुख्यमंत्री धामी की पहल से 8 वर्षीय देव के इलाज का रास्ता साफ, सरकार उठाएगी पूरा खर्च

देहरादून/लोहियाहेड, 31 अगस्त। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की संवेदनशील पहल से लोहियाहेड निवासी रवि शर्मा के 8 वर्षीय बेटे देव के इलाज की राह आसान हो गई है। बच्चे की गंभीर स्वास्थ्य समस्या की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री ने उसके समुचित उपचार के लिए आवश्यक सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने और इलाज में होने वाला पूरा खर्च सरकार की ओर से वहन करने के निर्देश दिए हैं।

दरअसल, मुख्यमंत्री धामी हाल ही में लोहियाहेड में स्थानीय व्यवसायी रवि शर्मा की दुकान पर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने वहां टिक्की खाई और रवि शर्मा से बातचीत की। बातचीत के दौरान रवि शर्मा ने मुख्यमंत्री को अपने 8 वर्षीय बेटे देव की स्वास्थ्य संबंधी समस्या के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि देव बचपन से ही गंभीर स्वास्थ्य समस्या से जूझ रहा है और उसके हाथ-पैर काम नहीं करते हैं। परिवार लंबे समय से उसका उपचार करा रहा है और देहरादून के इंद्रेश अस्पताल में भी बच्चे का इलाज कराया जा चुका है।

मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद सोमवार देर शाम प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम रवि शर्मा के लोहियाहेड स्थित आवास पहुंची। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एसके गोस्वामी, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी और उपजिलाधिकारी तुषार सैनी समेत चिकित्सकों की टीम ने बच्चे की स्थिति का जायजा लिया।

इस दौरान ऑर्थो विशेषज्ञ चिकित्साधिकारी डॉ. एचएस ऐरी और मुख्य चिकित्साधिकारी ने देव का स्वास्थ्य परीक्षण किया। चिकित्सकों ने बच्चे के पूर्व उपचार, अब तक कराई गई जांचों और मेडिकल हिस्ट्री की भी जानकारी ली, ताकि आगे के उपचार की दिशा सही तरीके से तय की जा सके।

चिकित्सकों ने बच्चे की वर्तमान स्थिति और पूर्व उपचार की जानकारी का आकलन करने के बाद आगे के उपचार से पहले MRI जांच कराने की सलाह दी है। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद बच्चे के उपचार की अगली प्रक्रिया निर्धारित की जाएगी। जिलाधिकारी ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को MRI जांच तत्काल कराने के निर्देश दिए।

प्रशासन की ओर से बच्चे और उसके अभिभावकों को जिला चिकित्सालय तक पहुंचाने के लिए वाहन और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि देव के बेहतर उपचार के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएं और इलाज में किसी तरह की कमी न रहने पाए।

मुख्यमंत्री की इस पहल से देव के परिवार को अब उसके बेहतर और समुचित उपचार की उम्मीद जगी है। परिवार ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए बच्चे के इलाज की जिम्मेदारी लेने और तत्काल प्रशासनिक कार्रवाई शुरू कराने के लिए धन्यवाद दिया है।

मुख्यमंत्री धामी की पहल ने एक बार फिर यह संदेश दिया है कि सरकार की प्राथमिकता केवल योजनाओं और घोषणाओं तक सीमित नहीं, बल्कि जरूरतमंद परिवारों की व्यक्तिगत समस्याओं के समाधान तक भी है। देव के मामले में अब MRI रिपोर्ट के बाद विशेषज्ञ चिकित्सकों की सलाह के आधार पर आगे का उपचार तय किया जाएगा।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2