भाजपा की ‘सेवा ज्योति यात्रा’ 7 अक्टूबर को, प्रदेश प्रभारी, सीएम धामी और प्रदेश अध्यक्ष करेंगे नेतृत्व
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के वर्चुअल संबोधन से होगी शुरुआत, सभी जिलों और विधानसभा क्षेत्रों में होंगे कार्यक्रम
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 6 Oct, 2026 11:59 PMदेहरादून, 6 अक्टूबर 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने और भाजपा के ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत उत्तराखंड में 7 अक्टूबर को ‘विकसित भारत संकल्प एवं सेवा ज्योति यात्रा’ निकाली जाएगी। प्रदेश के सभी जिलों और विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में पार्टी के प्रदेश सह प्रभारी, सांसद, कैबिनेट मंत्री और प्रदेश पदाधिकारी बतौर ‘सेवा ज्योति यात्रा’ के सहभागी मौजूद रहेंगे।
प्रदेश महामंत्री एवं सेवा संकल्प अभियान के संयोजक कुंदन परिहार ने बताया कि ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में सेवा, जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाना तथा विकसित भारत के संकल्प को व्यापक जनभागीदारी से आगे बढ़ाना है।
देहरादून में परेड ग्राउंड से निकलेगी यात्रा
देहरादून में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से भाजपा कार्यकर्ता सुबह परेड ग्राउंड स्थित बहुउद्देशीय भवन में एकत्रित होंगे। यहां ‘सेवा ज्योति सभा’ आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का वर्चुअल संबोधन होगा। इसके बाद प्रधानमंत्री के नेतृत्व में ‘विकसित भारत’ का सामूहिक संकल्प दिलाया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा सेवा ज्योति प्रज्ज्वलित की जाएगी। इसके बाद सेवा ज्योति यात्रा के दीप को लैंसडाउन चौक तक ले जाकर स्थापित किया जाएगा। पार्टी के अनुसार इसी तर्ज पर प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों और विधानसभा क्षेत्रों में भी सेवा ज्योति यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ आम नागरिकों की भी भागीदारी रहेगी।
जिलों में इन नेताओं की रहेगी प्रमुख भागीदारी
भाजपा की ओर से जारी जानकारी के अनुसार उत्तरकाशी में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और टिहरी लोकसभा सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह कार्यक्रम में शामिल होंगी। टिहरी में प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट और कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल मौजूद रहेंगे।
ऊधम सिंह नगर में प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन और कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, जबकि हरिद्वार में सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा, राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी तथा कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक और प्रदीप बत्रा कार्यक्रम में शामिल होंगे।
इसी क्रम में पौड़ी में पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी और कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत; पिथौरागढ़ में प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत; बागेश्वर में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा; अल्मोड़ा में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य और प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल; चंपावत में कैबिनेट मंत्री खजान दास; नैनीताल में सांसद अजय भट्ट तथा चमोली में विधायक अनिल नौटियाल और भोपाल राम टम्टा शामिल होंगे।
भाजपा के मुताबिक, ‘सेवा ज्योति यात्रा’ के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों तक पहुंचाने के साथ ही विकसित भारत के लक्ष्य के प्रति जनभागीदारी बढ़ाने का संदेश दिया जाएगा।
आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता
#BJP #SevaJyotiYatra #SevaSankalpAbhiyan #Uttarakhand #PushkarSinghDhami #NarendraModi #NitinNabin #ViksitBharat #BJPUttarakhand



No Previous Comments found.