पेंशनरों के लिए विशेष अभियान शुरू, 30 नवंबर तक डीएलसी और पेंशन संबंधी समस्याओं का होगा समाधान

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 11 Nov, 2026 12:17 PM
पेंशनरों के लिए विशेष अभियान शुरू, 30 नवंबर तक डीएलसी और पेंशन संबंधी समस्याओं का होगा समाधान

देहरादून, 11 नवंबर। पेंशनरों को डिजिटल जीवित प्रमाण पत्र (डीएलसी) जमा करने में होने वाली तकनीकी दिक्कतों से राहत दिलाने और पेंशन से जुड़ी अन्य समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने के लिए साइबर कोषागार, देहरादून की ओर से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। राष्ट्रव्यापी डिजिटल जीवित प्रमाण पत्र (डीएलसी) अभियान-5 के अंतर्गत यह अभियान 30 नवंबर 2026 तक संचालित होगा। इसका उद्देश्य पेंशनरों को डिजिटल जीवित प्रमाण पत्र के उपयोग के प्रति प्रोत्साहित करने के साथ उनकी समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण करना है।

साइबर कोषागार में करा सकेंगे समस्याओं का समाधान

मुख्य कोषाधिकारी, साइबर कोषागार देहरादून बी.एन. पाण्डेय ने साइबर कोषागार से पेंशन प्राप्त करने वाले सभी पेंशनरों से अभियान का लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने बताया कि जिन पेंशनरों को डिजिटल जीवित प्रमाण पत्र जमा करने में तकनीकी परेशानी हो रही है या पेंशन से संबंधित किसी अन्य समस्या का सामना करना पड़ रहा है, वे किसी भी कार्यदिवस में साइबर कोषागार पहुंचकर अपनी शिकायत का समाधान करा सकते हैं।

इसके लिए पेंशनरों को साइबर कोषागार, 23 लक्ष्मी रोड, डालनवाला, देहरादून में उपस्थित होना होगा।

ये दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य

मुख्य कोषाधिकारी ने बताया कि शिकायतों के निस्तारण और डीएलसी प्रक्रिया में सहायता के लिए पेंशनर अपने साथ जीआरडी नंबर, आधार कार्ड, बैंक पासबुक और स्मार्टफोन अवश्य लेकर आएं। इन दस्तावेजों की मदद से संबंधित समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया को सुगम बनाया जा सकेगा।

शिकायत निवारण अधिकारी से इन नंबरों पर करें संपर्क

पेंशन संबंधी शिकायतों और अभियान से जुड़ी जानकारी के लिए साइबर कोषागार देहरादून में नामित शिकायत निवारण अधिकारी एवं उपकोषाधिकारी परमीत सिंह से संपर्क किया जा सकता है। इसके लिए मोबाइल नंबर 7500370037 और 7590900090 जारी किए गए हैं।

मुख्य कोषाधिकारी बी.एन. पाण्डेय ने पेंशनरों से अपील की है कि वे 30 नवंबर 2026 तक चलने वाले इस विशेष अभियान का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और डिजिटल जीवित प्रमाण पत्र जमा करने के साथ-साथ पेंशन से जुड़ी लंबित समस्याओं का समय रहते समाधान सुनिश्चित कराएं।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.