उत्तराखंड : नवंबर में लगेंगे 3 बड़े रोजगार मेले, पॉलिटेक्निक युवाओं को मिलेगा मौका
तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने निर्माण कार्य समय पर पूरा करने और कॉलेजों में आधुनिक लैब, बेहतर पुस्तकालय व छात्रावास सुविधाएं उपलब्ध कराने के दिए निर्देश
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 16 Oct, 2026 08:51 PMदेहरादून, 16 अक्टूबर 2026। उत्तराखंड में तकनीकी शिक्षा को बेहतर बनाने और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में राज्य सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने शुक्रवार को विभागीय समीक्षा बैठक में आगामी नवंबर माह में बड़े स्तर पर तीन रोजगार मेले आयोजित करने के निर्देश दिए। इन मेलों में पॉलिटेक्निक से उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं के साथ अन्य बेरोजगार युवाओं को भी शामिल किया जाएगा।
आमवाला स्थित आईआरडीटी सभागार में आयोजित बैठक के दौरान मंत्री ने राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेजों में चल रहे निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विद्यार्थियों को आधुनिक प्रयोगशालाओं, बेहतर पुस्तकालयों और आवश्यक शैक्षणिक सुविधाओं का लाभ समय पर मिलना चाहिए।
नवंबर में होंगे तीन रोजगार मेले
डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि राज्य सरकार का मुख्य उद्देश्य युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। इसी क्रम में उन्होंने अधिकारियों को नवंबर में तीन बड़े रोजगार मेले आयोजित करने की तैयारियां अभी से शुरू करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि इन रोजगार मेलों में केवल पॉलिटेक्निक उत्तीर्ण विद्यार्थियों तक ही अवसर सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि अन्य बेरोजगार युवाओं को भी शामिल किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक अभ्यर्थियों को रोजगार पाने का अवसर मिल सके।
छात्रावासों और आधुनिक सुविधाओं पर जोर
समीक्षा बैठक में तकनीकी शिक्षा मंत्री ने उन राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेजों में छात्रावास निर्माण के प्रस्तावों की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) प्राथमिकता के आधार पर शासन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, जहां इसकी आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि पॉलिटेक्निक कॉलेजों में पढ़ने वाले कई छात्र-छात्राएं छात्रावासों में रहते हैं। ऐसे में उन्हें बेहतर शैक्षणिक और आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराना जरूरी है। इसके लिए उन्होंने अधिकारियों को आधुनिक प्रयोगशालाओं, पुस्तकालयों, खेल सामग्री, शुद्ध पेयजल, ओपन जिम और पर्याप्त फर्नीचर की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रस्ताव शीघ्र शासन को भेजने को कहा।
आठ पॉलिटेक्निक कॉलेजों में निर्माण कार्य अंतिम चरण में
बैठक में विभागीय अधिकारियों ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, राजकीय पॉलिटेक्निक लोहाघाट, सल्ट, दन्या, गरुड़, गैरसैंण, नई टिहरी, पंतनगर और काशीपुर में भवन निर्माण कार्य अंतिम चरण में हैं। इन्हें जल्द पूरा करने की दिशा में काम किया जा रहा है।
मंत्री ने निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता मानकों का पालन किया जाए और निर्धारित समयसीमा के भीतर उन्हें पूरा किया जाए, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हो सके।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
समीक्षा बैठक में सचिव तकनीकी शिक्षा डॉ. रंजीत सिन्हा, उप सचिव ब्योमकेश दुबे, निदेशक सचिव यूबीटीआर मुकेश पांडे, संयुक्त निदेशक एस.के. वर्मा, उप निदेशक एम.के. कन्याल सहित विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता
#UttarakhandNews #DhanSinghRawat #TechnicalEducation #Polytechnic #EmploymentFair #YouthEmployment #Dehradun #Yugvarta



No Previous Comments found.