सेवा संकल्प अभियान के तहत 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक लगेंगे ‘सेवा सेतु, सरकार आपके द्वार’ शिविर
हर ब्लॉक और तहसील स्तर पर होंगे शिविर, सरकारी योजनाओं की जानकारी के साथ पात्र लाभार्थियों को मिलेगा योजनाओं का लाभ
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 19 Sep, 2026 07:13 PMदेहरादून। सेवा संकल्प अभियान के तहत उत्तराखंड में 25 सितंबर से 7 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा सेतु, सरकार आपके द्वार’ शिविर आयोजित किए जाएंगे। शनिवार को सचिवालय में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में शिविरों की तैयारियों और व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि अभियान के तहत प्रदेश के सभी जनपदों में ब्लॉक और तहसील स्तर पर शिविर लगाए जाएंगे। शिविरों में स्वास्थ्य एवं बहुउद्देशीय कैंप के साथ केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए विभिन्न विभागों के स्टॉल और प्रदर्शनी लगाई जाएंगी।
शिविरों के दौरान पात्र लाभार्थियों का चयन कर उन्हें संबंधित योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ आवेदन पत्र भरने की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। विशेषज्ञ चिकित्सकों की मौजूदगी में मेडिकल कैंप आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा ट्री प्रोटेक्शन एक्ट और मानव-वन्यजीव संघर्ष से जुड़े विषयों पर भी आमजन को जागरूक किया जाएगा।
कैबिनेट मंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को शिविरों की तिथि, स्थल, नोडल अधिकारी, संबंधित योजनाओं और विभागीय उपलब्धियों सहित विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पूर्व में आयोजित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रमों से अलग स्थानों पर शिविर आयोजित किए जाएं, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा सके। शिविरों के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए होर्डिंग्स और बैनर लगाने के निर्देश भी दिए गए।
राज्य आपदा प्रबंधन के उपाध्यक्ष डॉ. विनय रोहिला ने बताया कि ‘सेवा सेतु’ अभियान 25 सितंबर से 7 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। प्रत्येक तहसील और ब्लॉक स्तर पर आयोजित होने वाला शिविर कम से कम तीन दिन संचालित किया जाएगा। कार्यक्रमों की रिपोर्टिंग भी सुनिश्चित की जाएगी।
महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी ने बताया कि शिविरों में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे। साथ ही लाभार्थियों का चयन, आवेदन की सुविधा, सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों की सफलता की कहानियों का प्रस्तुतीकरण और पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया की जाएगी।
बैठक में सचिव विनय शंकर पाण्डेय, सी. रविशंकर, राजेन्द्र कुमार, अपर सचिव रोहित मीणा, सीसीएफ वन राहुल, सीडीओ देहरादून अभिनव शाह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों और मुख्य विकास अधिकारियों ने वर्चुअल माध्यम से बैठक में भाग लिया।
आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता
#Uttarakhand #SevaSankalpAbhiyan #SevaSetu #GovernmentAtYourDoor #UttarakhandNews



No Previous Comments found.