सीएम धामी और परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने 59 नई बसों को दिखाई हरी झंडी, उत्तराखंड परिवहन निगम के बेड़े में शामिल हुईं BS-6 बसें
पर्वतीय और दुर्गम क्षेत्रों में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था होगी मजबूत, यात्रियों को मिलेंगी सुरक्षित एवं सुविधाजनक सेवाएं
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 5 Nov, 2026 04:04 PMदेहरादून। उत्तराखंड में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास से उत्तराखंड परिवहन निगम की 59 नई साधारण बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा भी मौजूद रहे। बीएस-6 उत्सर्जन मानकों के अनुरूप तैयार इन बसों के निगम के बेड़े में शामिल होने से प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन सेवाओं की क्षमता बढ़ेगी। विशेष रूप से पर्वतीय एवं दुर्गम क्षेत्रों में यात्रियों को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध कराने में इन बसों की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन सेवाओं के विस्तार और आधुनिकीकरण के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य में परिवहन व्यवस्था का विशेष महत्व है। सरकार की प्राथमिकता है कि दूरस्थ एवं दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भी सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक परिवहन सेवाएं उपलब्ध हों। उन्होंने कहा कि प्रदेश के अंतिम छोर पर बसे गांवों तक विकास की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए बेहतर सड़क संपर्क के साथ मजबूत सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था भी आवश्यक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नई बसों के संचालन से विभिन्न क्षेत्रों के बीच संपर्क मजबूत होगा और स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ प्रदेश में आने वाले पर्यटकों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी। सरकार का प्रयास है कि उत्तराखंड के प्रत्येक क्षेत्र को बेहतर कनेक्टिविटी से जोड़ा जाए, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों में आर्थिक एवं सामाजिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिल सके।
इस अवसर पर परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि प्रदेश सरकार सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। बीएस-6 मानक की नई बसों के संचालन से आमजन को बेहतर यातायात सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही दूरस्थ एवं पर्वतीय क्षेत्रों में परिवहन सेवाओं का विस्तार होने से स्थानीय नागरिकों को आवागमन में विशेष सहूलियत मिलेगी।
तीन मंडलों में आवंटित की गईं 59 नई बसें
उत्तराखंड परिवहन निगम की ओर से इन 59 नई बसों का आवंटन प्रदेश के तीन मंडलों में किया गया है। इसके तहत नैनीताल मंडल को 19 बसें, जबकि टनकपुर मंडल और देहरादून मंडल को 20-20 बसें आवंटित की गई हैं। इन बसों का संचालन विभिन्न मार्गों पर यात्रियों की आवश्यकता के अनुसार किया जाएगा। इससे संबंधित क्षेत्रों में सार्वजनिक परिवहन सेवाओं की उपलब्धता बढ़ाने में मदद मिलेगी।
निगम के बेड़े में अब 1,335 बसें
वर्तमान में उत्तराखंड परिवहन निगम के बेड़े में कुल 1,276 बसें संचालित हैं। इनमें निगम की अपनी 891 बसें और 385 अनुबंधित बसें शामिल हैं। 59 नई बसों के शामिल होने के बाद निगम के बेड़े की कुल संख्या 1,335 हो जाएगी। नई बसों के संचालन से निगम की परिवहन सेवाओं को अतिरिक्त क्षमता मिलेगी।
बीएस-6 उत्सर्जन मानकों के अनुरूप ये बसें पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी योगदान देंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सार्वजनिक परिवहन सेवाओं को अधिक सुरक्षित, विश्वसनीय और सुविधाजनक बनाना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए परिवहन विभाग और उत्तराखंड परिवहन निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी तथा प्रदेशवासियों, विशेषकर पर्वतीय क्षेत्रों के निवासियों को नई बस सेवाओं की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर समाज कल्याण मंत्री खजान दास, विधायक भूपाल राम टम्टा, सचिव एवं परिवहन आयुक्त रविनाथ रामन सहित परिवहन विभाग और उत्तराखंड परिवहन निगम के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


No Previous Comments found.