छात्र संघ चुनावों में छात्राओं को मिलेगा 50 फीसदी प्रतिनिधित्व: धन सिंह रावत

उच्च शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों को तीन दिन में प्रस्ताव भेजने के दिए निर्देश, कहा- विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में 65 फीसदी से अधिक हैं छात्राएं

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 12 Sep, 2026 10:13 PM
छात्र संघ चुनावों में छात्राओं को मिलेगा 50 फीसदी प्रतिनिधित्व: धन सिंह रावत

देहरादून, 12 सितंबर 2026। उत्तराखंड के राजकीय महाविद्यालयों और विश्वविद्यालय परिसरों में होने वाले छात्र संघ चुनावों में छात्राओं को 50 फीसदी प्रतिनिधित्व देने की दिशा में सरकार ने कदम बढ़ाया है। उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने राज्य विश्वविद्यालयों के कुलपतियों को छात्र संघ और छात्र परिषदों में प्रतिनिधित्व के मौजूदा ढांचे में आवश्यक संशोधन करने के निर्देश दिए हैं।

उच्च शिक्षा विभाग की समीक्षा को लेकर डॉ. धन सिंह रावत ने अपने शासकीय आवास से अधिकारियों और विश्वविद्यालयों के कुलपतियों के साथ ऑनलाइन वर्चुअल बैठक की। बैठक में छात्र संघ चुनावों में छात्राओं को 50 फीसदी प्रतिनिधित्व दिए जाने के निर्णय के क्रियान्वयन में हो रही देरी पर उन्होंने अधिकारियों से नाराजगी जताई और तीन दिन के भीतर शासन को प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए।

मंत्री ने सभी राज्य विश्वविद्यालयों के कुलपतियों से छात्र परिषद और छात्र संघों में प्रतिनिधित्व के वर्तमान ढांचे में संशोधन की प्रक्रिया जल्द पूरी करने को कहा। इसके साथ ही छात्र संघ चुनावों की तिथियां निर्धारित प्रक्रिया के तहत शीघ्र घोषित करने के निर्देश भी दिए गए।

65 फीसदी से अधिक छात्राएं, इसलिए प्रतिनिधित्व जरूरी

डॉ. रावत ने कहा कि वर्तमान में राज्य के विश्वविद्यालय परिसरों और महाविद्यालयों में छात्राओं की संख्या 65 फीसदी से अधिक है। ऐसे में छात्र संघ और छात्र परिषदों में उनकी पर्याप्त भागीदारी सुनिश्चित करना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि 50 फीसदी प्रतिनिधित्व मिलने से छात्राओं को अपनी समस्याओं, सुझावों और मुद्दों को छात्र संघ एवं छात्र परिषद के मंच पर प्रभावी ढंग से रखने का अवसर मिलेगा। इससे छात्राओं का आत्मविश्वास बढ़ने के साथ ही उच्च शिक्षण संस्थानों में महिला नेतृत्व को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य छात्राओं की भागीदारी को केवल औपचारिक रूप से बढ़ाना नहीं, बल्कि उन्हें छात्र राजनीति और संस्थागत निर्णय प्रक्रिया में प्रभावी भूमिका के लिए अवसर उपलब्ध कराना है।

कुलपतियों और अधिकारियों के साथ हुई वर्चुअल बैठक

बैठक में दून विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल, सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एस.एस. बिष्ट, उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति एवं कुमाऊं विश्वविद्यालय के प्रभारी कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी, संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. रमाकांत पाण्डेय, श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अम्बरीश महाजन, अपर सचिव उच्च शिक्षा मनुज गोयल और संयुक्त निदेशक उच्च शिक्षा प्रो. ए.एस. उनियाल सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

सेवा संकल्प अभियान से युवाओं को जोड़ेंगे शिक्षण संस्थान

वर्चुअल बैठक के दौरान उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने राज्य के सभी विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में युवाओं को ‘सेवा संकल्प अभियान’ से जोड़ने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक प्रदेश के राजकीय एवं निजी उच्च शिक्षण संस्थानों में व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जाएगा। अभियान में राज्यपाल, मुख्यमंत्री, कैबिनेट मंत्री और विधायक भी विभिन्न कार्यक्रमों में प्रतिभाग करेंगे।

मंत्री के अनुसार, ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ कार्यक्रम के तहत शिक्षण संस्थानों में विकसित भारत के संकल्प पर भाषण, चित्रकला और निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा युवा संवाद कार्यक्रमों में एनसीसी, एनएसएस, रोवर-रेंजर्स और मेधावी छात्र सेवा कार्यों से जुड़ी अपनी प्रेरक कहानियां साझा करेंगे।

अभियान के दौरान ‘सेवा ही संकल्प’, वृक्षारोपण, स्वच्छता सहित विभिन्न सामाजिक गतिविधियों का भी आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा। मंत्री ने अधिकारियों को अभियान से जुड़ी सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।

आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता

#Uttarakhand #DhanSinghRawat #StudentUnionElection #HigherEducation #WomenEmpowerment #UttarakhandNews #SevaSankalpAbhiyan #StudentPolitics


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2