चंपावत में अब ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट, 50 लाख की लागत से मिली बड़ी स्वास्थ्य सुविधा

मुख्यमंत्री धामी ने वर्चुअल माध्यम से किया लोकार्पण, बोले- आपात स्थिति में मरीजों को समय पर मिलेंगे जरूरी रक्त घटक

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 20 Aug, 2026 07:09 PM
चंपावत में अब ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट, 50 लाख की लागत से मिली बड़ी स्वास्थ्य सुविधा

चंपावत, 20 अगस्त 2026। चंपावत में स्वास्थ्य सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। जिला चिकित्सालय चंपावत में करीब 50 लाख रुपये की लागत से स्थापित ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट का गुरुवार को लोकार्पण किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यक्रम को वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चंपावत को आदर्श जिला बनाने के संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए राज्य सरकार लगातार काम कर रही है। स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

पहली बार चंपावत में मिली यह सुविधा

मुख्यमंत्री ने कहा कि ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट की स्थापना से जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिलेगी। इसके जरिए रक्त को अलग-अलग आवश्यक घटकों में विभाजित कर जरूरत के अनुसार मरीजों को उपलब्ध कराया जा सकेगा। आपातकालीन परिस्थितियों में इससे जीवनरक्षक रक्त घटक समय पर उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

चंपावत जिले में पहली बार यह सुविधा शुरू हुई है। इससे पहले कुमाऊं मंडल के जिला चिकित्सालयों में ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन की सुविधा रुद्रपुर और पिथौरागढ़ में उपलब्ध थी।

20 करोड़ से बना क्रिटिकल केयर ब्लॉक

मुख्यमंत्री ने बताया कि जिला चिकित्सालय चंपावत में करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से 50 बेड का अत्याधुनिक क्रिटिकल केयर ब्लॉक तैयार किया गया है। इसके अलावा अस्पताल में सीटी स्कैन, एमआरआई और डायलिसिस यूनिट जैसी सुविधाएं भी स्थापित की जा चुकी हैं।

उन्होंने बताया कि अस्पताल के लोअर ग्राउंड फ्लोर पर पार्किंग तथा प्रथम और द्वितीय तल पर डायग्नोस्टिक विंग और ऑपरेशन थिएटर के निर्माण पर करीब 11.71 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।

पार्किंग और बुनियादी सुविधाओं पर भी फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि चंपावत को आदर्श जिला बनाने के लिए स्वास्थ्य के साथ-साथ सड़क, परिवहन, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं को भी मजबूत किया जा रहा है। जिले में विभिन्न मोटर मार्गों के निर्माण और चौड़ीकरण के साथ जाम की समस्या के समाधान के लिए आधुनिक पार्किंग सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।

चंपावत रोडवेज स्टेशन में 62 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से आधुनिक बहुमंजिला पार्किंग एवं शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण कार्य शुरू होने वाला है। मां पूर्णागिरि धाम, रीठा साहिब और पर्यटन आवास गृह में भी पार्किंग सुविधाओं के विकास का कार्य किया गया है।

66 करोड़ से सिटी ड्रेनेज, 240 करोड़ से पेयजल व्यवस्था

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिले की भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए आधारभूत ढांचे को मजबूत किया जा रहा है। चंपावत में 66 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से आधुनिक सिटी ड्रेनेज सिस्टम विकसित किया जा रहा है। भूमिगत विद्युत लाइनों का काम भी तेजी से आगे बढ़ रहा है।

इसके अलावा जिले की पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 240 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है। साइंस सेंटर, महिला स्पोर्ट्स कॉलेज और आधुनिक आईएसबीटी जैसी परियोजनाओं को भी जिले के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया गया।

स्वास्थ्य सेवाओं को बनाया जा रहा आधुनिक और जन-केंद्रित: सुबोध उनियाल

स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक, सुलभ और जन-केंद्रित बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। चंपावत जिला चिकित्सालय में ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट शुरू होने से गंभीर और आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को आवश्यक रक्त घटक स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगे।

उन्होंने कहा कि इससे मरीजों को समय पर उपचार मिलने में मदद मिलेगी और गंभीर मामलों में अन्य जिलों के अस्पतालों पर निर्भरता भी कम होगी।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि चंपावत को विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में उत्तराखंड का आदर्श मॉडल बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जिले के प्रत्येक गांव को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

कार्यक्रम में सचिव स्वास्थ्य विनय शंकर पाण्डेय, दायित्वधारी सुभाष बगौली, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश चन्द्र तिवारी, भाजपा नेता सतीश पाण्डेय सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता

#Champawat #Uttarakhand #PushkarSinghDhami #HealthServices #BloodComponentSeparation #Healthcare #UttarakhandGovernment #चंपावत #उत्तराखंड #स्वास्थ्यसेवा


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.