उत्तराखण्ड में धामी सरकार ने पेश किया 5 साल का रिपोर्ट कार्ड, 10 साल की उपलब्धियों के साथ जनता के बीच जाएगी भाजपा
35 हजार से अधिक सरकारी नौकरियां, 3.10 लाख लखपति दीदी और एक लाख करोड़ से ज्यादा निवेश धरातल पर उतारने का दावा; सीएम धामी बोले- विकास, सुशासन, विरासत और आत्मनिर्भरता के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा उत्तराखण्ड
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 26 Nov, 2026 08:23 PMदेहरादून, 26 नवंबर। उत्तराखण्ड में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच भारतीय जनता पार्टी ने अपनी सरकार के पांच वर्ष के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने पेश किया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को देहरादून में आयोजित पत्रकार वार्ता में सरकार की उपलब्धियों का विस्तृत लेखा-जोखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखण्ड विकास, सुशासन, सांस्कृतिक विरासत और आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने स्पष्ट किया कि पार्टी पांच वर्ष के रिपोर्ट कार्ड के साथ ही पिछले दस वर्षों की उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच जाएगी और विकास के मुद्दे पर जनादेश मांगेगी।
आईएसबीटी के समीप एक निजी संस्थान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रदेश की जनता ने सरकार को सेवा का अवसर और विश्वास दिया है। सरकार ने अपने दोनों कार्यकाल में विकास और जनकल्याण को प्राथमिकता देते हुए रोजगार, स्वरोजगार, महिला सशक्तिकरण, किसान कल्याण, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और आधारभूत ढांचे के विस्तार के लिए अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का मूल मंत्र ‘विकास भी, विरासत भी’ रहा है। इसके तहत जहां आधुनिक बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया गया, वहीं प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान, धार्मिक परंपराओं और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने पर भी विशेष ध्यान दिया गया।
कोरोना काल में राहत से लेकर विकास के नए अध्याय तक
मुख्यमंत्री ने अपने पहले कार्यकाल की चुनौतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि कोरोना महामारी के दौरान सरकार ने संवेदनशीलता और सेवा भाव के साथ प्रभावित लोगों तक सहायता पहुंचाई। कोविड वॉरियर्स को प्रोत्साहन एवं सम्मान राशि दी गई। पर्यटन, परिवहन और संस्कृति क्षेत्र के प्रभावित लोगों के लिए लगभग 200 करोड़ रुपये, चिकित्सा क्षेत्र के लिए 205 करोड़ रुपये तथा महिला स्वयं सहायता समूहों और स्वरोजगार से जुड़े लाभार्थियों के लिए 118 करोड़ रुपये के राहत पैकेज स्वीकृत किए गए।
कोविड प्रभावित परिवारों के निराश्रित बच्चों को मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना के माध्यम से आर्थिक एवं सामाजिक सुरक्षा प्रदान की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2022 में दोबारा जनता का आशीर्वाद मिलने के बाद सरकार ने विकास के एजेंडे को और व्यापक स्वरूप दिया।
किसान और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती, 11,500 से अधिक लोगों को स्वरोजगार
किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए सरकार ने स्टेट मिलेट्स पॉलिसी, कीवी नीति, ड्रैगन फ्रूट नीति और उत्तराखण्ड महक क्रांति नीति लागू की है। कीवी उत्पादन में 70 प्रतिशत और ड्रैगन फ्रूट की खेती में 80 प्रतिशत तक सब्सिडी का प्रावधान किया गया है।
महक क्रांति के तहत 23 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में सुगंधित फसलों की खेती और सात अरोमा वैली विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है। पशुपालन, बकरीपालन और भेड़पालन के माध्यम से 11,500 से अधिक लोगों को स्वरोजगार से जोड़ा गया है। वहीं, बद्री गाय के घी को जीआई टैग मिलना प्रदेश की पारंपरिक पहचान और स्थानीय उत्पादों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में प्रस्तुत किया गया।
3.10 लाख से अधिक महिलाएं बनीं लखपति दीदी
महिला सशक्तिकरण को सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण का कानूनी अधिकार दिया गया है। प्रदेश में 3.10 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।
स्वयं सहायता समूहों को पांच लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड की बिक्री छह करोड़ रुपये के पार पहुंच चुकी है, जिसके माध्यम से लगभग 5,500 महिलाएं आर्थिक गतिविधियों से जुड़ी हैं। इसके अतिरिक्त नंदा गौरा योजना के तहत बेटी के जन्म पर 11 हजार रुपये और 12वीं उत्तीर्ण करने पर 51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है।
साढ़े चार वर्षों में 35 हजार से अधिक सरकारी नौकरियां
युवाओं और रोजगार के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले साढ़े चार वर्षों में 35 हजार से अधिक सरकारी पदों पर नियुक्तियां प्रदान की गई हैं। भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। उपनल कर्मचारियों को समान कार्य के लिए समान वेतन का लाभ दिया गया है।
वैश्विक रोजगार योजना के अंतर्गत जर्मन और जापानी भाषा प्रशिक्षण के 158 केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। अक्टूबर 2026 तक 106 युवाओं को विदेशों में रोजगार उपलब्ध कराया गया है। वहीं, प्रदेश में स्टार्टअप की संख्या लगभग 700 से बढ़कर 1,700 से अधिक हो गई है।
शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में बढ़ीं सुविधाएं
मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तराखण्ड राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है। पीएम श्री योजना के तहत 225 विद्यालयों का चयन किया गया है, जबकि 500 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में वर्चुअल कक्षाएं संचालित हो रही हैं।
स्वास्थ्य क्षेत्र में अटल आयुष्मान उत्तराखण्ड योजना के तहत 63.32 लाख आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं। योजना के माध्यम से 17.36 लाख से अधिक मरीजों को 3,717 करोड़ रुपये से अधिक का कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया गया है। राज्य में छह सरकारी मेडिकल कॉलेज संचालित हैं, जिनमें तीन पिछले पांच वर्षों में शुरू हुए हैं। एम्स ऋषिकेश से देश की पहली हेलीकॉप्टर एम्बुलेंस सेवा का संचालन भी स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया गया।
यूसीसी लागू करने वाला पहला राज्य बना उत्तराखण्ड
सुशासन और कानून व्यवस्था के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड ने 27 जनवरी 2025 को समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू कर स्वतंत्र भारत में यह कदम उठाने वाला पहला राज्य बनने का गौरव हासिल किया।
इसके साथ ही नकल विरोधी कानून, सख्त धर्मांतरण विरोधी कानून और सार्वजनिक एवं निजी संपत्ति क्षति वसूली कानून लागू किए गए। सरकार ने सख्त भू-कानून के माध्यम से पर्वतीय क्षेत्रों की कृषि एवं बागवानी भूमि के संरक्षण की दिशा में भी कदम उठाए हैं।
मुख्यमंत्री के अनुसार, प्रदेश में 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को अवैध अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है। भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई जारी है।
दिल्ली-देहरादून कॉरिडोर से रेल और रोपवे परियोजनाओं तक कनेक्टिविटी का विस्तार
आधारभूत ढांचे के विकास का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि लगभग 12 हजार करोड़ रुपये की लागत से 213 किलोमीटर लंबे दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का शुभारंभ हुआ है। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का लगभग 75 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है।
केदारनाथ और हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजनाओं का शिलान्यास, देहरादून-मसूरी रोपवे का निर्माण, ऋषिकेश बाईपास और विभिन्न रेलवे परियोजनाएं प्रदेश की कनेक्टिविटी को नई दिशा देंगी। प्रदेश में हेलीपोर्ट की संख्या दो से बढ़कर सात और हेलीपैड की संख्या 60 से बढ़कर 118 हो गई है।
चारधाम यात्रा में 65 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
धार्मिक पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत को प्रदेश की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा, शीतकालीन यात्रा, मानसखंड मंदिर माला मिशन और विभिन्न धार्मिक कॉरिडोर परियोजनाओं के माध्यम से उत्तराखण्ड को वर्षभर पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री के अनुसार, इस वर्ष चारधाम यात्रा में 65 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए हैं। हरिद्वार कुंभ-2027 की तैयारियों के लिए 500 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। आदि कैलाश, मुखबा, हनोल और यमुना कॉरिडोर सहित अन्य धार्मिक स्थलों के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
3.56 लाख करोड़ के निवेश समझौते, एक लाख करोड़ से अधिक की ग्राउंडिंग
निवेश और औद्योगिक विकास को लेकर मुख्यमंत्री ने बताया कि दिसंबर 2023 में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में 3.56 लाख करोड़ रुपये के एमओयू किए गए थे, जिनमें से एक लाख एक हजार करोड़ रुपये से अधिक के निवेश की ग्राउंडिंग हो चुकी है। राज्य में निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए 30 से अधिक नई नीतियां तैयार की गई हैं।
ऊर्जा क्षेत्र में सौर ऊर्जा की स्थापित क्षमता वर्ष 2021-22 के 439 मेगावाट से बढ़कर एक हजार मेगावाट से अधिक हो गई है। टिहरी में एक हजार मेगावाट क्षमता के वेरिएबल स्पीड पम्प्ड स्टोरेज प्लांट की चारों इकाइयों का संचालन शुरू होना भी सरकार ने बड़ी उपलब्धि बताया।
पलायन रोकथाम और सीमांत गांवों के विकास पर जोर
मुख्यमंत्री ने बताया कि वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के तहत 51 सीमांत गांवों में 270 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं पर कार्य चल रहा है। मुख्यमंत्री पलायन रोकथाम योजना के माध्यम से 6,500 से अधिक लोगों की गांवों में वापसी हुई है।
आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में सिलक्यारा सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों का सुरक्षित रेस्क्यू, केदारघाटी आपदा के दौरान 15 हजार से अधिक लोगों को बचाने और अन्य आपदा अभियानों में त्वरित कार्रवाई को सरकार की क्षमता का प्रमाण बताया। खेलों के क्षेत्र में 38वें राष्ट्रीय खेलों की सफल मेजबानी और उत्तराखण्ड के खिलाड़ियों द्वारा 103 पदक जीतने को भी महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में गिनाया गया।
विकास सूचकांकों में उत्तराखण्ड की उपलब्धियों का जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के बेहतर समन्वय से प्रदेश में लंबे समय से लंबित विकास परियोजनाओं को गति मिली है। उन्होंने नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्य सूचकांक 2023-24 में उत्तराखण्ड के प्रथम स्थान, निर्यात तैयारी सूचकांक में अग्रणी स्थान और निवेश अनुकूलता सूचकांक-2026 में पर्वतीय एवं पूर्वोत्तर राज्यों में प्रथम स्थान का उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य वर्ष 2047 तक उत्तराखण्ड को विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध राज्यों की अग्रिम पंक्ति में स्थापित करना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और प्रदेश की जनता के सहयोग से सरकार ‘विकसित उत्तराखण्ड, श्रेष्ठ उत्तराखण्ड’ के संकल्प को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है।
10 वर्षों की उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच जाएगी भाजपा : महेंद्र भट्ट
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि पार्टी सरकार की उपलब्धियों को प्रत्येक वर्ष जनता के बीच रखती रही है, लेकिन चुनावी वर्ष में सरकार के कार्यों का विस्तृत लेखा-जोखा प्रस्तुत करना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से रिपोर्ट कार्ड मीडिया के माध्यम से जनता के सामने रखा गया है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को संरक्षित रखते हुए विकास के अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखण्ड के प्रति विशेष लगाव रहा है और केंद्र सरकार ने राज्य की विभिन्न विकास परियोजनाओं में निरंतर सहयोग दिया है।
भट्ट ने कहा कि पिछले दस वर्षों में उत्तराखण्ड ने विकास के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। भाजपा आगामी चुनाव में पांच वर्ष के सरकारी रिपोर्ट कार्ड और दस वर्षों की उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच जाएगी। विकास के कार्य और उपलब्धियां ही पार्टी के चुनावी मुद्दे होंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में भाजपा प्रदेश में तीसरी बार सरकार बनाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि मीडिया और जनता से मिलने वाले सुझावों को सरकार के आगामी कार्यों में शामिल करने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश प्रभारी एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राम माधव, सह प्रभारी अरविंद मेनन, पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, त्रिवेंद्र सिंह रावत, विजय बहुगुणा और तीरथ सिंह रावत, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, सतपाल महाराज, धन सिंह रावत, गणेश जोशी, खजान दास, सुबोध उनियाल, रेखा आर्य और प्रदीप बत्रा सहित पार्टी के अनेक वरिष्ठ नेता, विधायक, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता
#Uttarakhand #PushkarSinghDhami #BJP #UttarakhandGovernment #UttarakhandNews #Dehradun #MahendraBhatt #ReportCard


No Previous Comments found.